पुनर्गठित एवं नवगठित पंचायतों में होगी ग्राम सभा की विशेष बैठक, खंड विकास अधिकारी अधिकृत
मंडी, 24 मार्च। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मंडी जिला में पुनर्गठित एवं नवगठित पंचायतों में विशेष ग्राम सभा की बैठक के आयोजन के संबंध में आज यहां आदेश जारी किए हैं। इसके लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को अधिकृत किया गया है।
आदेशों के अनुसार सचिव, राज्य निर्वाचन आयोग हि०प्र० के निर्देशों के अन्तर्गत विकास खण्ड धनोटू की ग्राम पंचायत घिड़ी, विकास खण्ड निहरी की ग्राम पंचायत रोहांडा, विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत ब्रांग, बनाल, पपलोग, वसन्तपुर, लौंगणी, ग्रयोह, सरस्कान, लंगेहड़, सरी, डरबाड़, घरवासड़ा, बिंगा व सधोट, ग्राम पंचायत रखोह विकास खण्ड गोपालपुर, विकास खण्ड द्रंग स्थित पद्धर की ग्राम पंचायत नेरघरवासड़ा, मसौली व भराड़ू, विकास खण्ड गोहर की ग्राम पंचायत नौण व शिल्हूं, विकास खण्ड चौंतड़ा की ग्राम पंचायत ढेलू, विकास खण्ड सदर की ग्राम पंचायत जनेड, विकास खाड बल्ह की ग्राम पंचायत भडयाल, गलमा व सकरोहा, विकास खण्ड करसोग की ग्राम पंचायत ममेल, विकास खण्ड सुन्दरनगर की ग्राम पंचायत जाम्बला और कांगू, विकास खण्ड बालीचौकी की ग्राम पंचायत खोलानाल, खाहरी, नलवागी व कून तथा जिला मण्डी की नवगठित ग्राम पंचायतों विकास खण्ड द्रंग स्थित पद्धर की ग्राम पंचायत छतर सपैडू व मनोह, विकास खण्ड गोहर की ग्राम पंचायत कोट व बाबू, विकास खण्ड निहरी की ग्राम पंचायत चौकी, विकास खण्ड चौतड़ा की ग्राम पंचायत योरा व डोहग, विकास खण्ड सदर मण्डी की ग्राम पंचायत तान्दी, विकास खण्ड करसोग की ग्राम पंचायत वताला देहल, विकास खण्ड सुन्दरनगर की ज्योर व दयोही, विकास खण्ड गोपालपुर की जन्दरूकलां, विकास खण्ड धर्मपुर की हुक्कल, कांगो का गैहरा, ठाणा (बरोटी), गियुण, फिहड़, चसवाल, डबरोट व रोसो, विकास खण्ड बल्ह की ग्राम पंचायत टिक्कर कलां, करनेहडा व चतरौर में यह विशेष ग्राम सभा बैठक आयोजित की जाएगी।
इस विशेष ग्राम सभा बैठक में मसौदा मतदाता सूचियों के पूर्वावलोकन से संबंधित मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। पंचायती राज संस्थाओं के आगामी सामान्य चुनावों के दृष्टिगत पंचायत के पुनर्गठन/ विभाजन के कारण प्रारूप मतदाता सूची तैयार करने के लिए पुनः कार्यक्रम जारी किया गया है। प्रारूप मतदाता सूची की पूर्वावलोकन प्रति ग्राम सभा के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी ताकि त्रुटियों की जांच की जा सके और प्रारूप मतदाता सूची तैयार करते समय अधिकतम सटीकता प्राप्त की जा सके।
आदेशों में कहा गया है कि ग्राम पंचायतों में वर्तमान में प्रधान का पद रिक्त होने के कारण खंड विकास अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र की संबधित ग्राम पंचायतों में विशेष बैठक बुलाने के लिए अधिकृत हैं। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए वे अपने स्तर पर उपयुक्त तिथि निर्धारित करें और बैठक के आयोजन के लिए कम से कम तीन दिन पूर्व नोटिस जारी करें। संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों को प्रारूप मतदाता सूची की प्रीव्यू कॉपी अनिवार्य रूप से ग्राम सभा के समक्ष अवलोकन एवं सत्यापन के लिए रखना भी सुनिश्चित करें।===================
आपात स्थितियों में हैम रेडियो आपदा प्रबंधन की महत्वपूर्ण कड़ी- अपूर्व देवगन*
*• प्रदेश सरकार दे रही हैम रेडियो उपकरण क्रय करने के लिए 60 हजार रुपये तक की सहायता*
*मंडी, 24 मार्च।* उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं सहित अन्य आपात स्थितियों में हैम रेडियो आपदा प्रबंधन की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर सकते हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मंडी के संयुक्त तत्वावधान में जल शक्ति विभाग के राज्य प्रशिक्षण केंद्र, मंडी में आयोजित छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रशिक्षुओं से चर्चा में उन्होंने यह बात कही।
अपूर्व देवगन ने कहा कि आपदा या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में अकसर पारंपरिक संचार नेटवर्क बाधित हो जाते हैं और इन्हें पुनः बहाल करने में कई बार समय लगता है। ऐसे समय में हैम रेडियो एक प्रभावी वैकल्पिक संचार माध्यम के रूप में कार्य कर सकता है। उन्होंने बताया कि संचार के आपात साधनों के विकास पर राज्य सरकार की नीति के तहत संचार तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं को हैम रेडियो का यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मंडी जिला आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है। विशेषकर मानसून के दौरान यहां प्राकृतिक आपदाओं की संभावनाएं बनी रहती हैं। ऐसे में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों को परीक्षा पास करने पर लाइसेंस प्रदान किया जाता है, जिससे वे आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी संचार स्थापित करने में अपनी भूमिका निभा सकेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा लाइसेंस प्राप्त ऑपरेटरों को हैम रेडियो उपकरण क्रय करने के लिए 60 हजार रुपये तक की सहायता राशि भी प्रदान की जाती है। लाइसेंस प्राप्त ऑपरेटर्स का क्लब भी गठित किया जाता है ताकि वे विभिन्न गतिविधियों से जुड़े रहें और उनका निरंतर अभ्यास भी जारी रखा जा सके।
स्रोत व्यक्ति केंद्रीय संचार मंत्रालय के सेवानिवृत्त डीडीजी वी.के. आर्य तथा दिल्ली हैम रेडियो संस्थान की सचिव कुसुम ने हैम रेडियो के व्यावहारिक उपयोग पर जानकारी प्रदान की। वी.के. आर्य ने कहा कि हैम रेडियो शौकिया तौर पर प्रचलन में है, मगर आपदा के समय वैकल्पिक संचार माध्यम के रूप में भी इसका प्रभावी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने स्कूल व कॉलेज स्तर पर भी इस तरह के जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया।
=============================================
*विश्व क्षय रोग दिवस पर नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने निकाली रैली*
*100 दिन के अभियान में उच्च जोखिम गांवों में संक्रमित व्यक्तियों की पहचान की जाएगी*
*मंडी, 24 मार्च।* विश्व क्षय रोग दिवस आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपाली शर्मा की अध्यक्षता में मनाया गया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रीय अस्पताल मण्डी से नर्सिंग प्रशिक्षुओं की एक रैली व निःक्षय वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके बाद 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया गया। डॉ. दीपाली शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत टीबी रोग से संबंधित जागरूकता के साथ ही रोगियों की पहचान भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला मण्डी में चिन्हित 835 उच्च जोखिम वाले गावों में हैंड हेल्ड एक्स रे द्वारा जांच कर टीबी रोगियों की पहचान की जाएगी। इसके अतिरिक्त अन्य संभावित व्यक्तियों की भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि संक्रमित व्यक्ति का उपचार सरकारी अस्पतालों में बिल्कुल मुफ्त किया जाएगा व उक्त रोगियों को प्रोत्साहन राशि के अलावा निःक्षय मित्रों के माध्यम अतिरिक्त पोषण किट भी प्रदान की जाएंगी।
जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. अरिंदम राय ने बताया कि विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर रैड ऐरो प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों द्वारा क्षय रोग पर रील्स बनाई गईं जिसमें राजकीय नर्सिंग स्कूल मण्डी प्रथम, अरोमा नर्सिंग स्कूल सुन्दरगर दूसरे व हिमालयन नर्सिंग कॉलेज जोगिन्द्र नगर ने तीसरा स्थान हासिल किया। इन्हें क्रमशः 3000 रुपये, 2000 रुपये व 1000 रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अतुल गुप्ता, सलाहकार शेयर इंडिया डॉ सुशील चन्द्र, नर्सिंग प्रिंसीपल ऊषा चौहान, क्षय रोग विभाग में कार्यरत सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।
===============================================
सेरी पंचायत में किसानों को कृषि वानिकी के महत्व के बारे में अवगत करवाया
मंडी, 24 मार्च। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना–कैफेटेरिया के कृषि वानिकी घटक के अंतर्गत स्थानीय पहल के तहत गोहर खंड की सेरी पंचायत में डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के उप परिसर, औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग, (स्थित गोहर–गुडाहरी) द्वारा एक दिवसीय ऑफ-कैम्पस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस पहल में विभिन्न वैज्ञानिकों डॉ. यूर्मिला कुमारी, डॉ. गरिमा एवं डॉ. कशिश वालिया ने सक्रिय सहभागिता निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों को आरकेवीवाई–कैफेटेरिया योजना, इसके उद्देश्य, दायरा एवं कृषि वानिकी के महत्व के बारे में अवगत करवाया। प्रशिक्षण के दौरान कृषि वानिकी की मूल अवधारणा, इसके लाभ, मृदा स्वास्थ्य एवं संरक्षण, उपयुक्त प्रजातियों के चयन, जलवायु परिवर्तन के प्रति अनुकूलन तथा आजीविका संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन अवसर पर पर प्रतिभागी किसानों को पौध सामग्री एवं ट्राइकोडर्मा का वितरण भी किया गया।
================================================
नई उचित मूल्य की दुकानों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
मंडी, 24 मार्च। जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ब्रिजेंद्र सिंह पठानिया ने सूचित किया है कि जिला मण्डी में नई उचित मूल्य की दुकानों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया कि विकास खण्ड धर्मपुर की ग्राम पंचायत लंगेहड़ के गांव दुमण (वार्ड न० 2), विकास खण्ड बालीचौकी की ग्राम पंचायत भटवाड़ी के गांव रेहुकलघार (वार्ड न० 3), विकास खण्ड बल्ह की ग्राम पंचायत लोअर रिवालसर के गांव डोह (वार्ड नं० 1) तथा विकास खण्ड मण्डी सदर की ग्राम पंचायत देवरी के गांव देवरी (वार्ड नं० 1) में नई उचित मूल्य की दुकानों के सम्बन्ध में आवेदन प्राप्त करने की अन्तिम तिथि 31 मार्च, 2026 तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक https://emerginghimachal.ho.gov.in/back office/site/login पर पोर्टल के अनुसार समस्त आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियों सहित निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
===============================================
लघु रोजगार मेले में 160 अभ्यर्थियों का चयन*
*चयनित लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार*
*मंडी, 24 मार्च।* प्रदेश सरकार युवाओं को सरकारी तथा निजी क्षेत्र में रोजगार प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग शिमला तथा राज्य चयन आयोग हमीरपुर द्वारा जहां सरकारी क्षेत्र में सैकड़ों पद भरे जा रहे हैं, वहीं प्रदेश के सभी जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला रोजगार कार्यालय, मंडी द्वारा मंगलवार को मंडी में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 5 कंपनियों ने भाग लेते हुए लगभग 200 पदों को भरने के लिए साक्षात्कार आयोजित किए। मेले में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 410 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
जिला रोजगार अधिकारी मंडी, अरविंद सिंह चौहान ने मेले के दौरान अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा उनका मार्गदर्शन भी किया। उन्होंने बताया कि मेले में कंपनियों द्वारा योग्यता के आधार पर कुल 160 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिन्हें नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
उन्होंने बताया कि एक्सिस बैंक (एनआईआईटी) द्वारा सिस्टेंट मैनेजर के पदों के लिए 80 अभ्यर्थियों को चयनित सूची में शामिल किया गया, जिन्हें 36,500 रुपये मासिक वेतन प्रस्तावित है। कंपिटेंट ऑटो मोबाइल प्रा. लिमिटेड द्वारा सेल्स एग्जीक्यूटिव के पदों के लिए 10 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिनका मासिक वेतन 14,000 से 18,000 रुपये रहेगा। आनंद ऑटो केयर प्रा. लिमिटेट द्वारा सेल्ज़ ऑफिसर के पदों के लिए 8 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें 12,750 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
इसी प्रकार अलाइस ग्रो स्टाफिंग प्रा. लिमिटेड द्वारा सुपरवाइजर के पदों के लिए 30 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिनका मासिक वेतन 13,500 रुपये रहेगा, जबकि ग्राम तरंग टैक्निकल वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग प्रा. लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रिशियन, फिटर एवं मैकेनिस्ट आदि पदों के लिए 32 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिन्हें 12,507 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन समय-समय पर किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
चयनित लाभार्थियों ने इस तरह के रोजगार मेलों को एक सार्थक पहल करार देते हुए इसके लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें घर-द्वार पर ही रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
===============================================
*उपभोक्ता अधिकार एवं साइबर क्राइम पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित*
*मंडी, 24 मार्च।* जिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडी में आज एक दिवसीय उपभोक्ता अधिकार एवं साइबर क्राइम जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर हिमाचल प्रदेश उपभोक्ता मंच मंडी तथा आईटीआई मंडी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष पुरेन्दर वैद्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी और युवाओं का जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कानून और संविधान की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, जिससे समाज में नियम और व्यवस्था कायम रहती है तथा सभी धर्मों और वर्गों के लोग सम्मानपूर्वक जीवन-यापन कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं को मौलिक अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का संदेश भी दिया।
विशेष अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, साइबर क्राइम, सेंट्रल रेंज मंडी मनमोहन सिंह ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिनसे बचने के लिए सतर्कता और जागरूकता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपभोक्ता संघ के प्रधान विनोद कुमार, अधिवक्ता आकाश शर्मा (पूर्व सदस्य, जिला उपभोक्ता मंच मंडी), पूर्व अध्यक्ष बार एसोसिएशन नीरज कपूर, अधिवक्ता ललित ठाकुर, उपभोक्ता संघ के सचिव अधिवक्ता मनवीर पठानिया तथा अधिवक्ता कुमारी स्नेहा ने प्रशिक्षुओं को उपभोक्ता अधिकारों, शिकायत निवारण प्रणाली एवं साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी होने पर तुरंत संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश उपभोक्ता मंच मंडी द्वारा आईटीआई मंडी के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक उपभोक्ता अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य अजेश कुमार, संस्थान का स्टाफ, प्रशिक्षु तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।