पंचकूला, 30.03.26- : सेक्टर-8 स्थित टिंकरबेल स्कूल (जूनियर ब्रांच ऑफ द भारत स्कूल) में रविवार को पंचकूला शतरंज चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन चेस एसोसिएशन पंचकूला द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने बतौर मुख्य अतिथि किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में चेस एसोसिएशन पंचकूला के अध्यक्ष प्रदीप गोयल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तेजिंदर गुप्ता टोनी, नरेश शर्मा, रविंद्रलाल गौड़, रोहित गर्ग, रोहित शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

विद्यालय की डायरेक्टर-प्रिंसिपल श्रीमती गीतिका सैनी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से मानसिक विकास, अनुशासन और एकाग्रता का महत्व बताया।

प्रतियोगिता में ट्राइसिटी क्षेत्र से लगभग 150 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह चैंपियनशिप अंडर-9, अंडर-13 और ओपन वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रणनीति, धैर्य और शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने शतरंज के प्रति अपनी गहरी समझ और बेहतरीन एकाग्रता से सभी को प्रभावित किया।
मुख्य अतिथि तरुण भंडारी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि बुद्धिमत्ता, धैर्य, अनुशासन और दूरदर्शिता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के युवा यदि खेलों, विशेषकर शतरंज जैसी मानसिक खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं, तो इससे उनकी निर्णय क्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल मजबूत होता है।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा,
“पंचकूला के बच्चों और युवाओं में अद्भुत प्रतिभा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास, एकाग्रता और खेल भावना का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच देते हैं, बल्कि बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन असली जीत सीखने, धैर्य और निरंतर प्रयास में होती है।”
तरुण भंडारी ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखती हैं। उन्होंने आयोजकों और अभिभावकों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों को सही दिशा देने में परिवार और संस्थाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

कार्यक्रम के दौरान रोहित गर्ग, रोहित शर्मा और मुख्य पर्यवेक्षक के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने, श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और रणनीतिक सोच को निखारने का एक उत्कृष्ट मंच साबित हुई।
अंत में मुख्य अतिथि ने विद्यालय प्रशासन और चेस एसोसिएशन पंचकूला को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया