घुमारवीं (बिलासपुर), 04 सितंबर: नगर नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भागीदारी से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने तथा युवा खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
राजेश धर्माणी शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठलग में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि बच्चे देश और समाज के भविष्य हैं, इसलिए उनके व्यक्तित्व का चहुंमुखी विकास करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल पाठ्य पुस्तकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से भी जोड़ना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि घुमारवीं क्षेत्र में युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। घुमारवीं में लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध होगी। वहीं, कारलोटी में लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदान का निर्माण एवं विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इन आधुनिक खेल सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय युवाओं को अपने खेल कौशल को निखारने के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे तथा वे जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये विद्यार्थियों में अनुशासन, मेहनत, सहयोग और नेतृत्व जैसे गुणों का विकास करते हैं। इसलिए बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
तीन दिवसीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में क्षेत्र के 14 विद्यालयों के 177 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और वॉलीबॉल की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। कबड्डी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दधोल ने प्रथम तथा डंगार विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठलग विजेता तथा कोट विद्यालय उपविजेता रहा। खो-खो में हटवाड़ विद्यालय ने प्रथम तथा आरकेपीएस घंडालवी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में डुमैहर विद्यालय विजेता तथा डटवाड़ विद्यालय उपविजेता रहा।
इससे पूर्व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठलग की प्रधानाचार्य भावना ने मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी का शॉल एवं टोपी पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया तथा प्रतियोगिता के आयोजन, विभिन्न खेल स्पर्धाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कसारू की प्रधान अंजना शर्मा, बीडीसी सदस्य कृष्ण राव, कांग्रेस कमेटी के प्रधान कृष्ण सेन, ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के सदस्य सोम प्रकाश संख्यान, एसएससी की प्रधान हेमा शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खिलाड़ी एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।