जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन संपन्न

रेखा ठाकुर अध्यक्ष जबकि लियाकत अली खान उपाध्यक्ष निर्वाचित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को ग्रहण करवाई शपथ
चम्बा, 10 जुलाई -जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए आज बचत भवन में हिमाचल प्रदेश पंचायती राज नियम 1994 का अनुसरण करते हुए बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी 18 जिला परिषद सदस्य उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने की। अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा और जिला पंचायत अधिकारी एवं सचिव जिला परिषद महेश चंद ठाकुर भी बैठक में मौजूद रहे। जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर बयाणा वार्ड से रेखा ठाकुर को निर्वाचित घोषित किया गया। रेखा ठाकुर के पक्ष में 10 मत पड़े जबकि जियूँता वार्ड से मीनाक्षी कपूर को 8 मत प्राप्त हुए।
इसी तरह उपाध्यक्ष पद पर सरोल वार्ड से लियाकत अली खान उपाध्यक्ष को निर्वाचित घोषित किया गया। लियाकत अली खान को 10 मत जबकि गैहरा वार्ड से सुनील दत को 8 मत प्राप्त हुए। मतगणना और निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होने के पश्चात उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद और गोपनीयता की शपथ भी दिलवाई।
उपायुक्त ने नवनिर्वावित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चम्बा जिला के विकास में सभी जिला परिषद सदस्यों की अहम भूमिका रहेगी।
======================================
कलाकारों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ नशामुक्ति का दिया संदेश
चम्बा, 10 जुलाई -प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नशा निवारण संबंधी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज आर्यन कला मंच उदयपुर के कलाकारों ने उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत कल्हेल एवं कोटि, जबकि माँ सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने उपमंडल भरमौर की ग्राम पंचायत छतराड़ी एवं गैहरा में नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए स्वरोजगार योजना, हिमस्वावलम्बन योजना, शिक्षा ऋण योजना, विशेष प्रशिक्षण योजना, लघु विक्रय केन्द्र योजना, हस्तशिल्प विकास योजना, आवास संबंधी योजनाओं, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाओं तथा मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के लाभ एवं पात्रता के बारे में लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक दलों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों, लोकगीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कलाकारों ने विशेष रूप से युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, स्वरोजगार, खेलकूद तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने लोगों से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
==========================================
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिंगाधार में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चम्बा, 10 जुलाई -हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा के सचिव माननीय एकांश कपिल वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-एसीजेएम, चम्बा के मार्गदर्शन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिंगाधार, जिला चम्बा में एक व्यापक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानूनों की जानकारी प्रदान कर उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं कानून का पालन करने वाला नागरिक बनाना था।
इस अवसर पर नवीन सिंह ठाकुर, सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा, यशपाल तथा धर्मपाल, पुलिस विभाग, बतौर संसाधन व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अश्विनी सिंह ठाकुर ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध एवं साइबर धोखाधड़ी, नशा एवं एनडीपीएस अधिनियम, सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन कानून, बाल संरक्षण एवं बाल विवाह प्रतिषेध कानून, विद्यार्थियों की ऑनलाइन सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं के पीड़ितों को उपलब्ध विधिक सहायता, संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्य, सक्षम, सशक्त एवं समरस समाज के निर्माण, एंटी रैगिंग कानून, पर्यावरण संरक्षण तथा नालसा की नवीन योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, अच्छे मित्रों का चयन करने, साइबर अपराधों से सावधान रहने तथा किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 15100, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के संबंध में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के संसाधन व्यक्तियों श्री यशपाल एवं धर्मपाल ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात कानूनों तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का पालन करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन अपनाने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, पर्यावरण संरक्षण तथा संविधान एवं कानूनों के प्रति सम्मान बनाए रखने की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
विद्यालय प्रशासन ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्बा तथा सभी संसाधन व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं विधिक जागरूकता के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।