आरसेटी ने भाटी गांव की 33 महिलाओं को दी फास्ट फूड की ट्रेनिंग
हमीरपुर 10 जुलाई। मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा निकटवर्ती गांव भाटी में आयोजित 12 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 33 महिलाओं ने फास्ट फूड और अन्य व्यंजन बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर के समापन अवसर पर आरसेटी के परिसर में आयोजित समारोह में पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के उप-प्रमुख पोविंदर ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
उन्होंने कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपना उद्यम या कारोबार चला सकती हैं। उद्यम या कारोबार आरंभ करने के लिए बैंकों की विभिन्न ऋण एवं सब्सिडी योजनाएं काफी मददगार साबित हो सकती हैं। महिलाओं को इनका लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, ट्रेनरों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर शिविर के मूल्यांकनकर्ता रणजीत कलोत्रा, पूनम परमार, फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
=======================================================
‘नगर निगम ने ठाना है, हमीरपुर शहर को सबसे सुंदर और स्वच्छ बनाना है’
अन्य संस्थाओं के सहयोग से चलाया सफाई अभियान, हथली खड्ड से हटाया कचरा
प्रत्येक सप्ताह में एक दिन चलाया जाएगा इसी तरह का अभियान: राकेश शर्मा
हमीरपुर 10 जुलाई। नगर निगम ने हमीरपुर शहर को सुंदर एवं स्वच्छ बनाने के लिए रोटरी क्लब, शुभ प्रभात हैल्थ क्लब और अन्य संस्थाओं के सहयोग से विशेष सफाई अभियान आरंभ किया है। शुक्रवार को निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, अन्य अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और अन्य स्वयंसेवियों ने हथली खड्ड से यह अभियान शुरू किया।
इस दौरान उन्होंने हथली खड्ड और इसके आस-पास के क्षेत्र में फैले प्लास्टिक व अन्य कचरे को हटाया।
नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि नगर निगम और शहर की विभिन्न संस्थाओं ने हमीरपुर शहर को सबसे सुंदर और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि निगम इन संस्थाओं के सहयोग से हर हफ्ते में एक दिन लगभग दो घंटे तक सफाई अभियान चलाएगी। इस दौरान शहर और इसके आस-पास के क्षेत्रों के जलस्रोतों की सफाई भी की जाएगी।
उन्होंने सभी शहरवासियों से भी आग्रह किया कि वे हमीरपुर को सुंदर और स्वच्छ बनाने में नगर निगम का सहयोग करें तथा अपने घरों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके ही सफाई कर्मचारियों को दें, ताकि कचरे का सही निष्पादन सुनिश्चित हो सके।