चण्डीगढ़, 31.05.26- : भारतीय जनता पार्टी, चण्डीगढ़ के पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी के नेतृत्व में चण्डीगढ़ के सभी गांवों की समस्याओं को प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के समक्ष रखा गया। इस दौरान गांवों की खेती योग्य जमीनों की सीएलयू (चेंज ऑफ़ लैंड यूज़) से संबंधित मुद्दों तथा गांवों की मूलभूत सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से गांवों में पेयजल समस्या के समाधान, रेड लाइन के बाहर बने मकानों को पानी के कनेक्शन उपलब्ध करवाने तथा चंडीगढ़ के सभी गांवों को नहरी पानी से जोड़ने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही गांव दरिया की समस्याओं से भी प्रशासक को अवगत कराया गया। काउंसलर सरदार धर्मिंदर सिंह सैनी ने चंडीगढ़ प्रशासन के समक्ष गांव दरिया की विभिन्न समस्याओं को रखते हुए एक ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने बताया कि गांव दरिया की काफी जमीन रेलवे स्टेशन परियोजना तथा फॉरेस्ट विभाग द्वारा अधिग्रहित कर ली गई है। गांववासियों की सुविधा के लिए फॉरेस्ट विभाग की उपलब्ध भूमि पर पार्क निर्माण की मांग भी उठाई गई।
साथ ही गांव दरिया के पास नर्सरी टी-पॉइंट के नजदीक लगभग 4–5 एकड़ कॉर्पोरेशन की खाली पड़ी जमीन पर बच्चों के लिए खेलकूद सुविधाओं सहित एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा लोगों की सुविधा के लिए एक कम्युनिटी सेंटर बनाने की मांग भी रखी गई।
प्रशासक कटारिया ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं से जल्द निजात दिलाई जाएगी और आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
इस अवसर पर चंडीगढ़ के सभी गांवों के प्रतिनिधियों सहित सरदार दीदार सिंह (चेयरमैन, खादी बोर्ड), सरदार जुझार सिंह (चेयरमैन, कोऑपरेटिव बैंक, चंडीगढ़), सरदार मनदीप सिंह (प्रधान, किसान मोर्चा, चंडीगढ़), एम.सी. चंडीगढ़ के काउंसलर हरजीत सिंह, कुंवर राणा, कुलजीत सिंह, नरेश पंचाल (उपाध्यक्ष, भाजपा चंडीगढ़) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।