अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में जुड़ा नया आयाम, 14 फरवरी को होगा मंडी का प्रथम लिटरेचर फेस्टिवल
छोटी काशी साहित्य उत्सव के नाम से संकन गार्डन में आयोजन, उपायुक्त ने जारी किया पोस्टर

मंडी, 13 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव को लेकर 12 फरवरी को देर सायं आयोजित पत्रकार वार्ता में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में एक नया आयाम जोड़ते हुए 14 फरवरी को मंडी का प्रथम लिटरेचर फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है, जिसे छोटी काशी साहित्य उत्सव नाम दिया गया है। उन्होंने इस अवसर पर उत्सव का आधिकारिक लोगो भी जारी किया।

उपायुक्त ने कहा कि ऐतिहासिक मंडी नगर अपनी स्थापना के 500वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इसकी समृद्ध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विरासत को समर्पित यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। मंडी से अनेक प्रतिष्ठित लेखक जुड़े रहे हैं और यहां की साहित्यिक परंपरा अत्यंत समृद्ध है। धर्मशाला, कसौली और शिमला में साहित्य उत्सव आयोजित होते रहे हैं, लेकिन मंडी में ऐसा आयोजन न होना खटक रहा था। इसी सोच के साथ इस वर्ष महोत्सव के अंतर्गत साहित्य उत्सव को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन 14 फरवरी को संकन गार्डन में होगा तथा सुप्रसिद्ध लेखक राजा भसीन प्रथम लिटरेचर फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि यह फेस्टिवल आगे चलकर और विस्तृत स्वरूप ले तथा स्थायी पहचान बनाए।

पांच सत्रों में विविध विषयों पर चर्चा

उत्सव के अंतर्गत पांच सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रथम सत्र में मंडयाली लोक साहित्य एवं समकालीन साहित्य विषय पर चर्चा होगी। दूसरे सत्र में कैमरा, मंडी कलम और रंगमंच के माध्यम से मंडी की कलात्मक अभिव्यक्ति पर संवाद आयोजित किया जाएगा। तीसरे सत्र में किस्सों की विरासत -लोक कथा से बाल कथा तक विषय पर विचार-विमर्श होगा।

चौथे सत्र में युवा लेखन एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर चर्चा की जाएगी, जबकि पांचवें सत्र में प्राचीन पारंपरिक साहित्यिक शैलियों के विकास पर विमर्श होगा। इसके अतिरिक्त साहित्य क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। सायंकाल गजल संध्या भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगी।

15 फरवरी को दूसरी ब्यास आरती

उपायुक्त ने बताया कि 15 फरवरी को दूसरी ब्यास आरती का आयोजन भी किया जाएगा। इस आरती का संचालन करने के लिए बनारस से पांच विद्वान आमंत्रित किए गए हैं। पत्रकार वार्ता में महोत्सव की तैयारियों, विभिन्न आयोजनों और व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

=======================================

उपायुक्त ने की ‘इंटर जेनरेशनल बॉन्डिंग’ कार्यक्रम की अध्यक्षता

वरिष्ठ नागरिकों का जीवन अनुभव और युवाओं की ऊर्जा व नवीन सोच समाज के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए आवश्यक- अपूर्व देवगन

मंडी, 13 फरवरी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आय यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल), मंडी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में “इंटर जेनरेशनल बांडिंग” विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद, सहयोग और आपसी समझ को बढ़ावा देना रहा।

अपूर्व देवगन ने उपस्थित विद्यार्थियों को बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेने तथा पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाने का संदेश देते हुए कहा कि पीढ़ियों के बीच सामंजस्य समाज को मजबूत बनाता है और इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस तरह के कार्यक्रमों की विशेष आवश्यकता है, क्योंकि बुजुर्गों और युवा छात्रों के बीच संवाद से दोनों पीढ़ियां एक-दूसरे के अनुभवों, विचारों और दृष्टिकोण से बहुत कुछ सीख सकती हैं।

उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का जीवन अनुभव और युवाओं की ऊर्जा एवं नवीन सोच का समन्वय समाज के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन को निरंतर सहयोग प्रदान करने के लिए वरिष्ठ नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा उनसे आह्वान किया कि वे अपनी समृद्ध विरासत, परंपराओं और जीवन अनुभवों को युवा पीढ़ी के साथ अवश्य साझा करें, ताकि समाज की सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रह सके। उन्होंने जानकारी दी कि वरिष्ठ नागरिकों और युवा विद्यार्थियों के लिए जिला मंडी के अधिकांश उपमंडलों में पुस्तकालय स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे अध्ययन, संवाद और मार्गदर्शन का वातावरण सुदृढ़ हुआ है।

इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी समीर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग समाज के कमजोर वर्गों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समुदायों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य जयश्री कपूर, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थि