वन अधिकार अधिनियम के प्रस्तावों को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
चम्बा, 24 मार्च -उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र चम्बा के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में वन अधिकार अधिनियम (एफआरए), 2006 के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम, 2006 की धारा 3(2) के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति के तहत प्राप्त विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपमंडल समिति द्वारा प्राप्त प्रस्तावों से संबंधित विभागीय औपचारिकताएँ समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। उन्होंने सभी उपमंडलाधिकारीयों से समय समय पर उप-मंडल स्तरीय समिति (एसडीएलसी)की बैठकें आयोजित करते रहने और मामलों को जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) के समक्ष रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर आवश्यक जाँच, स्थल निरीक्षण तथा दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय में सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान समिति ने प्रस्तुत प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक टिप्पणियाँ एवं सुझाव दर्ज किए व कुछ मामलों को मंजूरी भी प्रदान की।
बैठक में जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह, वन मंडल अधिकारी वन्यजीव केएस जमवाल, वन मंडल अधिकारी डलहौज़ी रजनीश महाजन, जिला योजना अधिकारी डॉ देवेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी भटियात अनिल गुराडा, सहायक अभियंता जल शक्ति सिहुंता दिनेश सिंह व शिक्षा विभाग से तरलेश बाली उपस्थित रहे।
=======================================
जिला मुख्यालय में सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल
उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न विद्यालय प्रबंधन समितियों को किया सम्मानित
चम्बा, 24 मार्च -उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति विद्यालय का एक महत्वपूर्ण भाग है। विद्यालय का समुचित रखरखाव एवं प्रभावी प्रबंधन काफी हद तक विद्यालय प्रबंधन समिति की सक्रियता पर निर्भर करता है।
उपायुक्त आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चंबा के सौजन्य से जिला मुख्यालय में आयोजित सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर बोल रहे थे। संबोधन में उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समितियों से आह्वान किया कि वे अधिक सक्रियता के साथ विद्यालयों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा शिक्षा के स्तर को सुधारने में अहम भूमिका निभाएं।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि स्कूल मैनेजमेंट कमेटी का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा में भागीदार बनाना और विद्यालय प्रबंधन में उनकी भूमिका सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति का फोकस केवल निर्माण कार्यों तक सीमित न होकर शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के समग्र विकास पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को इस प्रकार से शिक्षित किया जाए कि वे भविष्य में अपने जीवन के निर्णय स्वयं ले सकें।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति शिक्षकों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ उन्हें सहयोग भी प्रदान करे, ताकि वे अपनी पूरी ऊर्जा शिक्षण कार्य में लगा सकें। साथ ही समाज के अनुभवी लोगों को विद्यालय से जोड़कर बच्चों को प्रेरित किया जा सकता है।
उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली एसएमसी की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि उनकी कार्यप्रणाली अन्य विद्यालयों के साथ साझा की जाए।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिले भर में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभिन्न विद्यालय प्रबंधन समितियों को सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त भाषण प्रतियोगिता एवं कम्युनिटी मोबिलाइजेशन गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा नशे के दुष्प्रभाव और स्वच्छता पर प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए गए।
जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय प्रबंधन समिति
प्राथमिक विद्यालयों में-प्रथम स्थान: राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुठेड़- 1 शिक्षा खंड चुवाडी
द्वितीय स्थान: राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बलेरा शिक्षा खंड बनीखेत तृतीय स्थान: राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशालाक गरनोटा, शिक्षा खंड सिहुंता ने हासिल किया।
मिडिल विद्यालयों में-प्रथम स्थान: राजकीय माध्यमिक विद्यालय ककियां शिक्षा खंड हरदासपुरा
द्वितीय स्थान: राजकीय माध्यमिक विद्यालय गधेटरा शिक्षा खंड सलूनी तृतीय स्थान: राजकीय माध्यमिक पाठशाला प्राहन्वी शिक्षा खंड कियाणी ने प्राप्त किया।
हाई व सीनियर सेकेंडरी विद्यालयों में- प्रथम स्थान: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलेरा शिक्षा खंड बनीखेत
द्वितीय स्थान: राजकीय उच्च विद्यालय सरोग, शिक्षा खंड सिहुंता, तृतीय स्थान: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होबार, शिक्षा खंड चुवाडी ने प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक एवं मिडिल स्तर के विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इसमें खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के विजेताओं को निम्नानुसार पुरस्कृत किया गया:
प्रथम स्थान – 5000, द्वितीय स्थान – 3000, तृतीय स्थान – 2000
इसके अतिरिक्त विजेताओं को शैक्षिक सामग्री, मोमेंटो, प्रमाण पत्र एवं डिक्शनरी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उप निदेशक विकास महाजन, प्रिंसिपल व कोऑर्डिनेटर डॉ. कविता बिजलवान सहित डाइट चम्बा के स्टाफ सहित बड़ी संख्या में बच्चे और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।
==========================================
विश्व क्षय रोग दिवस पर चम्बा में नि-क्षय अभियान की शुरुआत
उपायुक्त ने दिखाई जागरूकता रैली व नि-क्षय वाहन को हरी झंडी
चम्बा, 24 मार्च-विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने आज पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चम्बा के प्रांगण से नि-क्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने मेडिकल कॉलेज चम्बा, स्थानीय नर्सिंग कॉलेजों एवं विद्यालयों की छात्राओं द्वारा निकाली गई क्षय रोग जागरूकता रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष विश्व क्षय रोग दिवस की थीम "हाँ, हम टीबी का अंत कर सकते हैं (यस वी कैन ऐंड टीबी)" निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा देश से क्षय रोग उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चम्बा जिले में 100 दिवसीय विशेष अभियान आज से प्रारंभ किया गया है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक खांसी, वजन कम होना या अन्य संबंधित लक्षण दिखाई दें, तो वे तुरंत अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। उन्होंने यह भी बताया कि क्षय रोग का उपचार पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध है।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने जानकारी दी कि प्रथम चरण 7 दिसंबर 2024 से 14 मार्च 2025 तक चलाया गया। इस 100 दिवसीय अभियान में लगभग 1.6 लाख नागरिकों की स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान करीब 1522 क्षय रोग के मरीजों की पहचान की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान का दूसरा चरण आज से शुरू किया गया है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सात स्वास्थ्य खंडों में नि-क्षय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से दूरदराज एवं जनजातीय क्षेत्रों में शत-प्रतिशत जनसंख्या की क्षय रोग जांच सुनिश्चित करना है।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर भी जांच करेंगी। डॉ. भारद्वाज ने सभी नागरिकों से इस 100 दिवसीय अभियान को सफल बनाने हेतु स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने तथा सही जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
=========================================
जिले में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू :- मुकेश रेपसवाल
चम्बा, 24 मार्च- उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने कहा कि जिले में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों (19 केजी) की आपूर्ति नियमित एवं सुचारू रूप से की जा रही है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराहट में खरीदारी (पैनिक बाइंग) करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
वे आज जिले में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के नियमित वितरण को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान कमी की स्थिति के दौरान व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के वितरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा नीति जारी की गई है जिसमें प्राथमिकता आधारित व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का आवंटन किया जा रहा है जिसमें 37 प्रतिशत आवंटन शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों में, 36 प्रतिशत होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों में, 14 प्रतिशत सामाजिक कार्यक्रमों एवं सभाओं व 13 प्रतिशत सरकारी/ सार्वजनिक उपक्रम (पीएसयू)/ कॉर्पोरेट/ औद्योगिक अतिथि गृह एवं कैंटीन आदि में क्रमशः किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर उपभोगता अपनी मांग संबंधित वितरक (डिस्ट्रीब्यूटर) को पहले ही दे दें और वितरण, उपभोक्ताओं द्वारा किए गए बुकिंग अनुरोधों, पहले आया, पहले पाया के आधार पर सख्ती से किया जाए।
उन्होंने जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोगता मामले अधिकारी व पुलिस विभाग से जिले में सिलेंडरों की काला बाजारी और जमाखोरी की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी पर्यटन सीजन के मद्देनज़र पर्यटन स्थलों, जैसे डलहौज़ी आदि के होटलों में भी व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू एवं सुनिश्चित बनी रहे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जालम भारद्वावाज, जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोगता मामले अधिकारी करण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शर्मा उपस्थित रहे।