शिमला, 19.08.26-: आज अपराहृन 12:30 बजे हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिवालय के मुख्य समिति कक्ष में आयोजित एक प्रैस वार्ता को सम्बोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधान सभा का 12वां सत्र दिनाँक 21 अगस्त, 2026 से 03 सितम्बर,2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस मॉनसून सत्र का शुभारम्भ 21 अगस्त,2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे होगा। इस दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय विजेन्द्र सिंह तथा राम चन्द भाटिया के प्रति शोकोदगार होंगे। इस सत्र में कुल 10 बैठकें आयोजित की जाएँगी । 27 अगस्त, 2026 का दिन गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है।

पठानियां ने कहा कि इस बर्ष हम बजट सत्र में 16 बैठकें आयोजित कर चुके हैं। उन्होने कहा कि इस सत्र में माननीय सदस्यो से प्रश्नों से सम्बन्घित कुल 1036 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिसमें 787 प्रश्न तारांकित तथा 249 प्रश्न अतारांकित। यह सभी सूचनाएं online माध्यम से प्राप्त हुई हैं जिन्हें नियमानुसार सरकार को आगामी कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया है। उन्होने कहा कि माननीय सदस्यों द्वारा प्रश्नों से सम्बन्घित सूचनाएं भेजने का समय पिछले कल 18 अगस्त, 2026 को सायं 5:00 बजे समाप्त हो चूका है। इसके अतिरिक्त नियम 62 के तहत 13 सूचनाएं, नियम 63 के तहत 2 सूचनाएं, नियम 101 के अन्तर्गत 05 सूचनाएं, नियम 130 के तहत 15 सूचनाएं, माननीय सदस्यों से प्राप्त हुई है को भी आगामी कार्रवाई हेतु सरकार को प्रेषित कर दिया गया है।

पठानियां ने कहा कि माननीय सदस्यों से जो सूचनाएं प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई हैं वह मुख्यत: आपदा से निपटने हेतु केन्द्र से सहायता राशि, बाढ़, स्कूलों का विलय, प्रदेश में हाल ही में भारी वर्षा तथा प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न हुई स्थिति, सरकार द्वारा आपदा से निपटने हेतु किए गए प्रयास, सड़कों, पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की DPR’s प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों इत्यादि का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराधिक मामलों तथा परिवहन व्यवस्था पर आधारित है। इसके अतिरिक्त माननीय सदस्यों ने प्रश्नों के माध्यम से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित मुख्य मुद्दों को भी उजागर किया है।

पठानियां ने कहा कि सत्र अविलम्ब चले इसके लिए उन्होने कल अपराह्न 4:30 बजे दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई है जिसमें संसदीय कार्यमंत्री, हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष, जयराम ठाकुर, उप मुख्य सचेतक हि0 प्र0 सरकार, केवल सिंह पठानियां तथा भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी भी शामिल होंगे।

उन्होने कहा कि मेरा सत्ता पक्ष तथा प्रतिपक्ष से अनुरोध रहेगा कि वह उन्हे सदन संचालन में रचनात्मक सहयोग दें ताकि सदन के समय का सदुपयोग जनहित से जुडे मुद्दों व सार्थक चर्चा के लिए किया जा सके।