चण्डीगढ़, 30.08.25- : पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय, ओसीएफ-29 में राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। यह दिवस भारत के महान हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती की स्मृति में मनाया जाता है।
इस अवसर पर पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुनीता रानी, जो प्रसिद्ध भारतीय एथलीट एवं पंजाब पुलिस में अधीक्षक हैं एवं 1500 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं और एशियाई खेलों में भारत के लिए पदक विजेता रह चुकी हैं, मुख्य अतिथि थीं। पद्मश्री सुनीता रानी ने विद्यार्थियों से कहा कि वे पढ़ाई और खेलों में संतुलन बनाए रखें, कड़ी मेहनत, अनुशासन और नशे से दूर रहने को जीवन का मूलमंत्र बनाएं। साथ ही उन्होंने खेलों में उपलब्ध करियर अवसरों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। विद्यालय में इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता तथा विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा भव्य परेड प्रस्तुत की गई। इन आयोजनों ने विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता, टीम भावना और समन्वय का सुंदर प्रदर्शन किया।
कार्य क्रम के दौरान कक्षा दसवीं की छात्रा एवं राष्ट्रीय स्तर की भाला फेंक खिलाड़ी वंदना द्वारा खेल भावना की शपथ दिलाई गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में निष्पक्ष खेल, अनुशासन और आपसी सम्मान के मूल्यों को जागृत करना था। विद्यालय के प्रधानाचार्य केएस पठानिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें मेजर ध्यानचंद जी से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। अंत में, प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया और कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।