*आपदा जागरूकता दिवस पर निकाला जाएगा नागरिक एकजुटता मार्च*
ऊना, 25 मार्च - कांगड़ा में वर्ष 1905 में आएं भूकम्प की वर्षगांठ को चिन्हित करते हुए 4 अप्रैल को आपदा जागरूकता दिवस के अवसर पर नागरिक एकजुटता मार्च निकाला जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकारण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि यह मार्च न्यू बस स्टैंड ऊना से डीसी आॅफिस चैक तक निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दिन सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों में इवैक्यूएशन ड्रिल भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा अप्रैल माह के दौरान पंचायत स्तर पर ग्राम सभा बैठकों के माध्यम से लोगों को भूकंप रोधी निर्माण प्रथाओं और आपदा प्रबंधन की तैयारियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आपदा जागरूकता दिवस राज्यव्यापी अभियान के रूप में मनाया जाता है जिसके तहत राज्य, जिला और समुदाय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भूकंप आपदा पूर्वाभ्यास, विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रशिक्षण शामिल हैं। इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य समुदाय को आपदा प्रबंधन की तैयारियों के प्रति जागरूक करना और स्थानीय स्तर पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण को बढ़ावा देना है।
=======================================
आरसेटी ऊना में मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण सम्पन्न, 35 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र
ऊना, 25 मार्च. पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ऊना में आयोजित 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त 35 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सभी प्रतिभागी परीक्षा में उत्तीर्ण रहे।
संस्थान के निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उन्हें मशरूम उत्पादन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रशिक्षार्थी आवश्यकता पड़ने पर बैंक से कम ब्याज दरों पर ऋण सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान आरबीआई के वित्तीय सलाहकार राजकुमार डोगरा ने भी प्रतिभागियों से संवाद किया।
निदेशक ने प्रतिभागियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए।
उन्होंने बताया कि संस्थान में शीघ्र ही ब्यूटी पार्लर प्रबंधन का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसमें 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक व्यक्ति भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, दोपहर का भोजन और चाय-पानी की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी, जबकि दूर-दराज से आने वाले प्रतिभागियों के लिए रहने और रात्रि भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।
कार्यक्रम में रजनी वाला और ग्राम सचिव राजकुमार भी उपस्थित रहे।
=================================================
*जिला रोजगार कार्यालय ऊना में साक्षात्कार 28 मार्च को*
ऊना, 25 मार्च। जिला रोजगार कार्यालय ऊना में 28 मार्च को प्रातः 10.30 बजे साक्षात्कार का आयोजन किया जा रहा है। यह साक्षात्कार इम्यूनटेक लाइफसाइंस प्राइवेट लिमिटेड गोंदपुर और एचपीजीआइसीएस कंट्री लिक्यूड बाॅटलिंग प्लांट मैहतपुर द्वारा लिया जाएगा जिसमें टेªनी टेक्निशियन के दो पद और दो पद अप्रेंटिसशिप के तौर पर भरे जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता ईलेक्ट्रिशियन टेªड में आईटीआई तथा डिप्लोमा, स्नातक होना अनिवार्य है। साथ ही, आयु सीमा पदानुसार 20 से 35 वर्ष और वेतन 9 से 14 हज़ार रूपये निर्धारित किया गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र जन्म तिथि प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र,दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा (अनुभव प्रमाण पत्र) सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए इम्यूनटेक लाइफसाइंस के मोबाइल नम्बर 96257-56343 और एचपीजीआइसीएस कंट्री लिक्यूड बाॅटलिंग प्लांट के मोबाइल नम्बर 98167-75827 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
========================================
29 मार्च को चुरुड़ू में लगेगा आयुष ग्राम मेला
ऊना, 25 मार्च. आयुष विभाग जिला ऊना द्वारा 29 मार्च 2026 को उपमंडल अंब के चुरुड़ू में आयुष ग्राम मेला एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी कार्यकारी जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि मेले का उद्देश्य आम जनता को आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाना है।
डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि मेले के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच की जाएगी तथा लोगों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा। इसके साथ ही आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण, योग व प्राणायाम का प्रदर्शन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आयुष से संबंधित विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें पंचकर्म, क्षारसूत्र, अग्निकर्म और जलौकावचारण जैसी आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों के बारे में आम लोगों को जानकारी दी जाएगी।
मेले में स्थानीय जनता के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
कार्यकारी जिला आयुर्वेद अधिकारी ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।