धर्मशाला, 4 नवम्बररू तम्बाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अभियान के तहत 31 दिसंबर तक आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन तथा तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित कानूनों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कांगड़ा की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति के अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया। इस अवसर पर एडीसी ने जिला के सभी संबंधित विभागों को राज्य स्तर पर जारी दिशा-निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को तम्बाकू एवं तम्बाकू युक्त उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें।
*पिछले वर्ष 1,900 शिक्षण संस्थान और 62 गांव किए गए थे तम्बाकू मुक्त घोषित
विनय कुमार ने बताया कि गत वर्ष तम्बाकू मुक्त युवा अभियान-3.0 के तहत जिला कांगड़ा के 1,900 शिक्षण संस्थानों तथा 62 गांवों को तम्बाकू मुक्त घोषित किया गया था। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभियान-4.0 के तहत जिला के कोचिंग सेंटर सहित सभी शिक्षण संस्थानों एवं गांवों को तम्बाकू मुक्त अभियान के दायरे में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने अधिकारियों को तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित बनाने तथा अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराधा शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अशोक शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. अनुराधा, उपनिदेशक शिक्षा अजय सम्बयाल, डॉ. सविता ठाकुर, आयुष विभाग से डॉ. बृज नन्दन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।