टीबी उन्मूलन की राह पर तेजी से अग्रसर जिला ऊना - महेंद्र पाल गुर्जर*

*क्षेत्रीय अस्पताल में मनाया गया विश्व क्षय रोग दिवस*

ऊना, 24 मार्च- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जिला ऊना द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में जिला स्तरीय विश्व क्षय रोग दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने इस जिला स्तरीय विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य पर निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि जिला ऊना क्षय रोग नियंत्रण के लिए अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए जिलामें आशा वर्करों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशों के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जा रहा है जिसमें टीमें घर-घर जाकर लोगों को क्षय रोग के बारे में जागरूक किया जाएगा और क्षय रोग के संभावित रोगियों का क्षय रोग की जांच के लिए

चयनित कर, संभावित रोगियों के एक्सरे जांच व बलगम के नमूने गांव-गांव में

निक्षय वाहन के माध्यम एकत्रित किए जाएंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला में टीबी जांच की दर में बड़े पैमाने पर बढ़ोतरी की गई है और यह प्रसन्नता का विषय है जिला ऊना टीबी मुक्त भारत के तहत सभी श्रेणियों में नम्बर वन पर है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले के पांच अस्पतालों में अत्याधुनिक तकनीक से क्षय रोग की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षय रोगियों की शीघ्र पहचान, समयबद्ध उपचार और पोषण सहायता को प्राथमिकता देते हुए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ संजय मनकोटिया ने बताया कि विश्व क्षय रोग दिवस वर्ष 1982 से हर साल 24 मार्च को मनाया जाता है । इसका उद्देश्य टीबी (तपेदिक) पर नियंत्रण की दिशा में हासिल की गई उपलब्धियों को याद दिलाना और उनका सम्मान करना है। उन्होंने जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ विशाल ठाकुर व क्षयरोग नियंत्रण के लिए कार्य कर रहे समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को जिला ऊना में क्षयरोग कार्यक्रम में बेहतर सेवाएं देने के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया की जिला ऊना ने वर्ष 2025 में 31029 संभावित रोगियों की जांच की गई व जिला में 796 क्षय रोगी दर्ज किए गए जिनका उपचार निशुल्क विभिन स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत किया जा रहा है। उन्होंने क्षय रोग नियंत्रण के लिए आमजन को इस अभियान में बढ़-़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया ताकि क्षय रोगियों की जल्द से जल्द पहचान की जा सके व शीघ्र अति शीघ्र उपचार भी सुनिश्चित किया जा सके और किसी भी रोगी की जान को बचाया जा सके

जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ विशाल ठाकुर ने विश्व टीबी दिवस के अवसर पर बताया कि, हम टीबी उन्मूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं और टीबी मुक्त भारत की दिशा में सामूहिक प्रयासों को सुदृढ़ करते हैं। यह दिन शीघ्र निदान, संपूर्ण उपचार, पोषण संबंधी सहायता और सामुदायिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित करता है। निक्षय मित्र जैसी पहलों के माध्यम से व्यक्तियों और संगठनों को टीबी रोगियों को पोषण और मनोसामाजिक सहायता प्रदान करके उनका समर्थन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे उपचार के परिणाम और स्वास्थ्य लाभ में सुधार होता है।

इस अवसर पर जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, जिला क्षयरोग एवं एच आई वी कार्यक्रम समन्वयक गुलशन कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक राकेश ठाकुर , वरिष्ठ क्षय रोग लैब निरीक्षक संदीप धीर अस्पताल का समस्त स्टाफ सहित नर्सिंग छात्राएं उपस्थित रहीं।=================================
पीएनबी आरसेटी द्वारा आयोजित मशरूम खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न*
ऊना, 24 मार्च। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ऊना द्वारा आयोजित 10 दिवसीय मशरूम की खेती का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज(मंगलवार) को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी के निदेशक सुधीर शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को स्वरोजगार की दिशा में शीघ्र कदम बढ़ाने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक कौशल को अपनाकर युवा आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होने को कहा।
उन्होंने बताया कि संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यार्थियों के लिए बैंक द्वारा कम ब्याज दरों पर ऋण सुविधा उपलब्ध है, जिससे वे आसानी से अपना उद्यम शुरू कर सकें। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं—बीज उत्पादन, यूनिट स्थापना, देखरेख, पैकेजिंग, विपणन एवं व्यवसाय प्रबंधन—के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर परीक्षक के रूप में कमल प्रकाश, भारतीय रिज़र्व बैंक के साक्षरता सलाहकार राजकुमार डोगरा तथा इसी संस्थान से पूर्व में प्रशिक्षित होकर मशरूम उत्पादन में उत्कृष्ट सफलता अर्जित कर चुकी उद्यमी विद्या विश्वकर्मा भी उपस्थित रहीं। उनकी प्रेरक सफलता ने प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए और अधिक प्रोत्साहित किया।
यह प्रशिक्षण 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को निःशुल्क प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें न केवल तकनीकी कौशल बल्कि एक सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक प्रबंधकीय और विपणन दक्षताओं से भी अवगत करवाया गया।
इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी की संकाय सदस्य रजनी वाला, संकाय सहायक हिना डोगरा तथा मीनाक्षी जी भी मौजूद रहीं।

=============================================

सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पदों के लिए साक्षात्कार 28 और 30 को

ऊना, 24 मार्च। सिस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा पुरुष वर्ग में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 100 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 28 मार्च को सुबह 10.30 बजे उप रोजगार कार्यालय बंगाणा और 30 मार्च को उप रोजगार कार्यालय हरोली में आयोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण व अनुत्तीर्ण, ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, आयु सीमा 19 से 40 वर्ष और वेतन 17,500 से 23 हजार रूपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महीने की ट्रेनिंग के उपरांत अभ्यर्थियों की नियुक्ति एटीएम, अस्पतालों, औद्योगिक क्षेत्र, मॉल सहित अन्य संस्थानों में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। प्रमाण पत्र मूल रूप से प्रस्तुत करना होगा। अधिक जानकारी के लिए 85580-62252 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नही होगा।=============================

सोलन-दिनांक 24.03.2026

विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य पर संगोष्ठी आयोजित

सोलन ज़िला के टी.बी. सेल द्वारा विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य पर लोगों को क्षय रोग उन्मूलन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गत दिवस एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने की।
डॉ. अजय पाठक ने कहा कि सोलन ज़िला को क्षय रोग मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए क्षय रोग का शीघ्र निदान, पूर्ण उपचार, निरंतर प्रयास, जन जागरूकता और सामुदायिक भागदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष विश्व क्षय रोग दिवस का थीम ‘हां हम टी.बी. खत्म कर सकते हैं’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि क्षय रोग से बचाव के लिए रोगी की शुरुआती दौर में पहचान आवश्यक है ताकि सही उपचार से वह शीघ्र स्वस्थ बन सके।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा निक्षय मित्र के माध्यम से गांव-गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर में लोगों के एक्स रे व बलगम के माध्यम से बीमारी का पता लगाकर रोगी का उपचार आरम्भ किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि क्षय रोग के लक्षण दिखने पर अपनी नज़दीकी अस्पताल में जाकर जांच करवाना सुनिश्चित बनाएं ताकि ज़िला को क्षय रोग मुक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारियों, ज़िला टी.बी. सेल के सदस्य व प्रतिभागी उपस्थित थे।

====================================

आईटीआई शाहपुर में 31 मार्च को लगेगा लघु रोजगार मेला, 255 पदों के लिए होगा साक्षात्कार
धर्मशाला, 24 मार्च: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि 31 मार्च 2026 को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, शाहपुर में लघु रोज़गार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस लघु रोज़गार मेले में मैसर्ज हीरो मोटर कंपनी लुधियाना द्वारा महिला एवं पुरूष के 55 पद भरे जायंेंगे, चयनित उम्मीदवार को 18 हजार 500 से 22 हजार 500 रुपये प्रतिमाह के वेतन के साथ ही कैंटीन व यातायात सुविधा प्रदान की जायेगी।
इसके अतिरिक्त मैसर्ज वीएमटी स्पिनिंग मिल्स बद्दी द्वारा महिला एवं पुरुष के 100 पद हेतु साक्षात्कार लिया जाएगा और चयनित उम्मीदवार को 12 हजार 750 से 14 हजार 602 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ ही कैंटीन व यातायात सुविधा भी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त मैसर्ज एमआईएएस इंडिया लिमिटेड हमीरपुर द्वारा भी केवल पुरुष उम्मीदवारों के 100 पदों के लिए साक्षात्कार लिया जायेगा। चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 17 हजार 500 से 23 हजार 500 रुपये वेतन के साथ कैंटीन और यातायात सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र यदि हो साथ लेकर 31 मार्च को आईटीआई शाहपुर में साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।
===============================================

जनभागीदारी और जागरूकता से बनेगा टीबी मुक्त भारत: डाॅ. विवेक करोल
टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के लॉन्च पर मीडिया कार्यशाला आयोजित

धर्मशाला, 24 मार्च: जनभागीदारी और जागरूकता से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। यह अभियान तभी सफल होगा जब सभी विभाग, संस्थान और आमजन मिलकर इसके लिए सक्रिय सहयोग दें। ये विचार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विवेक करोल ने जोनल अस्पताल धर्मशाला के सभागार में विश्व टीबी दिवस के उपलक्ष्य में टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के लॉन्च के अवसर पर आयोजित मीडिया कार्यशाला में व्यक्त किए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि एआई आधारित आकलन के माध्यम से जिले में 969 उच्च जोखिम वाले गांवों और वार्डों की पहचान की गई है, जहां लक्षित स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक संवेदनशील आबादी के 1 लाख 56 हजार लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जबकि शेष लोगों की जांच जारी है। जिले की 287 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। वर्तमान में जिले में 400 से अधिक टीबी चैंपियन सक्रिय रूप से जागरूकता फैलाने में योगदान दे रहे हैं।
इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के डाॅ. निकेत ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लिए 10 लक्षणों के आधार पर अपफ्रंट एनएएटी टेस्टिंग तथा संवेदनशील आबादी के लिए एक्स-रे आधारित जांच को प्रमुख रणनीति के रूप में अपनाया गया है। इसके साथ ही 100 प्रतिशत टीबी केस नोटिफिकेशन, संपर्क ट्रेसिंग तथा टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट (टीपीटी) पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आर.के. सूद ने बताया कि कांगड़ा जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 के तहत जनभागीदारी आधारित माॅडल पर कार्य किया जा रहा है। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों और एनएएटी मशीनों के माध्यम से त्वरित जांच सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पोषण युक्त आहार टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में सहायक होता है।
इस अवसर पर टीबी जागरूकता एवं उन्मूलन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा टीबी चैंपियन अंतिमा गुलरिया, नीना देवी और सुनील कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उपचार के बाद वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और अब अन्य लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यशाला में टीबी उन्मूलन के लिए संचालित गतिविधियों के साथ-साथ टीबी से जुड़ी भ्रांतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर दैनिक जागरण के संपादक नवनीत शर्मा, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क रविंदर सहगल, पंजाब नेशनल बैंक के एजीएम भरत कैलाश चंद्र ठाकुर, एलडीएम रणवीर पृथ्वी, रेडक्राॅस के सचिव ओम प्रकाश शर्मा, रेडियो गुंजन के निदेशक विजय शर्मा सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार प्रतिनिधि, निक्षय मित्र, टीबी चैंपियन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
===============================================
एआई कोर्स के प्रशिक्षण के लिए मांगे आवेदन
धर्मशाला, 24 मार्च। हिमाचल प्रदेश सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हि॰ प्र॰ के निदेशालय अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं विशेष रूप से सक्षम वर्गों का सशक्तिकरण की ओर से अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत जिला कांगड़ा में अनुसूचित जाति श्रेणी के पात्र उम्मीद्वारों से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसमें कृत्रिम बुद्धिमता प्रोद्योगिकी की अवधारणाएं कोर्स में प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान से किसी भी विशय में स्नातक निर्धारित की गई है इसके साथ ही ऑफिस ऑटोमेशन, अकांउटिंग और पब्लिशिंग सहायक जिसकी अवधि 3 माह तथा योग्यता किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान से किसी भी विषय में बाहरवीं रखी गई है।
आवेदन के लिए आवेदक का अनुसूचित जाति वर्ग, हिमाचल प्रदेश का स्थाई निवासी, आयु 18 से 35 वर्श के मध्य होना अनिवार्य है। आवेदक का चयन स्नातक और बाहरवीं के अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। गरीबी रेखा से नीचे सम्बन्धित उम्मीद्वारों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा 30 प्रतिशत सीटें महिला प्रार्थी के लिए आरक्षित होंगी।
प्रषिक्षुकों को 2000 रूपये प्रति माह दिया जाएगा तथा प्रषिक्षण केंद्र हिप्पा-नीलिट कम्प्यूटर लैब, डीसी ऑफिस कॉम्लेक्स, कांगड़ा स्थित धर्मषाला निर्धारित किया है।
आवेदन पत्र जिला कल्याण अधिकारी कांगड़ा स्थित धर्मषाला या सम्बन्धित तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में वांछित दस्तावेजों सहित जमा कराने होंगें।