भारी बारिश से अवरुद्ध हुई सड़कों को पीडब्ल्यूडी ने किया बहाल
इस मॉनसून सीजन में जिला में अभी तक लगभग 29.22 करोड़ रुपये के नुक्सान का अनुमान
हमीरपुर 19 अगस्त। जिला हमीरपुर के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार रात और बुधवार सुबह हुई भारी बारिश से काफी नुक्सान हुआ है। जगह-जगह भूस्खलन और पेड़ गिरने से जिले की कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं थीं, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए कुछ घंटों में ही अधिकांश सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया।
सुजानपुर-संधोल सड़क, बदारन-जोल गाहलियां सड़क, कसीरी महादेव-डूहक-छतरूड़ू सड़क, टौणी देवी-उहल सड़क, उहल-जंदड़ू सड़क, लघवाण-टौणी देवी, टियालू-लोहारडा, पंजोत-ललयार, बणी-मटकर और कई अन्य सड़कें भूस्खलन या पेड़ गिरने के कारण कुछ समय के लिए बंद रहीं। अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी एवं लेबर लगाकर अधिकांश सड़कों को तुरंत बहाल कर दिया।
उधर, नादौन उपमंडल में मान खड्ड का जल स्तर बढ़ने के कारण नादौन-गौना-धनेटा सड़क भी अवरुद्ध रही। ग्राम पंचायत कश्मीर में कुछ घरों में मलबा आने की सूचना मिलते ही एसडीएम निशांत शर्मा और बचाव दल बुधवार सुबह ही मौके पर पहुंच गए।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में बुधवार दोपहर तक प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार गत 24 घंटों के दौरान जिले भर में 15 लाख रुपये से अधिक के नुक्सान का अनुमान है। इस दौरान एक पक्का मकान, 4 कच्चे मकान और एक गौशाला भी क्षतिग्रस्त हुई है।
इसी के साथ इस मॉनसून सीजन में 30 जून के बाद जिला हमीरपुर में सरकारी और निजी संपत्ति के नुक्सान का आंकड़ा 29.22 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इस अवधि के दौरान जिला में लोक निर्माण विभाग को सर्वाधिक 24.13 करोड़ का नुक्सान हुआ है। जल शक्ति विभाग को 4.53 करोड़, बिजली बोर्ड को 39.48 लाख और शिक्षा विभाग को दस हजार रुपये की क्षति हुई है। 3 कच्चे मकान ध्वस्त होने से लगभग 7.50 लाख रुपये के नुक्सान का अनुमान है। 9 अन्य कच्चे मकानों और 3 पक्के मकानों को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है, जिससे लगभग साढे चार लाख रुपये का नुक्सान हुआ है। 13 गौशालाओं के क्षतिग्रस्त होने से लगभग 2.70 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी विभागों को किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुक्सान की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि बचाव एवं राहत कार्य तुरंत आरंभ किए जा सकें और प्रभावित लोगों की मदद की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों के दौरान भी जिला में भारी बारिश हो सकती है। इसलिए, सभी जिलावासी विशेष ऐहतियात बरतें और नदी-नालों के पास न जाएं। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी दूर रहें। भारी बारिश में घर से बाहर निकलने का जोखिम न उठाएं। खराब मौसम में पेड़ांे के नीचे आश्रय न लें तथा बिजली की तारों से सुरक्षित दूरी बनाएं रखें। उन्होंने कहा कि ब्यास नदी के किनारे वाले क्षेत्रों के लोग नदी के पास न जाएं। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति में डीईओसी के टॉल फ्री नंबर 1077 या दूरभाष नंबरों 01972-221277, 221377, 221477 और 221877 पर संपर्क किया जा सकता है।
========================================
हमीरपुर में आईटीआई और 10वीं-12वीं पास युवाओं के साक्षात्कार 22 को
वर्ष 2017 से 2025 तक के आईटीआई पासआउट अभ्यर्थी ले सकते हैं भाग
दसवीं और बारहवीं पास अभ्यर्थियों के साक्षात्कार भी लिए जाएंगे
हमीरपुर 19 अगस्त। गुरुग्राम की कंपनी एमास स्किल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड शनिवार 22 अगस्त को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हमीरपुर में प्रसिद्ध कंपनी श्रीराम पिस्टन्स एंड रिंग्स लिमिटेड के लिए कैंपस इंटरव्यू लेगी।
आईटीआई हमीरपुर के प्रधानाचार्य सुभाष शर्मा ने बताया कि इस कैंपस इंटरव्यू में वर्ष 2017 से 2025 तक के आईटीआई पासआउट अभ्यर्थी तथा 10वीं एवं 12वीं पास अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रिशियन, वैल्डर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक व्हीकल, आरएसी, फाउंड्रीमैन, टूल एंड डाई मेकर ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमाधारक इन साक्षात्कार के लिए पात्र होंगे।
चयनित आईटीआई अभ्यर्थियों को अप्रेंटिस (एनएपीएस) के रूप में प्रथम वर्ष में प्रति माह 15,500 रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। द्वितीय वर्ष 18,274 रुपये, तृतीय वर्ष 19,474 रुपये, चौथे वर्ष 20,374 रुपये, पांचवें वर्ष 20,847 रुपये, छठे वर्ष 21,347 रुपये, सातवंे वर्ष 21,872 रुपये तथा आठवें वर्ष 22,397 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा। द्वितीय वर्ष से प्रशिक्षण के साथ ज्वाइनिंग लैटर का भी प्रावधान है।
10वीं एवं 12वीं पास अभ्यर्थियों को कंपनी आईटीआई प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान करेगी। उन्हें प्रथम वर्ष के दौरान 15,500 रुपये मासिक स्टाइपेंड मिलेगा। दूसरे वर्ष 16,300 रुपये तथा तीसरे वर्ष 17,200 रुपये मासिक स्टाइपेंड दिया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को निःशुल्क परिवहन, यूनिफॉर्म एवं जूते तथा कैंटीन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 22 अगस्त को सुबह 10 बजे आईटीआई हमीरपुर में अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों जैसे- दसवीं एवं बारहवीं कक्षा की अंक तालिका, आईटीआई की अंक तालिका एवं प्रोविजनल सर्टिफिकेट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, 8 पासपोर्ट साइज फोटो तथा आधार से लिंक बैंक खाते की पासबुक सहित उपस्थित हों। एनएपीएस पोर्टल के माध्यम से पहले ही अप्रेंटिसशिप पूरी कर चुके अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
अधिक जानकारी के लिए कंपनी के सुपरवाइजर के मोबाइल नंबर 6200441442 पर संपर्क किया जा सकता है।