चंडीगढ़, 22 सितंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की मंडियों में धान की सरकारी खरीद को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार किसानों से एमएसपी पर धान खरीदने के दावे तो करती है, लेकिन जब किसान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहा है तो उसे खरीद व्यवस्था और उचित भाव के लिए परेशान होना पड़ रहा है। 22 सितंबर हो गई लेकिन आज तक धान की खरीद शुरू नहीं की है जिसके कारण किसानों को अपनी फसल मजबूरी में सस्ते दामों पर बेचनी पड़ रही है। इतनी कम कीमत पर लागत भी बड़ी मुश्किल से निकल पा रही है। बारदाना की कमी और खरीद प्रक्रिया की धीमी रफ्तार पर भी नाराजगी जताई। किसानों की फसल मंडियों में पड़ी है और उन्हें इंतज़ार करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। किसानों ने इस देश को भूखमरी से बाहर निकाला है और आज पूरे देश के लोगों का पेट भर रहे हैं लेकिन उसी अन्नदाता को बीजेपी सरकार प्रताडि़त कर रही है। सरकार जानबूझकर किसानों को परेशान कर रही है। सरकार की नीयत ठीक नहीं है। पिछले वर्ष धान की खरीद 22 सितंबर से शुरू की गई थी। उन्होंने सरकार से मांग की कि हर मंडी में तत्काल प्रभावी खरीद शुरू की जाए, एमएसपी से नीचे खरीद पर पूरी तरह रोक लगे, उठान और भुगतान में देरी न हो तथा किसानों को अपनी फसल औने-पौने दाम पर बेचने के लिए मजबूर न किया जाए। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि किसान की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों के हक के साथ किसी भी तरह का समझौता इनेलो बर्दाश्त नहीं करेगा और इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगा।