धर्मशाला, 4 अप्रैल। विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। जिससे लोगों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा सके। यह उद्गार उन्होंने गत दिवस शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बटबला में जल शक्ति विभाग के तहत उठाऊ पेयजल योजना मनेई-परगोड के संवर्धन के अंतर्गत लगभग 3.29 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना का विधिवत भूमिपूजन करने के उपरांत व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में 4 जल भंडारण टैंक भी बनाए जाएंगे।
इससे पूर्व उन्होंने लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना मनेई-परगोड के चल रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। यह परियोजना एडीबी के अंतर्गत है, जिसके तहत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 20 जल भंडारण टैंक बनाए जाएंगे।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने पर क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्लांट का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत घरों तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवा चुकी है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने हेतु राज्यभर में जल परीक्षण प्रयोगशालाएं भी स्थापित की गई हैं, जहां समय-समय पर पानी की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके उपरांत उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता जल शक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण रवि भूषण, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता एडीबी, एसडीओ जल शक्ति बलविंदर सिंह, डीएफओ अमित शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय कुमार, स्थानीय पंचायती राज संस्थाओं के पूर्व सदस्य, चंगर कांग्रेस समिति के सदस्य, बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीयों सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।