सोलन दिनांक 24.04.2026
एयर रेड एवं बमबारी परिदृश्य पर आधारित मॉक ड्रिल के सम्बन्ध में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित
ज़िला सोलन में आपदा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 24 अप्रैल, 2026 को एयर रेड एवं बमबारी परिदृश्य पर आधारित एक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह जानकारी आज यहां गृह रक्षा 11वीं वाहिनी सोलन के आदेशक संतोष शर्मा ने टेबल टॉप एक्सरसाइज की अध्यक्षता करते हुए दी।
संतोष शर्मा ने कहा कि यह मॉक ड्रिल 24 अप्रैल, 2026 को रात्रि 08.30 बजे से ठोडो मैदान सोलन से सटे वार्ड नम्बर 7 के नगर निगम के भवन में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान इस वार्ड में रात्रि के समय में नियंत्रित ब्लैक आउट 8.30 से 8.45 के मध्य में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन के कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा तथा अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए एक अलग से कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
आदेशक ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान जवाहर पार्क में स्थित अलार्म को ठीक 8.30 बजे बजाया जाएगा ताकि सभी को सतर्क किया जा सके। उन्होंने कहा कि एयर रेड तथा बमबारी परिदृश्य पर आधारित मॉक ड्रिल का आयोजन केन्द्रीय गृह मंत्रालय तथा प्रदेश के निदेशक अग्निशमन सेवाएं द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना में किया जा रहा है। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य सिटी वॉलिंटियर को तैयार करना है ताकि आपदा के समय यह वॉलिंटियर आपदा से निपटने के लिए तैयार हो सके। अभी तक ज़िला सोलन में 1200 वॉलिंटियर तैयार किया जा चुके हैं तथा वर्ष 2029 तक 5500 वॉलिंटियर तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि ज़िला सोलन में वर्ष में दो बार मॉक ड्रिल का आयोजन अप्रैल माह और नवम्बर माह में किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस मॉक ड्रिल में पुलिस होमगार्ड सिटी वॉलिंटियर एन.एस.एस. तथा आपदा मित्र के सदस्य भाग लेंगे।
संतोष शर्मा ने लोगों से आग्रह किया है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार के भ्रम अथवा घबराहट की स्थिति में न रहें क्योंकि यह एक पूर्व नियोजित अभ्यास है और इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखना एवं सुदृढ़ बनाना है।
आदेशक गृह रक्षा ने लोगों से अपील की है कि इस अवधि में ज़िला प्रशासन का सहयोग करें ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं सहायता पहुंचाई जा सके।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विद्युत विभाग के सहायक अभियंता हिमांशु मेहता, पुलिस विभाग के पुलिस निरीक्षक घनश्याम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। ===============================
विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी
मंडी, 24 अप्रैल। विद्युत उप-मंडल–1 मंडी के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर ने आज यहां बताया कि कि आगामी 26 अप्रैल, 2026 को सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक यू-मॉल के लिए 11 केवी एचटी लाइन का कार्य निर्धारित किया गया है। इस कारण 11 केवी जेल रोड एचटी लाइन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों जेल रोड, तुंगल कॉलोनी, भंगोहली, जिला कारागर परिसर, पैलेस, अधीक्षण अभियंता (लोक निर्माण विभाग) कार्यालय, एग्रो इंडस्ट्रीज कार्यालय, ज़िला शिक्षा अधिकारी कार्यालय (जेल रोड), सुहड़ा मुहल्ला, रवि नगर, नर्सिंग हॉस्टल, महाजन बाज़ार, पैलेस, स्कोडी पुल, कुसुम थिएटर, माण्डव हॉस्पिटल व इसके आस-पास के क्षेत्रों में 26 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत् आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि मौसम प्रतिकूल रहने, बारिश इत्यादि की स्थिति में यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विद्युत उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
============================================
स्कूल पुस्तकालयों में पुस्तकों की आपूर्ति के लिए निविदाएं 20 मई तक
हमीरपुर 24 अप्रैल। जिला के चयनित 19 राजकीय प्राथमिक पाठशालाओं के पुस्तकालयों में पुस्तकें उपलब्ध करवाने के लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने इच्छुक प्रकाशकों, पुस्तक विक्रेताओं और अन्य संबंधित फर्मों से 20 मई शाम 3 बजे तक निविदाएं आमंत्रित की हैं।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती ने बताया कि निविदा के नियमों एवं शर्तों सहित पूरी जानकारी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय की वेबसाइट डीडीईईएचएमआर.ओरजी.इन ddeehmr.org.in पर उपलब्ध करवा दी गई है। निविदा प्रपत्र इस वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं या किसी भी कार्य दिवस को उपनिदेशक कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222749 पर संपर्क किया जा सकता है।
============================================
स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में न डालें बाधा
नादौन के सहायक अभियंता ने उपभोक्ताओं से की विशेष अपील
हमीरपुर 24 अप्रैल। विद्युत उपमंडल नादौन के सहायक अभियंता अक्षय कुमार ने बताया कि भारत सरकार की आरडीएसएस योजना के तहत बिजली के सभी पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और ये मीटर लगवाने के लिए उपभोक्ताओं पर कोई भी अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं डाला जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (मीटरों की स्थापना एवं संचालन) संशोधन विनियम-2026 के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्मार्ट मीटर उपलब्ध करवाना अनिवार्य किया गया है। विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 163 (1) के अंतर्गत लाइसेंसी अथवा उसके अधिकृत प्रतिनिधि को उचित सूचना देकर किसी भी परिसर में प्रवेश कर मीटर की जांच, मरम्मत अथवा प्रतिस्थापन करने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि धारा 163 (3) के अनुसार यदि कोई उपभोक्ता अधिकृत अधिकारी को परिसर में प्रवेश या कार्य करने से रोकता है तो लिखित सूचना के 24 घंटे के पश्चात विद्युत आपूर्ति को अस्थायी रूप से विच्छेदित किया जा सकता है।
सहायक अभियंता ने बताया कि नादौन में मीटर बदलने का कार्य सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद अधिकृत एजेंसी मैसर्स अप्रावा हमीरपुर स्मार्ट मीटर प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है। इसके बावजूद कुछ उपभोक्ता अधिकृत कर्मचारियों या एजेंसी को पुराने मीटर बदलने के लिए अपने परिसरों में प्रवेश की अनुमति नहीं दे रहे हैं जोकि नियमों के विरुद्ध है।
सहायक अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद वर्तमान पोस्टपेड उपभोक्ताओं की विद्युत दरों या सब्सिडी में कोई भी परिवर्तन नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मीटर सामान्यतः लाइसेंसी की संपत्ति होते हैं और उनका प्रतिस्थापन एक नियमित तकनीकी प्रक्रिया है।
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे अधिकृत अधिकारियों, कर्मचारियों और एजेंसी को सहयोग प्रदान करें तथा उन्हें स्मार्ट मीटर लगाने की अनुमति दें, ताकि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, कुशल एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।
सहायक अभियंता ने कहा कि इस आग्रह के बाद भी अगर कोई उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया में बाधा डालता है तो उसके खिलाफ विद्युत अधिनियम-2003 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसमें विद्युत आपूर्ति का विच्छेदन भी शामिल है।
==========================================
विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जल संरक्षण पर कार्यक्रम आयोजित
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एकांश कपिल ने की अध्यक्षता
पेय जल संरक्षण पर विद्यार्थियों को दिलाई शपथ
चम्बा, 24 अप्रैल -विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा के तत्वावधान में संचालित जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आज महर्षि दयानन्द आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चम्बा में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एकांश कपिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पेय जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 20 से 25 अप्रैल तक सात दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की थीम, जल संरक्षित करें, सुरक्षा करें एवं जल स्रोतों को पुनर्जीवित करें (सेव अवर वाटर परिसर्व प्रोटेक्ट रीस्टोर) निर्धारित की गई है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने पेय जल संरक्षण के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं उनकी स्वच्छता बनाए रखने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलवाई।
इस दौरान बारहवीं कक्षा की छात्रा हर्षिता भूषण एवं छात्र यशवर्धन सिंह ने भी पेय जल संरक्षण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी तथा विद्यार्थियों ने विद्यालय के समीप स्थित प्राकृतिक जल स्रोत (पनिहारा) पर सफाई अभियान भी चलाया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य महर्षि दयानन्द आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ब्रिज बाला सहित अध्यापक एवं विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।
==================================================
नगर परिषद घुमारवीं चुनाव 2026 के लिए मतदान केंद्र अधिसूचित
बिलासपुर, 24 अप्रैल: राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश के जारी निर्देशों के अनुपालन में नगर परिषद घुमारवीं के सामान्य निर्वाचन, 2026 के दृष्टिगत विभिन्न वार्डों के लिए मतदान केंद्र अधिसूचित कर दिए गए हैं।
जारी अधिसूचना के अनुसार वार्ड संख्या 1 (बड्डू) के लिए सीआरसी भवन, सेरीकल्चर बड्डू, कक्ष संख्या 1 को मतदान केंद्र बनाया गया है। वार्ड संख्या 2 (इंदिरा) के लिए शहीद विजय पाल मेमोरियल पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं (लीड), राजीव भवन, कक्ष संख्या 1 (जीएसएसएस बॉयज ओल्ड) निर्धारित किया गया है। वार्ड संख्या 3 (अंबेडकर) के लिए इसी विद्यालय के अटल भवन, कक्ष संख्या 2 (जीएसएसएस बॉयज ओल्ड) में मतदान केंद्र स्थापित किया गया है।
इसी प्रकार वार्ड संख्या 4 (कल्याणा) के लिए शहीद विजय पाल मेमोरियल पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं (ब्रांच), कक्ष संख्या 2 (जीएसएसएस गर्ल्स ओल्ड) को मतदान केंद्र बनाया गया है। वार्ड संख्या 5 (हरकुकर) के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला हरकुकर, कक्ष संख्या 2 निर्धारित किया गया है। वार्ड संख्या 6 (जगदंबा) के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला घुमारवीं, कक्ष संख्या 2 को मतदान केंद्र बनाया गया है।
वार्ड संख्या 7 (बाजोहा) के लिए ग्राम पंचायत घुमारवीं के बैठक हाल, शिव मंदिर के समीप को मतदान केंद्र बनाया गया है। वार्ड संख्या 8 (टिक्करी) के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला अबधानीघाट, कक्ष संख्या 1 तथा वार्ड संख्या 9 (दकडी) के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला अबधानीघाट, कक्ष संख्या 3 को मतदान केंद्र निर्धारित किया गया है।
रिटर्निंग अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
===================================================
उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर देने जाएं, तो मौके पर ही ई-केवाईसी सुनिश्चित करें गैस एजेंसियां
बिलासपुर 24 अप्रैल: जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, बिलासपुर बृजेंद्र पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है तथा विभाग द्वारा नियमित रूप से एलपीजी सिलेंडरों की मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जिसके अंतर्गत जिला में कार्यरत 14 गैस एजेंसियों में 3287 घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं, जो जिला की दैनिक खपत के अनुसार पर्याप्त हैं।
उन्होंने बताया कि जिला में कार्यरत सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी (इलेक्ट्रॉनिक नो योर कस्टमर) पूर्ण करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस संबंध में गैस एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने के लिए दिशा निर्देश दिए गए है कि जब भी वह गैस रिफिल के वितरण के लिए फोकल प्वाइंट पर जाएं, तो वहीं मौके पर ही उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी भी सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ई-केवाईसी न होने की स्थिति में भी उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन को ब्लॉक नहीं किया जा रहा है। उन्होंने जिला के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि जब भी गैस एजेंसी के कर्मचारी आपके फोकल प्वाइंट पर गैस आपूर्ति के लिए आएं, तो अपने कनेक्शन की ई-केवाईसी अवश्य पूर्ण करवाएं।