बिलासपुर, 27 जुलाई: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने, ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों की ओर संचारित करने तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राज्य में खेल गतिविधियों को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित करने के लिए विशेष बल दे रही है। प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि खेलों के माध्यम से बच्चों और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश व प्रदेश का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आकर्षक प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल ढांचे के विकास पर भी कार्य किया जा रहा है। राजेश धर्माणी आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, भगेड़ में कृष्णा कबड्डी अकादमी द्वारा आयोजित एक दिवसीय कबड्डी ओपन टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। इसके साथ-साथ प्रदेश के खिलाड़ियों की डाइट मनी में भी तीन गुणा बढ़ोतरी की है। इसके अतिरिक्त विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के आवागमन हेतु रेल एवं हवाई यात्रा सुविधा का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण का भी प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए घुमारवीं में लगभग 25 करोड़ रूपये की लागत से इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें स्विमिंग पूल की भी सुविधा रहेगी। इसके अतिरिक्त बिलासपुर में लगभग साढ़े तीन करोड़ रूपये की लागत से फुटबाॅल फील्ड का भी निर्माण किया जाएगा ताकि युवाओं को जिला के भीतर फुटबाॅल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधा उपलब्ध हो सके।
राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मोरसिंघी में हैंडबॉल स्पोर्ट्स हॉस्टल स्थापित किया जा रहा है, जिसमें 48 लड़कियों के रहने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसी प्रकार घुमारवीं में भी मल्टी स्पोर्ट्स गर्ल्स हॉस्टल स्थापित किया जाएगा, जिसमें 100 लड़कियों के रहने की सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सहित जिला बिलासपुर में भी खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल अधोसंरचना विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि यहां के खिलाड़ियों को जिले के भीतर ही उत्कृष्ट खेल सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।
उन्होंने कृष्णा कबड्डी अकादमी के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ओपन कबड्डी टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए अकादमी को बधाई देते हुए कहा कि यह अकादमी कबड्डी के क्षेत्र में युवाओं को तराशने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि अकादमी ने पिछले पांच वर्षों के दौरान 500 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया है, जबकि 100 से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। इनमें पांच खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता रहे हैं तथा एक खिलाड़ी भारतीय कबड्डी टीम के कैंप का हिस्सा भी रह चुका है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अकादमी के संचालक एवं अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी कृष्ण लाल को बधाई दी तथा विश्वास व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में युवा खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों से कहा कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से उन्हें न केवल अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होता है बल्कि अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार लाने का भी मौका मिलता है। उन्होंने कहा किऐसी खेल स्पर्धाओं से खिलाड़ियों को एक-दूसरे से भी सीखने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कृष्णा कबड्डी अकादमी तथा घुमारवीं के मध्य खेले गए पहले मैच का भी शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं प्रेषित की।
इससे पहले कृष्णा कबड्डी अकादमी के ओर से कृष्ण लाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा इस एक दिवसीय ओपन कबड्डी टूर्नामेंट की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 15 टीमें भाग ले रही हैं तथा विजेता टीम को 21 हजार तथा उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, निर्मला राजपूत, स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान अमित धीमान, उप-प्रधान मनोज, स्कूल के प्रधानाचार्य डाॅ. राकेश शर्मा, छोटा राम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।