चण्डीगढ़, 14,08.25 : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कृष्ण लाल ने भाजपा द्वारा सांसद मनीष तिवारी के खिलाफ लगाए गए झूठे आरोपों को भाजपा की बौखलाहट का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा मनीष तिवारी कीलगातार बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है।

कृष्ण लाल ने कहा कि भाजपा के पास आज कोई ठोस स्थानीय मुद्दा नहीं है। पिछले 10 वर्षों से भाजपा ने गांवों में लाल डोरा बढ़ाने, कॉलोनियों में मालिकाना हक दिलाने, शहर में हेरिटेज के मुद्दे, बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने और कई अन्य विषयों पर जनता को गुमराह किया। इन सभी मुद्दों को मनीष तिवारी ने संसद में मजबूती से उठाकर भाजपा के झूठ का पर्दाफाश किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अब न तो गांवों में, न कॉलोनियों में और न ही शहर में जनता का सामना करने की स्थिति में है। भाजपा द्वारा लगाए गए आरोप कि मनीष तिवारी वीकेंड एमपी हैं, पूरी तरह गलत और निराधार हैं। वास्तव में, तिवारी अपना अधिकतर समय चंडीगढ़ में ही बिताते हैं, लोगों की शिकायतें सुनते हैं और मौके पर जाकर उनका समाधान करते हैं।

कृष्ण लाल ने पूर्व सांसद किरण खेर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपने 10 साल के कार्यकाल में, और वह भी अपनी ही पार्टी की सरकार होने के बावजूद, वे चंडीगढ़ में कोई भी बड़ा प्रोजेक्ट नहीं ला सकीं। वे एक विफल सांसद साबित हुईं और कई महीनों तक न तो चंडीगढ़ में और न ही संसद में दिखाई दीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद ने 10 वर्षों में चंडीगढ़ की कोई सुध नहीं ली। अगर ली होती, तो आज शहर की यह बदतर हालत न होती, सीवरेज और सड़कों की ओर वित्तीय स्थिति इतनी खराब न होती। उन्होंने मनीमाजरा में घटिया पानी आपूर्ति परियोजना में हुए घोटाले पर भाजपा द्वारा पर्दा डालने का भी आरोप लगाया और कहा कि गृह मंत्री होने के बावजूद इसकी सीबीआई जांच अब तक नहीं करवाई गई।

कृष्ण लाल ने कहा कि भाजपा को आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। श्री मनीष तिवारी एक कर्मठ, पढ़े-लिखे, अनुभवी और साफ-सुथरी छवि के सांसद हैं, जो लगभग 11 वर्षों से संसद में रहकर जनता का प्रतिनिधित्व और सेवा कर रहे हैं। उन्होंने चंडीगढ़ के लोगों के दिलों में अपनी विशेष जगह बनाई है और लगातार उनकी समस्याओं को संसद में उठाते रहे हैं।