24 अक्टूबर को आयोजित होगा जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेला : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चंबा, 5 अक्तूबर-उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसायटी मुकेश रेपसवाल ने बताया कि 24 अक्तूबर को प्रस्तावित जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले के साथ ईट राइट मेले का भी संयुक्त रूप से आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सहभागिता के साथ-साथ आमजन को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौष्टिक आहार एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना है।
उपायुक्त आज बचत भवन चंबा में जिला स्तरीय रेड क्रॉस मेले के सफल आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों, बैंकों, विद्युत परियोजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों तथा निजी संस्थाओं द्वारा विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनियां तथा स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी स्टॉल लगाकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। इन स्टॉलों में खान-पान की सामग्री के साथ-साथ विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
उपायुक्त ने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को निर्देश दिए कि मेले में विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय व्यंजनों एवं पौष्टिक आहार को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाए, ताकि लोगों को स्थानीय एवं स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक किया जा सके।
उन्होंने मेले के दौरान प्लास्टिक की प्लेटों के स्थान पर पत्तलों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी बाल देखभाल केंद्रों के बच्चों की सहभागिता भी मेले में सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने कहा कि मेले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं आमजन को रेड क्रॉस के मानवीय सरोकारों, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पौष्टिक आहार तथा सामाजिक सेवा के प्रति जागरूक करने के प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस मेला जनसेवा, सामाजिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय एवं प्रभावी सहभागिता के साथ कार्य करते हुए मेले की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मेले का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
मेले में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
बैठक की कार्यवाही का संचालन सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह ने किया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा, एसडीएम चिराग शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विद्यास महाजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज, उपमंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी शुगल सिंह, सहायक नियंत्रक खाद्य सुरक्षा दीपक आनंद, उपनिदेशक पशुपालन राकेश भंगालिया, जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार, डीएफएससी कर्ण तथा जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा सहित विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।