जिला में बरसात के कारण अब तक हुआ 46.17 करोड़ रुपये का नुकसान: उपायुक्त
बिलासपुर, 19 अगस्त: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि जिला में बरसात के कारण अब तक 46.17 करोड़ रूपये का नुकसान आंका गया है। जिसमें लोक निर्माण विभाग का लगभग 41 करोड, जलशक्ति विभाग का लगभग 5 करोड़ रूपये, स्कूल शिक्षा विभाग का लगभग 50 लाख रुपये, पशुपालन विभाग 3 लाख तथा विद्युत बोर्ड का लगभग 5 लाख रुपये का नुकसान शामिल है। उन्होंने बताया कि इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं के चलते 5 लोगों की मृत्यु हुई है तथा एक कच्चा मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है जबकि 6 भवनों को आंशिक रूप नुक्सान हुआ है, जिनमें 4 पक्के मकान तथा एक-एक कच्चा घर व रसोईघर शामिल है। इसके अतिरिक्त 18 गौशालाओं व एक भण्डारकक्ष को भी नुक्सान पंहुचा है।
उन्होंने बताया कि बरसात के कारण जिला में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 3 सड़क बंद हैं, जिसमें बद्धाघाट-कोटला-सोहणी देवी सड़क, कथ्यूण-गुजरेहड़ा-गोचर सड़क तथा पट्टा-मोरसिंघी-मसौर मोड़ सड़क शामिल है। उन्होंने बताया कि बंद सड़कों को शीघ्र खोलने के लिए सम्बन्धित विभाग को निर्देश जारी किए गए है। इसी तरह बरसात के कारण प्रभावित हुई जलशक्ति विभाग की विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की बहाली के लिए भी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने भू-स्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर रखा है तथा उन स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने लोगों से भी आहवान किया है कि वह भारी बरसात के दौरान यदि बहुत आवश्यक न हो तो घर से बाहर न निकले तथा अपनी यात्राओं को स्थगित रहें।
उपायुक्त ने कहा कि बरसात के मौसम के दौरान सर्पदंश के मामले भी सामने आते है। ऐसे में लोग घरों से बाहर निकलते समय विशेष एहतियात बरतें तथा सर्पदंश होने की स्थिति में इलाज के लिए तुरंत नज़दीकी स्वास्थ्य संस्थान पहुंचे। इसके अतिरिक्त झील तथा नदी नालों के किनारे डूबने की घटनाएं भी सामने आती है। ऐसी स्थिति में भी लोग नदी नालों से दूरी बनाए रखें ताकि किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के माध्यम से मौसम तथा सड़कों इत्यादि से सम्बन्धित जानकारी को भी समय-समय पर अपडेट किया जाता है। ऐसे में लोग घर से बाहर निकलते समय जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के माध्यम से मौसम सम्बन्धी जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।