हरोली (ऊना), 9 अक्तूबर. उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को अपना जन्मदिन सादगी के साथ मनाया। इस अवसर पर गोंदपुर बुल्ला के सामुदायिक पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे। मुकेश अग्निहोत्री ने स्थानीय लोगों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया। दिनभर क्षेत्रवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का बधाई देने के लिए पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
मुकेश अग्निहोत्री ने जन्मदिन की शुरुआत जखेवाल स्थित सिद्ध बाबा बालकनाथ गौशाला में गौसेवा के साथ की। उन्होंने गौमाता को चारा खिलाया और संत बाबा ढांगू वाले अनूप जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
जन्मदिन के अवसर पर गोंदपुर बुल्ला के सामुदायिक पार्क में स्थानीय युवाओं की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। उप मुख्यमंत्री ने सामाजिक सरोकार और सेवा भाव से जुड़े इस प्रयास के लिए युवाओं की सराहना की।
देशभर से मिलीं शुभकामनाएं
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जन्मदिन पर देशभर से शुभकामनाएं मिलीं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने फोन कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी फोन कर मुकेश अग्निहोत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रिमंडल के सहयोगियों तथा विभिन्न राज्यों के राजनीतिक नेताओं, जनप्रतिनिधियों और समाज के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख हस्तियों ने भी फोन कर उन्हें बधाई दी। इसके अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने फोन कॉल तथा सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामना संदेश भेजे।
मुकेश अग्निहोत्री ने जन्मदिन पर मिले स्नेह और शुभकामनाओं के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।