चण्डीगढ़, 04.11.26- : सिटिजन्स अवेयरनेस ग्रुप (सीएजी) की ओर से गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डड्डूमाजरा, सेक्टर-38 वेस्ट में टेलीकॉम और ब्रॉडकास्टिंग सेवाओं से जुड़ी उपभोक्ता शिकायतों के समाधान पर चौथा उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम (सीएपी) आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रमुख टेलीकॉम सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।
सिटिजन्स अवेयरनेस ग्रुप के जनरल सेक्रेटरी मोहिंदर कटारिया ने बताया कि सीएजी एक राष्ट्रीय स्तर का संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 1994 में हुई थी। यह संगठन लगातार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए काम कर रहा है।
स्कूल की प्रिंसिपल नीरजा जैन ने सिटिजन्स अवेयरनेस ग्रुप की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों और आम लोगों को जागरूक करने के लिए संगठन के प्रयासों की प्रशंसा की और भविष्य में भी उसकी गतिविधियों में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।
कार्यक्रम के अंत में चेयरमैन सुरिंदर वर्मा ने प्रिंसिपल नीरजा जैन और मुख्य वक्ता एसपी दीपक सिंह को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया। इसके अलावा, एनएसएस इंचार्ज मनु बाली, अनुपम और कार्यक्रम में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।