चम्बा, 30 मई-जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा अनुजा सूद की अध्यक्षता में आज डलहौज़ी स्थित सुभाष बाओली में जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण को लेकर विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एकांश कपिल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा अनुजा सूद ने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के तत्वावधान में प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण को लेकर विशेष अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोत हमारी अमूल्य धरोहर हैं तथा इनके संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति प्रत्येक नागरिक को जागरूक होना चाहिए। अनुजा सूद ने कहा कि इस अभियान के तहत जिला चम्बा में प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता और जीर्णोद्धार पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने तथा उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान सुभाष बाओली एवं उसके आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई तथा लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इससे पूर्व राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौज़ी में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा एकांश कपिल ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों तथा एनडीपीएस अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है तथा युवा पीढ़ी को इससे दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौज़ी की प्रधानाचार्य वंदना शर्मा, नगर परिषद डलहौज़ी से वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, अध्यापकगण, विद्यार्थी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।