भोटा 23 मार्च। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने कहा है कि नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक बड़ी जंग का ऐलान किया है। समाज के सभी वर्गों और विशेषकर युवाओं को इस जंग में सक्रिय योगदान देना चाहिए, ताकि हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह नशामुक्त बनाया जा सके। सोमवार को यहां राज राजेश्वरी कालेज ऑफ एजूकेशन में आयोजित एक जागरुकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नरेश ठाकुर ने यह अपील की।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी जिस तेजी से इसके जाल में फंस रही है, वह बहुत ही चिंताजनक है। अगर आज हमारा परिवार या नजदीकी रिश्तेदार इससे बचे हुए हैं तो भी हमें अलर्ट रहने और नशा विरोधी अभियान में सक्रिय योगदान देने की आवश्यकता है।

नरेश ठाकुर ने बताया कि हिमाचल में नशे के तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए प्रदेश सरकार ने न केवल सख्त कदम उठाए हैं, बल्कि नशा विरोधी मुहिम को एक जन आंदोलन का रूप दिया है। मुख्यमंत्री ने एनडीपीएस एक्ट को सख्ती से लागू किया है और इसी के परिणामस्वरूप प्रदेश भर में नशा माफिया की करोड़ों की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। प्रदेश सरकार ने नशे के खिलाफ एक विशेष फोर्स के गठन का निर्णय भी लिया है। नशे के कारोबार और सेवन में संलिप्त लोगों की सूचना टॉल फ्री नंबर 112 पर या ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप पर दी जा सकती है। इन पर सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं। चिट्टे के तस्करों की सूचना देने वाले लोगों के लिए मुख्यमंत्री ने 10 हजार से 10 लाख रुपये तक के पुरस्कारों की घोषणा की है। ये पुरस्कार नशीले पदार्थों की बरामदगी की मात्रा के अनुसार दिए जाते हैं और सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से संचालित किए जा रहे नशा निवारण एवं उपचार केंद्रों (नई दिशा केंद्रों) को सुदृढ़ कर रही है और इनमें सभी आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान कर रही है। जोल सप्पड़ में बन रहे मेडिकल कालेज के नये परिसर में मुख्यमंत्री ने एक बहुत बड़े नशा निवारण केंद्र की स्थापना का निर्णय भी लिया है, जिसके लिए अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है।

नरेश ठाकुर ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मुख्यमंत्री ने इस बार बजट में विशेष रूप से खेल गतिविधियों हेतु 12 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जोकि बहुत ही सराहनीय है।

इस अवसर पर नशा निवारण बोर्ड के बीओडी मैंबर रूबल सिंह ठाकुर ने भी अपने विचार रखे। कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. राज धीमान ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में राज राजेश्वरी एजूकेशनल सोसाइटी के सचिव कुलवीर ठाकुर, कुलदीप ढटवालिया, कैप्टन झंगन सिंह, रुद्राक्ष सिंह और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। नरेश ठाकुर और अन्य सभी गणमान्य लोगों ने कालेज के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा निकाली गई नशा विरोधी रैली में भी भाग लिया।