डबल इंजन की डबल मार, किसान मजबूर और लाचार – दुष्यंत चौटाला

नए नियमों से किसानों को परेशान ना करे सरकार, ओलावृष्टि से नुकसान की भरपाई करे - दुष्यंत चौटाला

चंडीगढ़, 5 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार की दोहरी मार के चलते आज किसान मजबूर और लाचार है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानी और मंडी व्यवस्था को खत्म करने पर तुली हुई है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार की अव्यवस्था के कारण आज किसानों की पक्की पकाई फसलें खेतों में खड़ी है। दुष्यंत ने कहा कि पिछले चार दिनों से प्रदेशभर की मंडियों में गेहूं की सरकारी खरीद नामात्र हुई है और उसमें भी किसानों को नई खरीद व्यवस्था के नाम पर तंग किया जा रहा है, जिसका किसान और आढ़ती खुलकर विरोध जता रहे है।

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खराब मौसम को देखते हुए किसान अपनी गेहूं, सरसों की फसल को निकालकर बेचना चाहता है, लेकिन मंडियों में सरकार की ओर से पुख्ता इंतजाम नहीं होने के कारण किसान परेशान हो रहा है। इतना ही नहीं जो किसान अपनी फसल मंडियों में लेकर जा रहा है, उन्हें सरकार द्वारा फसल में नमी, वेरिफिकेशन, गेट पास के लिए अंगूठे की मैचिंग जैसे नए-नए नियमों से उलझाया जा रहा है। वहीं किसानों को अपनी फसल का पूरा समर्थन मूल्य भी नहीं मिल रहा, क्योंकि सरकार नमी के नाम पर दाम में कटौती कर रही है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार मंडी व्यवस्था को खराब करना चाहती है, क्योंकि उन्हें किसानों के हितों की कोई परवाह नहीं है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज सरकार को किसानों के बारे में सोचना चाहिए कि उन पर डबल मार मारने की बजाय किसानों की फसल खरीदने की तैयारी पुख्ता और बरसात, ओलावृष्टि के चलते फसल खराबे का मुआवजा देने के लिए काम करना चाहिए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। दुष्यंत ने भाजपा सरकार को ये भी याद दिलाया कि भाजपा किसानों की आय दोगुनी करने की बड़ी-बड़ी बातें करती थी, लेकिन सरकार में आने बाद बीजेपी को लाचार और मजबूर किसान दिखाई नहीं दे रहे है।