धर्मशाला:28.11.25- आज दिनाँक 28 नवम्बर, 2025 को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोला, भटियात के छात्र- छात्राओं ने सत्र से पूर्व विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात की। विद्यार्थियों ने कुलदीप सिंह पठानियां से मुलाकात के दौरान आज होने वाली कार्यवाही, संसदीय प्रणाली व विधान सभा की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी हासिल की। इस अवसर पर बच्चों से संवाद करते हुए पठानियां ने कहा कि विधान सभा, लोक सभा लोकतन्त्र के सबसे बड़े मन्दिर हैं जहाँ देश का कानून बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज के युवा जिस तरह से ससदीय प्रणाली की ओर आकर्षित हो रहे हैं यह लोकतन्त्र की मजबुती का आधार है।
पठानियां ने कहा कि आज सत्र का तीसरा दिन है और दर्शक दीर्घा हमेशा भरी रहती है जो आश्वस्त करता है कि लोगों में संसदीय प्रणाली के प्रति अगाध विश्वास है। पठानियां ने कहा कि हमारा लोकतन्त्र दुनिया का सबसे बड़ा लोकतन्त्र है जिसका लोहा पूरा विश्व मानता है। पठानियां ने कहा कि हमारे देश का संविधान सर्वोच्च है जो हमें जहाँ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करवाता है वहीं हमें हमारे कर्तव्यों के बारे में सचेत करता है।
पठानियां ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि मतदान के जरिए विधान सभा के लिए हम जिन्हें चुनते हैं वह ही यहाँ सदन में बैठ सकते हैं। उन्हें ही महत्वपूर्ण चर्चाओं में भाग लेने का अधिकार है तथा जिनकी संख्या ज्यादा होती है उनकी सरकार बनती है तथा जिनकी कम होती है वह विपक्ष में बैठते हैं। पठानियां ने कहा कि जिनकी सरकार होती है उन्हीं का मुख्यमंत्री होता है तथा मन्त्रिपरिषद का गठन भी उन्हीं में से होता है। इसके अतिरिक्त केन्द्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के पत्रकारिता विभाग के छात्र छात्राओं ने भी माननीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद सदन की कार्यवाही को देखा। इस अवसर पर उनके साथ उप-मुख्य सचेतक हि0प्र0 सरकार केवल सिंह पठानियां, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा, विवेक शर्मा(विक्कू) तथा हि0प्र0 स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ0 राजेश शर्मा भी मौजूद थे।
\