बड़े लक्ष्य तय करें, मेहनत और आत्मविश्वास से आगे बढ़ें : जतिन लाल
‘अपना विद्यालय-बहिमाचल स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम’ के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना में छात्रों से किया संवाद
ऊना, 7 सितंबर. उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने सोमवार को ‘अपना विद्यालय-हिमाचल स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम’ के तहत गोद लिए गए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला -2 ऊना में छात्रों के साथ संवाद किया। उन्होंने छात्रों को जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने का भी आह्वान किया।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर भविष्य की दिशा तय करें। जीवन में चुनौतियां आती हैं, लेकिन उनसे घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए लगातार प्रयास करते रहने को कहा।
संवाद सत्र में छात्रों ने करियर, प्रशासन और शिक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल उपायुक्त के समक्ष रखे। उपायुक्त ने सहज अंदाज में उनके सवालों के जवाब दिए तथा उन्हें करियर को लेकर स्पष्ट सोच विकसित करने, अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखने और लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहने के लिए मार्गदर्शन दिया।
बैडमिंटन कोर्ट के लिए मैट और फ्लड लाइट का प्रस्ताव
विद्यालय में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में उपायुक्त ने बैडमिंटन कोर्ट के लिए मैट और फ्लड लाइट उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुविधाएं जल्द ही उपलब्ध कराई जाएंगी।
83 सरकारी विद्यालय कार्यक्रम में शामिल
उल्लेखनीय हांकी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल ‘अपना विद्यालय-हिमाचल स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम’ के तहत ऊना जिले में प्रथम चरण में 83 सरकारी विद्यालयों को शामिल किया गया है। विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने इन विद्यालयों को गोद लिया है। उपायुक्त जतिन लाल ने स्वयं जिले के चार सरकारी विद्यालय गोद लिए हैं और इनमें नियमित रूप से जाकर विद्यार्थियों से संवाद करते हैं तथा विद्यालयों की आवश्यकताओं की जानकारी लेते हैं।
कार्यक्रम की मूल भावना अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता और विद्यार्थियों के साथ नियमित संवाद के माध्यम से उन्हें मार्गदर्शन एवं प्रेरणा देना है। इसके तहत विद्यार्थियों को करियर गाइडेंस, व्यक्तित्व विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सकारात्मक जीवन दृष्टि जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देने के साथ विद्यालयों की आवश्यकताओं के अनुरूप खेल, लाइब्रेरी, आईसीटी और अन्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेंद्र कौंडल ने कहा कि उपायुक्त के विद्यालय से सीधे जुड़ने और लगातार मार्गदर्शन से छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि छात्रों को करियर और भविष्य को लेकर नई दिशा मिली है तथा उनमें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने का हौसला मजबूत हुआ है।
======================================
पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा पुबोवाल तालाब
डीसी जतिन लाल ने सौंदर्यीकरण कार्य का किया अवलोकन, पंचायत को जल्द टेंडर निकालने के निर्देश
ऊना, 7 सितंबर. उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने सोमवार को हरोली उपमंडल की ग्राम पंचायत पुबोवाल में पुराने तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने पंचायत को इसके आगामी विकास के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि तालाब परिसर को बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और परिवारों के लिए आकर्षक एवं रमणीक पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि पारंपरिक जल स्रोत किसी क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत होते हैं। इनके संरक्षण के साथ आसपास के क्षेत्र को सुविधाजनक और आकर्षक रूप दिया जाए तो ये स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन और सामुदायिक गतिविधियों के बेहतर केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने तालाब के सौंदर्यीकरण में गुणवत्ता और सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि हरोली क्षेत्र में पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के विज़न के अनुरूप क्षेत्र में ऐसे कई पुराने तालाबों को नया स्वरूप देने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि जल स्रोतों के संरक्षण के साथ इनके आसपास के क्षेत्रों को भी लोगों के उपयोग के लिए बेहतर बनाया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि पुबोवाल तालाब को केवल जल स्रोत तक सीमित न रखते हुए इसके आसपास ऐसा वातावरण विकसित किया जाए, जहां लोग परिवार के साथ समय बिता सकें। उन्होंने पंचायत को विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पुबोवाल के प्रधान सुमन लाल, पूर्व प्रधान संतोष दास बिट्टू, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा तथा बीडीओ मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
=========================================
जिले में किसान रजिस्ट्री के लिए सितंबर में विशेष शिविर, मौके पर होगी रजिस्ट्री*
ऊना, 7 सितंबर. एग्रीस्टैक के तहत किसान रजिस्ट्री को गति देने और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के लिए कृषि विभाग ऊना द्वारा सितंबर माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में किसान रजिस्ट्री शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिले में कुल 67 स्थानों पर शिविर निर्धारित किए गए हैं। इन शिविरों में किसान रजिस्ट्री मौके पर ही की जाएगी।
अम्ब ब्लॉक में 8 सितंबर को जबेहड़ पंचायत घर, 10 सितंबर को कलरूही पंचायत घर, 15 सितंबर को उपमहाल टकारला पंचायत घर, 17 सितंबर को लोहरा खास पंचायत घर, 23 सितंबर को अंदौरा उप्परला पंचायत घर और 29 सितंबर को धर्मशाला महंता पंचायत घर में सुबह 11:30 बजे शिविर होंगे।
बंगाणा ब्लॉक में 8 सितंबर को खुरवाई पंचायत घर, 10 सितंबर को मंदली पंचायत घर, 15 सितंबर को थानाकलां पंचायत घर, 22 सितंबर को हटली पंचायत घर और 25 सितंबर को रायपुर पंचायत घर में सुबह 11 बजे किसान रजिस्ट्री शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा एटीएम/बीटीएम स्टाफ द्वारा 8 सितंबर को तनोह पंचायत घर, 9 सितंबर को मलांगड़ पंचायत घर, 16 सितंबर को बल्ह पंचायत घर, 18 सितंबर को डीहर पंचायत घर, 22 सितंबर को बौल पंचायत घर और 24 सितंबर को अम्बेहड़ा धीरज पंचायत घर में सुबह 11 बजे शिविर लगाए जाएंगे।
गगरेट ब्लॉक में 8 सितंबर को मावा सिंधियां पंचायत घर, 10 सितंबर को नकड़ोह पंचायत घर, 15 सितंबर को बधेड़ा रायपूतां पंचायत घर, 17 सितंबर को अम्बोटा पंचायत घर, 21 सितंबर को बड़ोह पंचायत घर और 25 सितंबर को गुगलेहड़ पंचायत घर में सुबह 11:30 बजे शिविर होंगे। वहीं एटीएम/बीटीएम स्टाफ द्वारा 8 सितंबर को ओयल पंचायत घर, 10 सितंबर को गगरेट पंचायत घर, 11 सितंबर को भद्रकाली पंचायत घर, 14 सितंबर को गोंदपुर बनेहड़ा पंचायत घर, 16 सितंबर को पिरथीपुर खास पंचायत घर, 18 सितंबर को गोंदपुर बनेहड़ा उप्परला पंचायत घर, 19 सितंबर को दंगोह खास पंचायत घर, 21 सितंबर को चलेट पंचायत घर, 23 सितंबर को लोहारली पंचायत घर, 25 सितंबर को अमलेहड़ा पंचायत घर, 28 सितंबर को सलोह बेरी पंचायत घर और 30 सितंबर को मावा सिंधियां पंचायत घर में सुबह 11 बजे शिविर होंगे।
हरोली ब्लॉक में 9 सितंबर को समनाल पंचायत घर, 16 सितंबर को रोड़ा पंचायत घर, 19 सितंबर को पालकवाह पंचायत घर, 29 सितंबर को पुबोवाल पंचायत घर और 30 सितंबर को ईसपुर पंचायत घर में सुबह 11 बजे शिविर होंगे। इसके अतिरिक्त एटीएम/बीटीएम स्टाफ द्वारा 9 सितंबर को पंडोगा निचला पंचायत घर, 11 सितंबर को करमपुर पंचायत घर, 15 सितंबर को चक्क खड्ड पंचायत घर, 22 सितंबर को भदोड़ी पंचायत घर और 28 सितंबर को कांगड़ पंचायत घर में सुबह 11 बजे किसान रजिस्ट्री शिविर लगाए जाएंगे।
ऊना ब्लॉक में 8 सितंबर को बसोली निचली पंचायत घर और उपमहाल निचली भटोली पंचायत घर, 11 सितंबर को महाल उपरी देहलां पंचायत घर और चलोला-1 पंचायत घर, 15 सितंबर को धमांदरी पंचायत घर और चरतगढ़ निचला पंचायत घर, 17 सितंबर को कोटला कलां उपरला स्थित कोऑपरेटिव एग्रीकल्चर सोसायटी और खानपुर पंचायत घर, 19 सितंबर को कुरियाला पंचायत घर और लमलेहड़ी उप्परली पंचायत घर, 22 सितंबर को मलाहत पंचायत घर और माजरा पंचायत घर, 25 सितंबर को सासन पंचायत घर और नारी निचली पंचायत घर तथा 29 सितंबर को टब्बा पंचायत घर और रायपुर उप्परला पंचायत घर में सुबह 11 बजे शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इससे पहले विभिन्न उपमंडलों में 3 और 5 सितंबर को पांच शिविर आयोजित हो चुके हैं, जबकि 7 सितंबर को सैंसोंवाल में एक शिविर आयोजित किया गया है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रेम सिंह ने किसानों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर किसान रजिस्ट्री करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शिविरों में संबंधित कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों को पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
==============================================
एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ 16 सितंबर को
ऊना, 7 सितंबर. मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन 16 सितंबर को किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने यह जानकारी दी।
वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम ऊना से शुरू होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रातः लगभग 10 बजे वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे तथा प्रतिभागियों के साथ स्वयं भी वॉकाथॉन में चलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद भी करेंगे।
वॉकाथॉन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशे के विरुद्ध सामूहिक चेतना को मजबूत करना है। विशेषकर युवा वर्ग को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने पर जोर रहेगा।
उपायुक्त ने युवाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन से इस जन-जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है और सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।