BILASPUR, 25.03.26-राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला घुमारवीं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उप मंडल अधिकारी( नागरिक) घुमारवीं, गौरव चौधरी ने आज मेला ग्राउंड का विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग, जल शक्ति विभाग, नगर परिषद सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व शहर के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उप मंडल अधिकारी ने मेला स्थल के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर चल रही तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि 5 अप्रैल से प्रारंभ होने वाला यह राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और समन्वय के साथ करना होगा।
गौरव चौधरी ने बताया कि मेले के सफल संचालन के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली तथा यातायात प्रबंधन को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के आरंभ से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं धरातल पर सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था तथा निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले को और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से बड़े और छोटे झूलों तथा अन्य मनोरंजक गतिविधियों के लिए पुल के समीप अलग स्थान चिन्हित किया गया है। इसके साथ ही मेला ग्राउंड से उक्त स्थान तक आने-जाने के लिए एक सुगम और सुरक्षित मार्ग विकसित किया जाएगा, जिससे लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान सीरखड्ड में बने चेक डैम का भी अवलोकन किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर चेक डैम के दोनों ओर रेलिंग लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। चेक डैम के दोनों सिरों को मेला ग्राउंड से कनेक्ट कर दिया गया है ताकि लोगों को आने-जाने में किसी भी प्रकार का दिक्कत का सामना न करना पड़े
प्रशासन का लक्ष्य है कि इस वर्ष का ग्रीष्मोत्सव मेला न केवल सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हो, बल्कि व्यवस्थाओं के दृष्टिकोण से भी एक आदर्श आयोजन बनकर उभरे।
उप मंडल अधिकारी ने विश्वास जताया कि सभी विभागों के संयुक्त प्रयासों से राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला घुमारवीं का आयोजन भव्य, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न होगा।