जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
जिला में कुल 139004 राशन कार्ड धारकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपलब्ध करवाई जा रही आवश्यक वस्तुएं : उपायुक्त
चंबा, 19 अगस्त-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय में किया गया।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जिला में 139004 राशन कार्ड धारकों, जिनकी कुल जनसंख्या 549750 है को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जनवरी माह से 31 जुलाई, 2026 तक खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा कुल 2315 निरीक्षण किए गए और इस अवधि के दौरान विभिन्न 29 अनियमितताएं पाई गईं। साथ ही 10 मामलों में चेतावनी तथा मामलों में 51 हजार रुपये प्रतिभूति एवं मूल्यांतर राशि वसूल की गई। इसी तरह पॉलीथीन कंपाउंडिंग पर 26500 रुपये, गैस सिलेंडर जब्त करने पर 23150 रुपये के साथ कुल 1 लाख 550 रुपए वसूल किए गए।
उपायुक्त ने बताया कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर थोक भंडारण केंद्रों, आटा मिलों, उचित मूल्य की दुकानों से सैंपल एकत्रित किए गए। उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान 60 सैंपल एकत्रित करने के उपरांत जांच हेतु प्रयोगशाला में भेजे गए थे, जिनमें से 1 नमूना सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सही पाया गया है।
उन्होंने बताया कि जिला में कार्यरत 9 गैस एजेंसियों के पास कुल 1 लाख 42 हजार 900 एलपीजी उपभोक्ता पंजीकृत हैं। उक्त अवधि के दौरान 2 लाख 53 हजार 708 एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री की गई।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी का कार्य 96 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल 5 वर्ष तक के बच्चों के अलावा दिव्यांग, जिनकी किसी भी माध्यम से ई-केवाईसी नहीं हो रही है, उन्हें भी छूट प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति द्वारा जिला के विभिन्न स्थानों पर 5 नई उचित मूल्य की दुकानें, 1 स्थान पर दुकानों की शाखाएं, 3 उचित मूल्य की दुकानों का आवंटन तथा 1 स्थान पर करुणामूलक आधार पर उचित मूल्य की दुकानों को आवंटित करने का निर्णय लिया गया।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले को निर्देश देते हुए कहा कि सितंबर माह में होने वाली श्री मणिमहेश यात्रा के मद्देनजर खाद्य सामग्री और एलपीजी सिलेंडर का जिला में पर्याप्त भंडारण करना सुनिश्चित बनाएं ताकि किसी भी परिस्थिति में उपलब्ध करवाए जा सकें।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि विभाग उचित मूल्य की दुकानों में सभी आवश्यक वस्तुएं समय पर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें ताकि राशन कार्ड धारकों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े, खाद्यान्नों की गुणवत्ता पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए तथा निरीक्षण नियमित रूप से किए जाना भी सुनिश्चित बनाया जाए।
बैठक में कार्यवाही का संचालन जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कर्ण ने किया।
बैठक में सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक निशि कांत सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
======================================
परिक्रमा पथ पर जाने वाले श्रद्धालुओं को एडीएम भरमौर से लेनी होगी अनुमति: उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
श्री मणिमहेश यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की बैठक की अध्यक्षता
चंबा, 19 अगस्त-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने श्री मणिमहेश यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। वह आज राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र कक्षा में श्री मणिमहेश यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में गत बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालना की समीक्षा भी की गई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस के साथ एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के जवानों की भी तैनाती की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शौचालय सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रबंधन के लिए पूरे यात्रा क्षेत्र को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया गया है तथा संचार व्यवस्था के लिए विभिन्न स्थानों पर सैटेलाइट फोन की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने एडीएम भरमौर को निर्देश दिए कि कुगती से होते हुए परिक्रमा पथ पर जाने वाले बाहरी श्रद्धालुओं को बिना अनुमति जाने की अनुमति न दी जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू का सेवन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने एसडीएम चंबा, सलूणी एवं भरमौर को अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम सलूणी को जम्मू के भद्रवाह एवं डोडा से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए संपर्क मार्गों को सुचारू बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा। एसडीएम चंबा को चौगान नंबर-1 में श्रद्धालुओं के ठहरने, पेयजल एवं सुलभ शौचालय की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान मौसम की जानकारी समय-समय पर सभी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाए। आवश्यक सामग्री ले जाने वाले घोड़ों एवं खच्चरों की आवाजाही को रात्रि के समय व्यवस्थित करने के लिए पुलिस को उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कार्रवाई का संचालन करते हुए एडीएम भरमौर ने बताया कि यात्रा को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने बताया कि हड़सर से पवित्र झील तक आवश्यक स्थानों पर मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है तथा गत वर्ष भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। आवश्यकतानुसार लोक निर्माण विभाग एवं पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे। पैदल यात्रियों और खच्चरों के लिए अलग-अलग मार्ग की व्यवस्था के साथ आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड भी स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज ने उपायुक्त को बताया कि यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सात स्वास्थ्य टीमें तैनात की गई हैं। टीमों के पास आवश्यक दवाइयां, ऑक्सीजन सिलेंडर एवं अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं।
बैठक में एसडीएम चिराग शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज, जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा सहित एडीएम भरमौर, एसडीएम सलूणी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।