नरेश ठाकुर ने किया पक्का भरो के छिंज मेले का शुभारंभ
कहा, युवाओं को नशे से बचाने में बड़ी भूमिका अदा कर सकती हैं खेलकूद गतिविधियां
हमीरपुर 25 मार्च। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने बुधवार को पक्का भरो के छिंज मेले का उदघाटन किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि छिंज मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति की पहचान हैं। ये छिंज मेले एवं उत्सव जहां आपसी भाईचारे और मेल-मिलाप को बढ़ावा देते हैं, वहीं युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराई से बचाने में कुश्ती और अन्य सभी खेल गतिविधियां बहुत बड़ी भूमिका अदा कर सकती हैं। सभी छिंज मेले कमेटियों को इस दिशा में विशेष रूप से कार्य करना चाहिए।
नरेश ठाकुर ने बताया कि युवाओं को नशे से बचाने और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बजट में 12 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि पक्का भरो के छिंज मेले के विस्तार के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इससे पहले, पक्का भरो छिंज मेला कमेटी के अध्यक्ष होशियार सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष रूप सिंह ठाकुर, सदस्य तिलक चंद चौधरी, अभय ठाकुर, पवन ठाकुर और अन्य पदाधिकारियों ने नरेश ठाकुर का स्वागत किया तथा उन्हें मेले से संबंधित विभिन्न प्रबंधों की जानकारी दी। इस कुश्ती मेले में बड़ी संख्या में पहलवानों ने भाग लिया।
===============================
पोषण और प्रारंभिक शिक्षा से मजबूत होगी बच्चों की नींव
भोरंज में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
भोरंज, 25 मार्च। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत पोषण अभियान के तहत बाल विकास परियोजना भोरंज में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नवचेतना आधारशिला, कुपोषण प्रबंधन, माइक्रोन्यूट्रिएंट की कमी, पोषण 2.0, बच्चों के जीवन के प्रथम 1000 दिनों का महत्व, स्तनपान के लाभ, कोलोस्ट्रम का महत्व, आयु-अनुसार पूरक आहार एवं भोजन विविधता, दिव्यांग बच्चों की स्क्रीनिंग एवं समावेशन, ईसीसीई गतिविधियों तथा विभिन्न असेसमेंट टूल्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 32 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रारंभिक अवस्था में पोषण एवं शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखते हैं और इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम में दिए गए प्रशिक्षण को जमीनी स्तर पर लागू करें।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी भोरंज सुनील कुमार, वृत्त पर्यवेक्षक रवि कुमार, सुनील कुमार नड्डा, अभिषेक ठाकुर, कुंता राणा, अंजना शर्मा और अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
=============================
एचपीआरसीए ने घोषित किया ग्रुप इंस्ट्रक्टर का फाइनल परिणाम
हमीरपुर 25 मार्च। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने तकनीकी शिक्षा, वोकेशनल एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग में ग्रुप इंस्ट्रक्टर (ट्रेनी) के पदों को भरने के लिए पोस्ट कोड-24001 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि दस्तावेजों की जांच के बाद 12 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
============================
एलडीआर परीक्षा में उत्तीर्ण एसएमसी शिक्षकों के दस्तावेजों का सत्यापन 27-28 को
हमीरपुर 25 मार्च। एसएमसी शिक्षकों के लिए आयोजित एलडीआर भर्ती परीक्षा में उत्तीर्ण जिला हमीरपुर के टीजीटी हिंदी, टीजीटी संस्कृत और ड्राइंग मास्टरों के दस्तावेजों का सत्यापन 27 और 28 मार्च को सुबह 10 बजे प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में किया जाएगा।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार टीजीटी हिंदी और टीजीटी संस्कृत को अपने साथ दसवीं एवं बारहवीं के कक्षा प्रमाण पत्र, बीए, बीएड, एमए की मार्क्स शीट्स तथा डिग्रियां, टैट प्रमाण पत्र, एसएमसी के नियुक्ति आदेश, उपनिदेशक द्वारा सत्यापित अनुभव प्रमाण पत्र, एलडीआर परीक्षा का आवेदन पत्र एवं एडमिट कार्ड, कार्य एवं आचरण प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र और एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।
ड्राइंग मास्टर के उम्मीदवारों को दसवीं एवं बारहवीं के कक्षा प्रमाण पत्र, संबंधित डिप्लोमा या डिग्री की मार्क्स शीट्स, एसएमसी के नियुक्ति आदेश, उपनिदेशक द्वारा सत्यापित अनुभव प्रमाण पत्र, एलडीआर परीक्षा का आवेदन पत्र एवं एडमिट कार्ड, कार्य एवं आचरण प्रमाण पत्र, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र, श्रेणी प्रमाण पत्र और एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।
टीजीटी के लिए बीएड, टैट और एसएमसी अनुभव प्रमाण पत्र अनिवार्य है। ड्राइंग मास्टर के लिए एसएमसी अनुभव प्रमाण पत्र अनिवार्य है। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में अभ्यर्थी को पात्र नहीं माना जाएगा।
=========================
सोलन -दिनांक 25.03.2026
क्रेच कार्यकर्ता व सहायिका के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित
बाल विकास परियोजना सोलन के अंतर्गत क्रेच कार्यकर्ता तथा सहायिका के रिक्त पदों को भरने के लिए साक्षात्कार प्रथम अप्रैल, 2026 को प्रातः 10.00 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन कविता गौतम ने दी।
कविता गौतम ने कहा कि आंगनबाड़ी सह क्रैच केन्द आई.टी.आई. कॉलोनी के पर्यवेक्षक वृत्त सोलन शहरी, आंगनबाड़ी सह क्रैच केन्द थाना-2 नज़दीक डाईट के पर्यवेक्षक वृत्त सोलन शहरी तथा आंगनबाड़ी सह क्रैच केन्द रबौन के पर्यवेक्षक वृत्त सोलन ग्रामीण में क्रेच कार्यकर्ता तथा सहायिकाओं के 1-1 पद भरे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आवेदनकर्ता को इन पदों के लिए 30 मार्च, 2026 सांय 05.00 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन के कार्यालय में अपना आवेदन प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। क्रेच कार्यकर्ता के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं व क्रेच सहायिकाओं के लिए उम्मीदवार की दसवीं उत्तीर्ण होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में उम्मीदवार को तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार द्वारा जारी एवं प्रतिहस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
उन्होंने कहा कि आवेदक को आवेदन पत्र के साथ आयु, उच्च शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांग, विधवा, स्टेट होम अथवा बालिका आश्रम की प्रवासिनी, तलाकशुदा, जिनके पति पिछले 07 वर्षों से लापता हो, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। उम्मीदवारों को साक्षात्कार के दिन इन सभी प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां भी अपने साथ लानी होंगी। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में अलग से व्यक्तिगत बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन में सम्पर्क कर सकते हैं।