बच्चे लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम से जीवन में सफलता प्राप्त करें : अपूर्व देवगन*
मंडी, 10 जुलाई-उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें तथा उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन, अनुशासन और निरंतर कठिन परिश्रम करें।उन्होंने कहा कि आज का समर्पित प्रयास ही कल के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनता है।
उपायुक्त आज अपने कार्यालय में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, मंडी द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बगला की जमा एक एवं जमा दो की छात्राओं के एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम के दौरान उनसे संवाद कर रहे थे।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि वे अपने जीवन के लक्ष्य को लेकर गंभीर हैं, तो आज से ही पूरी निष्ठा के साथ मेहनत शुरू करें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन 10 से 12 घंटे नियमित एवं योजनाबद्ध अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने तथा लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं।
उपायुक्त ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं तथा कैरियर संबंधी आकांक्षाओं पर भी चर्चा की और उन्हें अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर और अधिक दृढ़ता के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर छात्राओं ने उपायुक्त से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया। छात्राओं ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस एक्सपोजर विजिट को अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसके लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भारतीय स्टेट बैंक की गांधी चौक शाखा का भ्रमण किया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने उन्हें वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल बैंकिंग, आर्थिक सशक्तिकरण, बचत के महत्व तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही डिजिटल धोखाधड़ी (साइबर फ्रॉड) से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इसके उपरांत छात्राओं ने महिला पुलिस थाना, भ्यूली का भ्रमण किया। यहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें महिला सुरक्षा, महिलाओं के कानूनी अधिकार, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न सरकारी प्रावधानों एवं कानूनों से भी अवगत कराया गया।
छात्राओं ने इस एक्सपोजर विजिट को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी भी प्राप्त होती है, जो उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास तथा भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) अजय बद्रेल तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी जितेंद्र कुमार सैनी सहित स्कूल के अध्यापक गण भी उपस्थित रहे।
===============================================
एंटी चिट्टा अवेयरनेस फुटबॉल टूर्नामेंट सम्पन्न, मैजिशियन एफसी बनी विजेता
- मंडलायुक्त ने विजेताओं को किया सम्मानित, चिट्टा मुक्त मंडी- नशामुक्त हिमाचल की दिलाई शपथ
मंडी,10 जुलाई। जिला प्रशासन मंडी के सहयोग से आयोजित एंटी चिट्टा अवेयरनेस 7-ए-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज शुक्रवार को पड्डल मैदान में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में मैजिशियन एफसी ने नेपोलियन एफसी को 4-3 के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में मंडलायुक्त डॉ. आर.के. प्रुथी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विजेता मैजिशियन एफसी टीम को ट्रॉफी सहित 25 हजार रूपये का नकद पुरस्कार एवं उप-विजेता नेपोलियन एफसी टीम को ट्रॉफी व 15 हजार रूपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह व नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडलायुक्त ने सभी खिलाड़ियों व उपस्थितजनों को चिट्टा मुक्त मंडी-नशा मुक्त हिमाचल की शपथ भी दिलाई गई और समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉ. आर.के. प्रुथी ने कहा कि खेलें युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन शैली का विकास करती हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए इस तरह की गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल व अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिट्टा मुक्त मंडी-नशा मुक्त हिमाचल का लक्ष्य जन-सहभागिता से ही सफल हो सकता है।
इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उपायुक्त ने इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, आयोजकों, अधिकारियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी समीर, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष लीला विलास, विक्रम बिष्ट, कमल किशोर, अक्षित सेन, प्रदीप भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
==============================================
*उपायुक्त ने की मानसून सीजन के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा*
* भूस्खलन संभावित हॉटस्पॉट में मशीनरी एवं ऑपरेटरों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित करें- अपूर्व देवगन*
*मंडी, 10 जुलाई।* उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अध्यक्ष अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आज यहां मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संसाधनों के समुचित प्रबंधन एवं विभिन्न विभागों की तैयारियों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें मानसून के दौरान जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी विभागों एवं हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, बिजली, पेयजल, दूरसंचार एवं परिवहन जैसी आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक मार्गों, भंडारण स्थलों एवं आपातकालीन लॉजिस्टिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अपूर्व देवगन ने कहा कि भूस्खलन एवं सड़क अवरोध की आशंका वाले हॉटस्पॉट में मशीनरी एवं ऑपरेटरों की पूर्व तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि मार्गों को शीघ्र बहाल किया जा सके। उन्होंने लोक निर्माण, जल शक्ति तथा विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि सड़क संपर्क, पेयजल योजनाएं एवं विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उन्हें न्यूनतम समय में पुनः बहाल करने की पूरी तैयारी रखें।
दूरसंचार सेवाओं को सुचारू बनाए रखने पर बल देते हुए उपायुक्त ने कहा कि मोबाइल नेटवर्क प्रभावित न हों, इसके लिए दूरदराज क्षेत्रों में स्थित मोबाइल टावरों पर बिजली बाधित होने की स्थिति में पर्याप्त डीजल भंडारण पहले से सुनिश्चित किया जाए तथा संबंधित सेवा प्रदाताओं के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक को निर्देश दिए कि वर्षा अथवा आपदा के दौरान सम्पर्क कटने की स्थिति में दूरदराज क्षेत्रों में दवाइयों एवं खाद्य सामग्री का पर्याप्त भंडारण पहले से सुनिश्चित किया जाए। सभी एम्बुलेंस चालक एवं स्वास्थ्य सेवाएं हर समय सक्रिय रहें तथा जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए क्लोरीन की गोलियों सहित आवश्यक दवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि आगामी सेब सीजन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए संबंधित सभी विभाग एवं हितधारक समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। नगर निगम मंडी को शहर के सभी नालों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा संवेदनशील स्थलों की निरंतर निगरानी के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अवैध खनन पर प्रतिबंध लगाया गया है, इसलिए खनन विभाग पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण सतर्कता, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूर्व तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूरा करें, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी विलंब के संचालित किए जा सकें। जिला एवं उपमंडल स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहें तथा उनके दूरभाष नंबर व्यापक रूप से मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित किए जाएं।
उन्होंने आग्रह किया कि नागरिक व पर्यटक मौसम, संभावित जोखिम, सुरक्षित मार्ग, आपातकालीन संपर्क नंबर तथा आवश्यक सावधानियों की पूरी जानकारी प्राप्त कर ही यात्रा पर निकलें। उन्होंने निर्देश दिए कि सुंदरनगर, टकोली तथा पधर में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से यात्रियों एवं आम नागरिकों को मौसम, सड़कों की स्थिति, यातायात तथा अन्य आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर प्रसारित की जाएं। मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी होने की स्थिति में यदि शैक्षणिक संस्थानों को बंद करना आवश्यक हो तो जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर समय रहते निर्णय लिया जाए, ताकि विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। किसी भी आपदा की स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 तथा लैंडलाइन नंबर 01905-226201, 01905-226202, 01905-226203, 01905-226204 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक का संचालन डीडीएमए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने किया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, जिले के सभी उपमंडल अधिकारी (ना.), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना अधिकारी डीआरडीए, जिला राजस्व अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।