जिला स्तरीय कार्यान्वयन एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता

जिला की 31 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के कम्प्यूटरीकरण को अनुमोदन प्रदान

समितियों के आय स्रोतों को बढ़ाने के लिए उठाए जाएं आवश्यक कदम -उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चंबा, मार्च 23-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय कार्यान्वयन एवं निगरानी समिति की बैठक का आयोजन उनके कार्यालय कक्ष में किया गया।
बैठक के दौरान जिला में सहकारी क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) के कम्प्यूटरीकरण के तीसरे चरण के तहत विकासखंड चंबा, भरमौर , मैहला, पांगी, सलूणी और तीसा की 31 समितियों को अनुमोदन प्रदान किया गया ।
मुकेश रेपसवाल संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि चूंकि प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों द्वारा कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों से जुड़े क्रेडिट तथा गैर-क्रेडिट कार्यों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना है। ऐसे में जानकारी एवं जागरूकता के लिए समिति के सचिवों को उपमंडल स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाए । साथ में यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी प्रविष्टियां (एंट्रीज) ऑनलाइन अपलोड हों।
उपायुक्त ने समितियों के आय स्रोतों को बढ़ाने तथा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऋण मामलों में वृद्धि करने के को लेकर आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सहायक पंजीयक, सहकारी सभाएं ने प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों से संबंधित जानकारियां साझा कीं। उन्होंने यह भी अवगत किया कि कम्प्यूटरीकरण के प्रथम एवं द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला में 83 समितियों को जोड़ा जा चुका है।
डीडीएम नाबार्ड ने इस दौरान समितियां के आय संसाधनों को बढ़ाने के लिए 15 से अधिक गतिविधियों की जानकारी रखी जिनमें वर्मी कंपोस्ट यूनिट, कोल्ड स्टोर, वेयरहाउस, कस्टमर हायरिंग सेंटर, सोलर आधारित प्रोजेक्ट इत्यादि शामिल है।
प्रबंधक राज्य सहकारी बैंक ने बैठक में कार्यवाही का संचालन करते हुए समितियों के कम्प्यूटरीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सहायक पंजीयक, सहकारी सभाएं सुरजीत सिंह, डीडीएम नाबार्ड राकेश कुमार, प्रबंधक राज्य सहकारी बैंक हेम सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं विभिन्न समितियों के सचिव बैठक में उपस्थित रहे ।

==================================

30 मार्च को उप रोजगार कार्यालय चुवाड़ी में आयोजित होगा कैंपस इंटरव्यू: जिला रोजगार अधिकारी

निजी कंपनी द्वारा असेंबली ऑपरेटर के भरे जाएंगे 50 पद

चम्बा, 23 मार्च -जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला और पुरुष वर्ग के लिए 30 मार्च को उप रोजगार कार्यालय चुवाड़ी जिला चम्बा में एलाइंस ग्रो स्टॉफिंग, फुज़ियामा पावर सिस्टम लिमिटेड के लिए 50 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि उक्त पद के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं 10+2 व आईटीआई है तथा दोनों वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि कैम्पस इंटरव्यू में चयनित उम्मीदवारों को मासिक वेतन 13 से 14 हज़ार रखा गया है साथ में खाना, यूनिफार्म और जूते के अलावा अन्य सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

रोजगार अधिकारी ने बताया कि जॉब लोकेशन परवाणु जिला सोलन चिन्हित है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड व बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि और स्थान पर प्रातः 10:30 बजे उपस्थित हो जाएं।
============================================
निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित
आवेदन की अंतिम तिथि 31 मार्च
चंबा, 23 मार्च-जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत निदेशालय, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम वर्गों के सशक्तिकरण द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम -एजेएवाई) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पात्र अभ्यर्थियों से दो प्रमुख पाठ्यक्रमों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। पहला पाठ्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के मूल सिद्धांतों पर आधारित है, जिसकी अवधि तीन माह निर्धारित की गई है। इस दौरान प्रतिदिन दो घंटे कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इस पाठ्यक्रम के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता किसी भी विषय में स्नातक निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि द्वितीय पाठ्यक्रम ‘ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग असिस्टेंट’ का है, जिसकी अवधि भी तीन माह निर्धारित की गई है। इस पाठ्यक्रम में प्रतिदिन चार घंटे कक्षाएं आयोजित होंगी। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बाहरवीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि आवेदन हेतु अभ्यर्थी का अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना तथा हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयन प्रक्रिया बाहरवीं एवं स्नातक में प्राप्त अंकों के आधार पर की जाएगी, जिसमें बीपीएल श्रेणी के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को 2000 रुपये प्रति माह की दर से वजीफा भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 31 मार्च से पूर्व अपना आवेदन करना सुनिश्चित बनायें ।