ऊना, 15 अगस्त. हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्वतंत्रता दिवस पर ऊना में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला ऊना के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी लेने के उपरांत जिला वासियों को संबोधित किया। इस अवसर पर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं पर आकर्षक झांकियां निकाली गईं तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में ऊना जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों की पुण्य स्मृतियों को नमन किया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता की हिफाजत के लिए बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि आजादी के प्रारंभिक वर्षों में देश में विकास की स्थिति अत्यंत सीमित थी। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद देश में अधिकांश वस्तुएं बाहर से मंगाई जाती थीं, और देश की अर्थव्यवस्था तथा बुनियादी ढांचे की हालत कमजोर थी। जैसे-जैसे देश में लोकतांत्रिक सरकारों ने बागडोर संभाली, योजनाबद्ध तरीके से विकास की प्रक्रिया आरंभ हुई। औद्योगीकरण, अधोसंरचना विस्तार, शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता और रक्षा क्षेत्र में मजबूती जैसे कई क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की।
*हिमाचल के वीरों ने दी देश की सुरक्षा में आहुति
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश की सीमाओं को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुदृढ़ बनाए रखने में हिमाचल प्रदेश के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। विशेष रूप से ऊना जिला सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अनेकों वीर जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी है। यह बलिदान हिमाचल के वीरता और राष्ट्र सेवा के जज़्बे का प्रतीक है।
*प्राकृतिक आपदाओं से उभरने के लिए विशेष सहायता पैकेज
कुलदीप पठानिया ने कहा कि पिछले ढ़ाई वर्षों में प्रदेश के अनेक हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ से बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। ऊना में भी बाढ़ से भारी क्षति हुई है। इस आपदा में अनेक बहुमूल्य जानेें चली गईं। लेकिन प्रदेश सरकार ने अपने सीमित संसाधनों के बावजूद प्रभावितों के लिए मुआवजे में बढ़ोतरी की।
साल 2023 आई भयंकर आपदा में लोगों की मदद के लिए प्रदेश सरकार ने प्रभावितों के आशियानों को पुनः बसाने के लिए 4500 करोड़ रुपये का विशेष आपदा राहत पैकेज जारी करके प्रभावितों की मुआवजा राशि को सात गुना तक बढ़ाया गया।
*प्रेरणादायी हस्तियों-कर्मवीरों को किया सम्मानित
इस मौके विधानसभा अध्यक्ष ने समाजिक जीवन में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले और समाज विकास में योगदान देने वाली प्रेरणादायी हस्तियों तथा विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
*ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, बंगाणा के विधायक विवेक शर्मा, राज्य एससी कमीशन के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, एससी कमीशन के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणजीत राणा, उपायुक्त ऊना जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव, सहायक आयुक्त ऊना वरिंद्र शर्मा, एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान सहित अन्य गणमान्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।