*ऊना में अब सुबह 9 से शाम 3 बजे तक लगेंगे स्कूल*

*गर्मी के मद्देनजर बदला गया स्कूल समय अब हुआ सामान्य, 18 सितंबर से व्यवस्था लागू*

ऊना, 17 सितंबर। ऊना जिले में 18 सितंबर से सभी सरकारी और निजी स्कूल सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक संचालित होंगे । जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊना के अध्यक्ष जतिन लाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 33 और 34 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। नए आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल और सेकेंडरी स्तर के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक लगेंगे।

गौरतलब है कि जिले में गर्मी और उमस की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के मद्देनजर 1 सितंबर से स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया था। अब मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव करते हुए इसे सुबह 9 बजे से शाम 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को नए निर्धारित समय के अनुसार शिक्षण कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

===================================

दिसंबर तक तैयार होगा पंजावर का हिमकोफेड कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र

हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ (हिमकोफेड) के चेयरमैन विक्रम शर्मा डिक्की ने वीरवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंजावर में निर्माणाधीन हिमकोफेड कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र का कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विक्रम शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए तथा निर्माण में अनावश्यक देरी न हो।

उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का भी जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता मापदंडों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने तथा शेष कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

विक्रम शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। पंजावर में बनने वाला हिमकोफेड कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र सहकारिता से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में विकसित होगा। केंद्र के माध्यम से सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना का कार्य दिसंबर तक पूरा कर भवन को उपयोग में लाने का प्रयास किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े संस्थानों को इसका लाभ मिल सके।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग हरोली के एक्सियन नितिन चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।