चण्डीगढ़, 25.03.26- : चैत्र मास की छठ पूजा का महापर्व मौलीजागरां-विकास नगर स्थित शिव मंदिर में बड़े ही धूमधाम और आस्था के साथ मनाया गया। पूर्वांचल संस्कृति के इस महत्वपूर्ण त्योहार को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह और उमंग देखी गई।पूर्वांचल समाज के लिए छठ पूजा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि अटूट आस्था का प्रतीक है। वर्ष में दो बार मनाए जाने वाले इस पर्व के तहत, चैत्र मास के अंतिम दिनों में यह पूजा संपन्न हुई। विकास नगर शिव मंदिर परिसर में आयोजकों द्वारा एक विशेष कृत्रिम घाट का निर्माण किया गया। इस घाट को पवित्र गंगाजल से शुद्ध कर गंगा मैया के समान दर्जा दिया गया, जहाँ व्रतियों ने श्रद्धापूर्वक सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।

इस पावन अवसर पर चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश सचिव शशि शंकर तिवारी शिव मंदिर के मुख्य पुजारी शास्त्री बिपिन बिहारी पाण्डेय ने सभी छठ व्रतियों को अर्घ्य देकर मंत्रों द्वारा पूजा शुरू करवाया। इस कार्यक्रम में सैंकड़ों की संख्या में पूर्वांचलवासी शामिल हुए। महिलाओं और पुरुषों ने पूरी लगन, तन-मन और धन से छठ मैया की आराधना की। इस दौरान पूरे वातावरण में छठ गीतों की गूंज रही। उपस्थित श्रद्धालुओं ने अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली के लिए छठ मैया और सूर्य देव से प्रार्थना की।आयोजकों ने बताया कि आज के समय में छठ पूजा केवल पूर्वांचल तक सीमित न रहकर पूरे देश -विदेश में एक बड़े महापर्व के रूप में स्थापित हो चुकी है, जो एकता और भाईचारे का संदेश देती है।