चंडीगढ़, 7 सितंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता आज बेतहाशा बढ़ रही महंगाई की आग में झुलस रही है। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों ने आम आदमी की जेब पूरी तरह से खाली कर दी है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, सब्जियां और आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। किसान, मजदूर, कर्मचारी और मध्यम वर्ग इस महंगाई के बोझ तले कराह रहा है। भाजपा सरकार ने जनता से ये वादा किया था कि सत्ता में आने के बाद महंगाई नियंत्रित रहेगी, लेकिन वास्तविकता इसके ठीक विपरीत है। बीजेपी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों, बेहिसाब टैक्स बढ़ाने और जनविरोधी फैसलों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है। आम आदमी को दो वक्त की रोटी जुटाना मुश्किल हो गया है, जबकि सत्तासीन बीजेपी सरकार पूरी तरह से विलासिता और भ्रष्टाचार में लिप्त है। इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी इस जनविरोधी रवैये का पुरजोर विरोध करती है। चौधरी देवीलाल और चौधरी ओम प्रकाश चौटाला के आदर्शों पर चलने वाली हमारी पार्टी हमेशा आम आदमी के हितों की रक्षा करती रही है। हम मांग करते हैं कि सरकार तुरंत महंगाई नियंत्रित करने के ठोस कदम उठाए, पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए, आवश्यक वस्तुओं पर टैक्स कम करे और किसानों व गरीबों को राहत दे। भाजपा सरकार यदि जनता की पीड़ा को नहीं समझती, तो जनता जल्द ही इसका जवाब देगी। हम जनता से अपील करते हैं कि इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ आवाज उठाएं। इंडियन नेशनल लोकदल जनता के साथ खड़ा है और महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगा।