NEWS RECEIVED FROM JJP H.QS CHANDIGARH
March 23, 2026 05:36 PM
वैचारिक क्रांति के लिए जेजेपी जन-जन तक पहुंचेगी और भाजपा के खिलाफ लड़ेगी मजबूत लड़ाई - दिग्विजय चौटाला
अप्रैल से जेजेपी के सभी विश्वविद्यालय और मई से एक हजार गांवों के दौरे के कार्यक्रम शुरू – दिग्विजय चौटाला
चंडीगढ़, 23 मार्च। शहीदी दिवस के अवसर पर जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने ऐलान करते हुए कहा है कि वैचारिक क्रांति का संकल्प लेते हुए जेजेपी प्रदेशभर में जनविरोधी भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ने जा रही है। उन्होंने कहा कि अप्रैल में छात्र संगठन इनसो के नेतृत्व में वे प्रदेशभर के सभी विश्वविद्यालयों का दौरा करेंगे। सात अप्रैल को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से इसकी शुरुआत होगी और भाजपा सरकार की छात्र विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। सोमवार को दिग्विजय शहीदी दिवस के अवसर पर जींद में जेजेपी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से रूबरू थे। इससे पहले दिग्विजय चौटाला ने शहीदों को नमन करते हुए खुद रक्तदान किया। साथ ही उन्होंने जेजेपी की युवा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को भी संबोधित किया।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 15 मई से जेजेपी युवा जन-जन अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत प्रदेशभर के करीब एक हजार गांव में वे पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं के साथ गांव-गांव जाकर जनविरोधी भाजपा के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ जेजेपी फील्ड में लड़ाई लड़ेगी और 9 दिसंबर को जेजेपी के स्थापना दिवस से पहले संगठन मजबूती के साथ-साथ लोगों को एकजुट किया जाएगा। इस दौरान मंडियों का दौरा करने के साथ-साथ बुढ़ापा पेंशन, बीपीएल कार्ड कटौती, बेरोजगारी और हरियाणा से बाहर के लोगों को नौकरी देने जैसे गंभीर मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हम वैचारिक तौर पर सदा भाजपा के विरोधी थे और रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को तोड़ना चाहती है और जेजेपी सभी 36 बिरादरी को जोड़ने की सोच रखती है। दिग्विजय ने ये भी कहा कि आज प्रदेश के हालात बेहद खराब हो चुके है और हरियाणा के मुख्यमंत्री पंजाब घूमने में व्यस्त हैं। वहीं राज्यसभा चुनाव के सवाल पर दिग्विजय ने कहा कि आज ये सोचने की बात है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कितने हाथ भाजपा के साथ मिले हुए है? कांग्रेस के पास विधायकों की गिनती ज्यादा होने के बावजूद भी बड़ी मुश्किल से जीत हुई, जो कि साफ तौर पर कांग्रेस की आपसी कलह को दर्शाती है। वहीं इनेलो की जिम्मेदारी विपक्ष को मजबूत करने की बनती थी और भाजपा को हराना था, लेकिन इनेलो का घर बैठकर नंबर गैम कम करना एक गहरी सोची-समझी साजिश को उजागर करता है। जेजेपी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में सैकड़ों युवाओं ने रक्तदान किया। इस दौरान पूर्व विधायक अमरजीत ढांडा, जेजेपी जिला अध्यक्ष जोरा सिंह सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी एवं भारी संख्या में युवा कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।
For further display of news in English with photographs in JPG file on "indianewscalling.com"
CONTACT: M.M.Khanna, Web-Master cum Director
Location: 585, Shantivan Housing Coop Society,
Sector-48 A, Chandigarh-160047
Ph: 0172-4620585 , Mobiles: 09217737625 & 9877215655
Email: mmk.vvi@gmail.com & mmkhanna585@yahoo.com
Share this News/Article on Facebook Share this News/Article on Facebook