भराड़ी, 4 अप्रैल 2026-अजमेरपुर ग्रीष्मोत्सव भराड़ी के समापन समारोह में प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मेला कमेटी द्वारा उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता टौणी देवी मंदिर भराड़ी से प्रातः 11 बजे निकाली गई भव्य शोभा यात्रा से हुई, जिसमें ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की गूंज के बीच श्रद्धालु एवं कलाकार नाचते-गाते हुए छिंज स्थल तक पहुंचे। इसके उपरांत आयोजित विशाल दंगल में देश के विभिन्न राज्यों से आए पहलवानों ने अपने दमखम और कौशल का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।
छोटी माली के मुकाबलों में पप्पू नैना देवी और प्रिंस बड़ा के बीच हुए सेमीफाइनल में पप्पू नैना देवी विजेता रहे, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में अनु करेर ने राहुल लदरौर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें पप्पू नैना देवी ने अनु करेर को हराकर हिमाचल केसरी का खिताब अपने नाम किया और ग्रीष्मोत्सव भराड़ी के विजेता बने।
बड़ी माली के मुकाबलों में लाली फगवाड़ा ने सेमीफाइनल में इरफान जम्मू को हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में विक्की चंडीगढ़ ने संजीव तलवंडी को पराजित किया। फाइनल में लाली फगवाड़ा और विक्की चंडीगढ़ के बीच लंबा और कड़ा मुकाबला चला, जिसमें अंततः लाली फगवाड़ा विजेता रहे और बड़ी माली का खिताब अपने नाम किया।
इस अवसर पर मंत्री राजेश धर्माणी ने विजेता और उपविजेता पहलवानों को सम्मानित करते हुए युवाओं से नशे, विशेषकर चिट्टे जैसी घातक प्रवृत्तियों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, ऊर्जा और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं तथा समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी और स्थानीय जनता को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।
दंगल में महिला पहलवानों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसमें साक्षी बिलासपुर और बबली कपाहड़ा के बीच आकर्षक मुकाबला देखने को मिला। इसके अतिरिक्त ऊना जिले के नंदपुर गांव के सगे भाई समर और राघव ने भी अपनी कुश्ती कला से दर्शकों को प्रभावित किया। उनके पिता इंद्रजीत की पहलवानी परंपरा की झलक भी इस मंच पर स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंत में मेला कमेटी के प्रधान करतार सिंह चौधरी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर सदर के पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान ख्यालीराम शर्मा, नायब तहसीलदार प्यारेलाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। रात्रि में ग्रीष्मोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है।