अंतिम चरण में ऊना जिला की 81 पंचायतों का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न
ऊना, 30 मई। ऊना जिला की 81 पंचायतों में आज(शनिवार) को मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिला मुख्यालय पर सायं पौने सात बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार तीसरे व अंतिम चरण में कुल 1,15,712 मतदाताओं में से 92,109 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया तथा औसत मतदान 79.60 प्रतिशत रहा। इनमें 57,328 महिलाओं में से 47,997 महिला जबकि 58,383 पुरूष मतदाताओं के मुकाबले 44,112 पुरुषों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं सहित सभी वर्गों में लोकतंत्र के पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
यह जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ऊना जतिन लाल ने बताया कि जिला की 81 पंचायतों में से सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशतता 81.91 बंगाणा उपमण्डल में रहीं। यहां 15 पंचायतों के 77 वार्डों में कुल 14,185 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया, जिनमें 7,394 महिला एवं 6,791 पुरुष मतदाता शामिल रहे। वहीं, अंब में मतदान प्रतिशतता 80.23 रहीं। इनमें कुल 19,530 मतदाताओं ने वोट किया जिनमें .10,058 महिला और 9,472 पुरुष मतदाता शामिल हैं। ऊना में मतदान 79.80 फीसदी रहा, जिनमें कुल 20,928 मतदाताओं ने अपने वोट का प्रयोग किया, जिनमें 10,929 महिला और 9,999 पुरुष मतदाता शामिल रहे। गगरेट में 79 प्रतिशत मतदान रहा जिनमें कुल 19,113 मतदाताओं ने वोट किया जिनमें 9,981 महिला और 9,132 पुरुष मतदाता शामिल रहे। इसके अलावा हरोली में मतदान प्रतिशतता 77.66 रहा, जिनमें कुल 18,353 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया जिनमें 9,635 महिला और 8,718 पुरुष मतदाता शामिल रहे।