जिला हमीरपुर में 4 महीनों के दौरान 26.26 करोड़ रुपये के खाद्यान्न वितरित
5,52,010 उपभोक्ताओं को 320 डिपुओं के माध्यम से दी जा रही है खाद्य सामग्री
डीसी गंधर्वा राठौड़ ने की योजनाओं की समीक्षा, खाद्यान्नों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

हमीरपुर 04 नवंबर। जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक बुधवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में इस वर्ष जुलाई से अक्तूबर तक के चार महीनों के दौरान जिला में खाद्य सामग्री और रसोई गैस के वितरण तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग से संबंधित अन्य मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि इन चार महीनों के दौरान जिला के कुल 1,54,430 राशन कार्डों के 5,52,010 उपभोक्ताओं को 320 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से कुल 26.26 करोड़ रुपये से अधिक की खाद्य सामग्री वितरित की गई।

उपायुक्त ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों से कहा कि जिला में खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फील्ड में नियमित रूप से निरीक्षण किए जाने चाहिए। गत चार महीनों के दौरान विभाग के अधिकारियों ने खाद्यान्नों के 55 सैंपल लिए थे, जिनमें से 4 सैंपल फेल पाए गए हैं। इन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और गैस एजेंसियों के कुल 875 निरीक्षण किए गए हैं और तीन मामलों में अनियमितता पाए जाने पर लगभग 6463 की जुर्माना राशि भी वसूली गई है। इनमें पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग के मामले भी शामिल हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जिला के सभी 5,52,010 उपभोक्ताओं की आधार और मोबाइल नंबरों की सीडिंग हो चुकी है। लगभग 96 प्रतिशत उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी भी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शेष उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी भी अतिशीघ्र पूरी होनी चाहिए। जिले के 25 राशन डिपुओं में ‘एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड’ योजना के तहत प्रवासी श्रमिकों को खाद्यान्न उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने के प्रस्तावों को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। समिति ने विभाग के निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले आवेदनों को मंजूरी प्रदान करने का निर्णय लिया। उपायुक्त ने नादौन के बेला क्षेत्र में अत्याधुनिक खाद्यान्न एटीएम स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए। जिला की सभी 10 गैस एजेंसियों में सिलेंडरों की उपलब्धता और कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक आंचल कुमारी ने विभिन्न योजनाओं एवं मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

====================================

तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के दौरान होगी सख्त कार्रवाई

28 अक्तूबर से 26 दिसंबर तक आयोजित किया जा रहा है टीएफवाईसी 4.0

हमीरपुर 4 नवंबर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा इस वर्ष भी 28 अक्तूबर से 26 दिसंबर तक चलाए जा रहे तंबाकू मुक्त युवा अभियान (टीएफवाईसी 4.0) के तहत जिला हमीरपुर में कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी तथा सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (कोटपा, 2003) की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के सचिव आशीष सिंघमार के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्य स्तरीय समन्वय समिति (एसएलसीसी) की एक महत्वपूर्ण बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अलावा पुलिस, शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, सूचना एवं जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास और अन्य विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए टीएफवाईसी 4.0 का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
60 दिनों के इस अभियान के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की रिपोर्टिंग के लिए जिला स्तर पर सभी संबंधित विभाग एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे और सीएमओ कार्यालय को रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। इन सभी गतिविधियों से संबंधित फोटो, वीडियो और अन्य जानकारी वेबपोर्टल पर अपलोड की जाएगी। कोटपा, 2003 की सख्ती से अनुपालना के अलावा शिक्षण संस्थानों के परिसरों के आस-पास 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध की अक्षरशः अनुपालना के लिए भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। विभिन्न शिक्षण संस्थानों, अन्य संस्थानों और गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित करने के लिए भी पिछले वर्ष की तरह ही प्रक्रिया निर्धारित की गई है। हुक्का बार, सिगरेट की खुली बिक्री और तंबाकू उत्पादों से संबंधित अन्य सभी संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। अभियान के क्रियान्वयन एवं निगरानी के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) भी गठित की गई है, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल किए गए हैं।
इस वर्चुअल बैठक में अभियान से संबंधित कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एसी टू डीसी संजीत सिंह, सीएमओ डॉ. सतीश कुमार फोतेदार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय अत्री, सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
====================================================
हमीरपुर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 5 को

हमीरपुर 04 नवंबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 60 पदों पर भर्ती के लिए 5 नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 19 हजार रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

==================================================

रेशम उत्पादकों और लघु उद्यमियों को दी कई महत्वपूर्ण जानकारियां

नादौन 04 नवंबर। रेशम उत्पादकों और लघु उद्यमियों को रेशम उत्पादन, वित्त पोषण, मार्केटिंग और अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं से अवगत करवाने के लिए बुधवार को यहां एसडीएम कार्यालय के सम्मेलन हॉल में एक कार्यशाला आयोजित की गई। उद्योग विभाग के रैम्प (रेजिंग एंड एक्सलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस) प्रोजेक्ट के तहत आयोजित इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
इस अवसर पर रेशम विकास अधिकारी निशा ठाकुर और रेशम निरीक्षक अंकित कुमार ने प्रतिभागियों को रेशम उत्पादन से संबंधित तकनीकी जानकारियां साझा कीं और इस क्षेत्र में मौजूद कई संभावनाओं के बारे में बताया। पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक मनजीत सिंह, प्रबंधक वैशाली कटोच, उद्योग विभाग के प्रसार अधिकारी सुमन, रैंप प्रोजेक्ट के वरिष्ठ प्रबंधक अश्वनी कुमार शर्मा, प्रबंधक नवीन शर्मा, एग्जीक्यूटिव विनय शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी प्रतिभागियों को बैंकों की विभिन्न ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं, मार्केटिंग और अन्य प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि बैंकों की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर लघु उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। इसके लिए सरकार भी विभिन्न विभागों एवं योजनाओं के माध्यम से सब्सिडी प्रदान करती है। अपना उद्यम स्थापित करने की इच्छुक लोगों और विशेषकर, महिलाओं को इन ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

==================================================
आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें सामाजिक सुरक्षा पेंशनर

हमीरपुर 04 नवंबर। जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभार्थियों की पेंशन उनके आधार सीडेड बैंक खाते या डाकघर बचत खाते में ऑनलाइन माध्यम से दी जा रही है। इसलिए, जिन पेंशनरों ने अभी तक अपने बैंक खाते या डाकघर के खाते को आधार सीडेड नहीं करवाया गया है, वे इन खातों की आधार सीडिंग करवाना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें पोर्टल के माध्यम से पेंशन जारी की जा सके।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित की जा रही मुख्यमंत्री सहारा योजना के लाभार्थी भी योजना के निरंतर लाभ हेतु प्रत्येक वर्ष अप्रैल और सितंबर माह में नवीनत्तम छमाही जीवन प्रमाण पत्र, बीपीएल एवम् आय प्रमाण पत्र सहित चिकित्सा प्रमाण-पत्र, जिसमें लाभार्थी का दीर्घकालीन उपचार उल्लेखित हो, सक्षम प्राधिकारी द्वारा सत्यापित कर हिमपरिवार.एचपी.जीओवी.इन/ईकल्याण himparivar.hp.gov.in/ekalyan पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
==================================================
निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी में हो अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी
एसडीएम स्वाति डोगरा ने ईएलसी के नोडल अधिकारियों को दिए निर्देश

बड़सर 04 नवंबर। एसडीएम एवं विधानसभा क्षेत्र 39-बड़सर की निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) स्वाति डोगरा ने यहां मिनी सचिवालय के सम्मेलन हॉल में आयोजित एक कार्यशाला के दौरान क्षेत्र के सभी मतदाता साक्षरता क्लबों (ईएलसी) के नोडल अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया।
उन्होंने नोडल अधिकारियों को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 2 से 7 नवंबर तक बड़सर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी ईएलसी एवं शिक्षण संस्थानों में निबंध लेखन प्रतियोगिताएं और प्रश्नोत्तरी आयोजित की जाएगी। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष दो विद्यार्थियों का चयन विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
12 नवंबर को बड़सर विधानसभा क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिता होगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 विद्यार्थियों को जिला स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
एसडीएम ने सभी नोडल अधिकारियों को प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन, इनमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
======================================================

प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार हो पटाखों की बिक्री और भंडारण

भोरंज 04 नवंबर। दीपावली पर्व के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए और विशेषकर, पटाखों की बिक्री हेतु प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा ने लदरौर, जाहू, पट्टा, भरेड़ी और अन्य बाजारों में जाकर पटाखों की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानों पर पटाखों के सुरक्षित भंडारण, लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की जांच की और दुकानदारों को लाइसेंस लेने के बाद ही पटाखों की बिक्री करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
===============================================
पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा की तिथियां घोषित

हमीरपुर 04 नवंबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने पटवारी पोस्ट कोड-25027 और पंचायत सचिव पोस्ट कोड-26005 की भर्ती के लिए टैबलेट आधारित परीक्षा (टीबीटी) की तिथियां घोषित कर दी हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पटवारी की परीक्षा 23 से 30 नवंबर तक और पंचायत सचिव की परीक्षा 4 दिसंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
सचिव ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर या अपने मोबाइल पर एसएमएस और ईमेल पर ताजा स्टेटस चेक करते रहने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए आयोग के कार्यालय में या दूरभाष नंबर 01972-222204 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

===========================================

असिस्टेंट स्टाफ नर्स की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए मिल सकता है विकल्प
हमीरपुर 04 नवंबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि आयोग द्वारा 6 से 19 नवंबर तक आयोजित की जा रही असिस्टेंट स्टाफ नर्स पोस्ट कोड-26044 की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया की तिथि के दिन अगर किसी अभ्यर्थी की कोई अन्य परीक्षा भी है या अन्य किसी अपरिहार्य कारण से वह निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में उपस्थित नहीं हो सकती है तो वह अभ्यर्थी 6, 10, 12 और 19 नवंबर में से किसी एक तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में भाग ले सकती है।
सचिव ने बताया कि अभ्यर्थी को इन तिथियों के अलावा किसी अन्य तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का अवसर नहीं दिया जाएगा।