बिलासपुर, 25 सितंबर: ‘क्लीन ड्रग-फ्री’ अभियान के शुभारंभ एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर रुपिंदर कौर की अध्यक्षता में अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के सभागार में तैयारियों एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत एक अक्तूबर को प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा, विभागीय समन्वय तथा अधिकारियों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि ‘क्लीन ड्रग-फ्री’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ एक अक्तूबर 2026 को प्रातः 10 बजे किया जाएगा। अभियान के तहत बिलासपुर शहर के नगर परिषद के 11 वार्डों सहित कुल 14 निर्धारित स्थानों पर एक साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त बिलासपुर शहर से लगती ग्राम पंचायतों में भी व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वच्छता तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान की विशेषता यह होगी कि सभी प्रतिभागी एक ही स्थान पर एकत्रित नहीं होंगे, बल्कि 14 अलग-अलग निर्धारित स्थानों पर एक साथ गतिविधियां संचालित की जाएंगी। प्रत्येक स्थान पर जिला स्तर के एक अधिकारी को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया जाएगा, जो संबंधित क्षेत्र में अभियान की अगुवाई करने के साथ-साथ स्वच्छता एवं जन जागरूकता गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, भांग उन्मूलन, नशे के विरुद्ध जागरूकता तथा समुदाय में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नगर परिषद बिलासपुर द्वारा सभी 11 वार्डों में सफाई कर्मचारियों, आवश्यक उपकरणों तथा वार्ड सदस्यों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, ग्राम पंचायत बमटा, ओयल और नौणी तथा बीडीओ सदर के माध्यम से महिला मंडलों, स्थानीय समूहों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के लिए नालियों, सड़कों के किनारे, जल स्रोतों तथा स्कूलों के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को भी चिन्हित किया जाएगा।
अभियान में विद्यार्थियों और युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्कूलों, महाविद्यालयों और आईटीआई के विद्यार्थियों के साथ-साथ एनसीसी, एनएसएस, यूथ रेड क्रॉस, स्पोर्ट्स हॉस्टल, खेल अकादमियों और माई भारत युवा क्लबों के स्वयंसेवकों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं, नर्सिंग विद्यार्थियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर के भीतर तथा आसपास भी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि नशा मुक्त एवं स्वच्छ समाज के निर्माण के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। अभियान में मार्केट एसोसिएशन, बार एसोसिएशन, वरिष्ठ नागरिकों, गैर-सरकारी संस्थाओं तथा अन्य स्थानीय संगठनों को भी सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान भांग उन्मूलन सहित अन्य गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा स्वयंसेवकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण, दस्ताने, पेयजल और प्राथमिक उपचार जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यार्थियों, युवा स्वयंसेवकों एवं सामुदायिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं अन्य माध्यमों से प्रोत्साहित करने के लिए प्रशंसा एवं मूल्यांकन व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा की गई। विभिन्न विभागों, स्थानीय निकायों, पंचायतों तथा अन्य हितधारकों के सहयोग से अभियान के लिए आवश्यक संसाधन एवं लॉजिस्टिक सहयोग जुटाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए अपने-अपने विभाग की ओर से आवश्यक सहयोग एवं समन्वय सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।