पंचायत मतदाता सूचियों में छूटे लोग 28 तक दर्ज करवाएं अपने नाम
एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा दर्ज करवा सकते हैं नाम
अनुपूरक मतदाता सूचियों की अपडेशन के लिए सभी बीडीओ होंगे पुनरीक्षण अधिकारी
हमीरपुर 20 मार्च। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने जिला की ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों में छूटे लोगों के नाम दर्ज करने के लिए अनुपूरक (संशोधित) मतदाता सूचियों के प्रकाशन की प्रक्रिया की तिथियां निर्धारित कर दी हैं। इसकी अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 रखी गई है। यानि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी पंचायत मतदाता सूचियों में अपने नाम दर्ज करवा सकते हैं। अनुपूरक मतदाता सूचियों की अपडेशन के लिए सहायक रजिस्टेªशन अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को पुनरीक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला हमीरपुर की 225 ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन 3 फरवरी को किया गया था। उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर की 16 ग्राम पंचायतों से 9 ग्राम पंचायतों का गठन हुआ है। उन्होंने बताया कि पंचायतों के विभाजन और पुनर्गठन से प्रभावित जिला की कुल 34 ग्राम पंचायतों- बड़ा, कोटला चिल्लियां, जलाड़ी, ऊट्टप, गाहली, टिल्लू, चमराल, नघूं, लंजयाणा, ऊटपुर, पुरली, समीरपुर, संगरोह कलां, धमरोल, गरसाहड़, खरवाड़, कड़ोहता, भौंखर, ककरोहल, जख्योल, दसमल, देई का नौण, कुठेड़ा, मझोग सुल्तानी, टिब्बी, ख्याह लोहाखरियां, छ्योड़ी, बफड़ी, री, चबूतरा, करोट, दाड़ला, बलेहु और बड़ेई की मतदाता सूचियों को छोड़कर जिला हमीरपुर की अन्य समस्त ग्राम पंचायतों के किसी मतदाता का नाम अगर तीन फरवरी को प्रकाशित मतदाता सूचियों में किन्हीं कारणों से शामिल नहीं हो पाया है तो वह संबंधित खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों सहित 28 मार्च तक अपना दावा प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण प्राधिकारी यानि खंड विकास अधिकारी इन मतदाता सूचियों में नाम शामिल करने के दावों और अपात्र लोगों के नाम हटाने के लिए आपत्तियों का निपटारा 2 अप्रैल तक करेंगे। पुनरीक्षण प्राधिकारी के निर्णय के खिलाफ दस अप्रैल तक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के सम्मुख अपील की जा सकती है। इन अपीलों का निपटारा 17 अप्रैल तक किया जाएगा। 20 अप्रैल तक अनुपूरक (संशोधित) मतदाता सूचियों का अन्तिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दावे या आक्षेप प्रस्तुत करने हेतु निर्धारित प्रपत्र फार्म पंचायत सचिव और खंड विकास अधिकारी कार्यालयों में निशुल्क उपलब्ध होंगे।
उपायुक्त ने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि सभी पात्र लोगों के नाम मतदाता सूचियों में शामिल किए जा सकें।
=================================================
सुजानपुर में 25-26 मार्च को होगा वायु सेना का अदभुत एयर शो
पहली बार हो रहे इस हैरतअंगेज शो के लिए किए जा रहे सभी प्रबंध : गंधर्वा राठौड़
विश्व की बेहतरीन एरोबेटिक टीमों में शामिल है वायु सेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम
हमीरपुर 20 मार्च। भारतीय वायु सेना 25 और 26 मार्च को सुजानपुर टिहरा के मैदान के ऊपर एक अदभुत एयर शो करने जा रही है। हिमाचल प्रदेश में संभवतः पहली बार होने जा रहे वायु सेना के लड़ाकू विमानों के इस एयर शो की तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार को जिला एवं उपमंडल स्तर, वायु सेना और सैनिक स्कूल के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उपायुक्त ने बताया कि 25 और 26 मार्च को यह एयर शो सुबह लगभग 10ः45 बजे से 11ः30 बजे के बीच होगा, जिसमें वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के कुल नौ विमान सुजानपुर के मैदान के ठीक ऊपर आसमान में कई हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। ये विमान चंडीगढ़ और आदमपुर के एयर फोर्स स्टेशनों से उड़ान भरेंगे। एयर शो के मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, स्कूलों एवं कालेजों के विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए मैदान में सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे वायु सेना तथा सैनिक स्कूल के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करंे।
उपायुक्त ने कहा कि एयर शो की कमेंटरी के लिए मैदान में एक विशेष कैबिन भी बनाया जा रहा है, जहां से वायु सेना के अधिकारी एक-एक पल और विमानों के करतबों की जानकारी दर्शकों को देंगे। सुजानपुर के स्थानीय निवासी इस रोमांच भरे एयर शो को अपने घरों से भी देख सकते हैं।
गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि यह एयर शो सभी लोगों और विशेषकर, विद्यार्थियों के लिए एक अलग अनुभव होगा। इसलिए, इसमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी सुजानपुर और इसके आस-पास के सभी क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों को सूचित करें। कांगड़ा जिला के पालमपुर, धीरा और जयसिंहपुर तथा मंडी जिला के धर्मपुर उपमंडल के शिक्षण संस्थानों से भी संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम एशिया की एकमात्र नौ विमानों वाली एरोबेटिक टीम है और विश्व की चुनिंदा उत्कृष्ट एरोबेटिक टीमों में गिनी जाती है। इस टीम ने भारत के विभिन्न शहरों के अलावा चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर तथा संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एयर शो में भारतीय वायु सेना की पेशेवर उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है।
बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, वायु सेना की ओर से विंग कमांडर संग्राम लुईट, एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
==================================================
निर्धारित अवधि में पूरा करें मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया : गंधर्वा राठौड़
हमीरपुर 20 मार्च। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला के पांचों उपमंडलों के एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने उपमंडलों की शहरी निकायों के मतदाता पंजीकरण अधिकारी के रूप में मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार निर्धारित अवधि के भीतर पूरा कर लें।
उपायुक्त ने बताया कि शहरी निकायों की मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण के लिए भी अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यानि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए संबंधित तहसीलदारों को पुनरीक्षण अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने के दावे या अपात्र लोगों के नाम हटाने के लिए आपत्तियां 28 मार्च तक पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं।
पुनरीक्षण अधिकारी इन दावों या आपत्तियां का निपटारा 2 अप्रैल तक सुनिश्चित करेंगे। अगर कोई मतदाता पुनरीक्षण अधिकारी द्वारा दिए निर्णय से संतुष्ट नहीं होगा तो वह 10 अप्रैल तक संबंधित अथॉरिटी के समक्ष अपील कर सकता है। 17 अप्रैल तक सभी अपीलों का निपटारा कर दिया जाएगा और 20 अप्रैल तक अनुपूरक मतदाता सूचियां अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी जाएंगी।
=================================
आईएचएम हमीरपुर के विद्यार्थियों की कई बड़ी कंपनियों में हुई प्लेसमेंट
बहुत ही शानदार रहा है होटल प्रबंधन संस्थान का प्लेसमेंट रिकॉर्ड : अभिषेक गर्ग
इस वर्ष विभिन्न डिग्री एवं डिप्लोमा कोर्सों में प्रवेश के लिए आवेदन 25 मार्च तक
हमीरपुर 20 मार्च। होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को रोजगार मुहैया करवाने के लिए आयोजित कैंपस प्लेसमेंट इंटरव्यू में इस बार भी द ओबरॉय, ताज होटल, विवांता वाए ताज, रास होटल, गोल्कोंडा होटल, गोल्डन टयूलिप जालधंर, होटल पार्क एस्टीक पुणे, मैकडोनल्ड, बीकानेरवाला और त्रिनेत्रा वेंचर प्राइवेट लिमिटेड जैसी प्रसिद्ध कंपनियां आई हैं।
इन कंपनियों ने मैनेजमैंट ट्रेनिंग, सुपरवाइजरी लेवल, एंट्री लेवल, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज सर्विस और प्रोडक्शन एंड बेक्वेट सेल्स के लिए विद्यार्थियों के इंटरव्यू लिए और 2 लाख से 5 लाख तक वार्षिक वेतन पैकेज प्रस्ताव दिए। विद्यार्थियों ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया। संस्थान के 92 छात्रों में से 82 छात्रों ने कैंपस प्लेसमेंट में भाग लिया जिनमें से सभी 82 छात्रों को प्लेसमेंट ऑफर प्रदान किए जा चुके हैं।
एडीसी हमीरपुर एवं आईएचएम के कार्यकारी प्रधानाचार्य अभिषेक गर्ग ने बताया कि द ओबराय ग्रुप में 6 छात्रों प्रियांशु शर्मा, आकाश शर्मा, अंकित ठाकुर, अखिल चौहान, सागर वीका और हरीश ठाकुर का चयन किया गया। विवांता वाए ताज में नवनीत शर्मा और प्रियांशु शर्मा का चयन किया गया। मैकडॉनल्ड्स नार्थ एंड ईस्ट इंडिया में 30 छात्रों का चयन हुआ है। बीकानेरवाला में 11, त्रिनेत्रा वेंचर में 24, पार्क एस्टिक में 11 और आरके कंपनी में 18 छात्र चयनित हुए हैं।
अभिषेक गर्ग ने बताया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान इस संस्थान ने अपने छात्रों को देश-विदेश में प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार मुहैया करवाया है। यह संस्थान के छात्रों के साथ-साथ संस्थान के शिक्षकों व अन्य स्टाफ की ही मेहनत का नतीजा है।
यह संस्थान 3 वर्षीय बीएससी डिग्री पाठ्यक्रम चला रहा है, जिसमें प्रवेश के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास है। हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्टेªशिन की डिग्री नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी (एनसीएचएमसीटी) नोएडा और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त़ रुप से दी जाती है। आईएचएम हमीरपुर में फूड प्रोडक्शन एंड पेटीसरी (सीसीसीएफपीपी) में डिप्लोमा और डिप्लोमा इन फूड एंड बेवरेज सर्विस (डीएफबीएस) और क्राफ्ट्समैनशिप कोर्स भी करवाए जाते हैं।
इस वर्ष आईएचएम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 मार्च है। अधिक
जानकारी संस्थान की वेबसाइट आईएचएमहमीरपुर.इन पर उपलब्ध है। संस्थान के हैल्पडैस्क नंबरांे 98174-93382 और 94186-22786 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
========================================
गणित शिक्षकों की परीक्षा 26 को, आयोग ने अपलोड किए एडमिट कार्ड
हमीरपुर 20 मार्च। गणित के शिक्षकोें की भर्ती पोस्ट कोड-26003 के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) 26 मार्च को परीक्षा लेगा।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा के आवेदकों के ई-एडमिट कार्ड आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर अपलोड कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड के साथ अपलोड किए गए सभी दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह से समझ लें और निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों में पहुंच जाएं। सचिव ने बताया कि परीक्षा आरंभ होने से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्रों में प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा और परीक्षा आरंभ होने के समय से आधा घंटे पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
एडमिट कार्ड की डाउनलोडिंग या अन्य किसी भी तरह की समस्या के निवारण के लिए आयोग के हैल्पडेस्क नंबर 99866-38751 पर सुबह 10 से सायं 6 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
=============================================
भोरंज में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगाया शिविर
भोरंज 20 मार्च। दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और रैडक्रॉस सोसाइटी की जिला एवं उपमंडल इकाई ने भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम मोहाली के सहयोग से शुक्रवार को यहां नगर पंचायत कार्यालय परिसर में एक शिविर आयोजित किया।
इस शिविर में क्षेत्र के लगभग 150 दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों ने अपना चैकअप करवाने के साथ-साथ कृत्रिम अंगों एवं सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण भी करवाया। इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव सिंह चंदेल और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
==================================================
हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क में प्रस्तावित सफाई अभियान स्थगित
हमीरपुर 20 मार्च। जिला रैडक्रॉस सोसाइटी द्वारा 21 मार्च को हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क में आयोजित किए जाने वाले सफाई अभियान को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उपायुक्त के सहायक आयुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष चिराग शर्मा ने बताया कि लगातार खराब मौसम एवं बारिश को देखते हुए इस अभियान को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
==================================================
25 तक बिजली बिल जमा करवा दें लंबलू के उपभोक्ता
हमीरपुर 20 मार्च। विद्युत उपमंडल लंबलू के उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने के लिए 25 मार्च तक का समय दिया गया है। सहायक अभियंता ज्ञान चंद भाटिया ने कहा कि उपमंडल के जिन विद्युत उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है। वे इनका भुगतान 25 मार्च तक उपमंडल कार्यालय के काउंटर पर या ऑनलाइन माध्यम से कर दें।
उन्होंने बताया कि इस तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व सूचना के बगैर ही काट दिए जाएंगे। सहायक अभियंता ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
==============================================
नगर पंचायत भोरंज की मतदाता सूचियों में दर्ज करवाएं अपने नाम
भोरंज 20 मार्च। एसडीएम एवं नगर पंचायत भोरंज के प्रशासक शशिपाल शर्मा ने बताया कि नगर पंचायत भोरंज के सभी सात वार्डों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान नए पात्र लोगों के नाम मतदाता सूचियों में शामिल किए जाएंगे। इसकी अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
एसडीएम ने बताया कि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियां आम जनता के निरीक्षण के लिए एसडीएम और तहसीलदार कार्यालय में उपलब्ध हैं। जिन पात्र लोगों के नाम इनमें दर्ज नहीं हैं, वे आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रपत्र-4 में अपने आवेदन तहसीलदार भोरंज के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।
==================================
22 मार्च को हमीरपुर में भी 5 केंद्रों पर होगी सीबीएसई काडर के शिक्षकों की परीक्षा
हमीरपुर 20 मार्च। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के डेपुटेशन के लिए 22 मार्च को आयोजित की जाने वाली परीक्षा के लिए जिला हमीरपुर में भी पांच केंद्र बनाए गए हैं।
उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. मोही राम चौहान ने बताया कि इस परीक्षा के लिए डिग्री कालेज कंजयाण, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज, डिग्री कालेज हमीरपुर, बहुतकनीकी कालेज बड़ू और डिग्री कालेज सुजानपुर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी परीक्षा केंद्रों के लिए अलग-अलग पर्यवेक्षकों की नियुक्तियां भी की गई हैं। यह परीक्षा सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जाएगी।
===========================================
नगर निगम हमीरपुर की मतदाता सूचियों पर दावे या आपत्तियां 28 मार्च तक
हमीरपुर 20 मार्च। एसडीएम एवं नगर निगम हमीरपुर के मतदाता पंजीकरण अधिकारी संजीत सिंह ने बताया कि नगर निगम हमीरपुर के सभी 15 वार्डों की मतदाता सूचियांे की प्रतियां आम जनता के निरीक्षण के लिए 28 मार्च तक उपलब्ध करवा दी गई हैं। इनमें पंजीकरण के लिए अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यानि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
एसडीएम ने बताया कि अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम इन मतदाता सूचियों में छूट गया है तो वह 28 मार्च तक अपना दावा निर्धारित प्रारूप पर पुनरीक्षण अधिकारी एवं तहसीलदार, हमीरपुर नरेश पटियाल के समक्ष दाखिल कर सकता है। इसी प्रकार, अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाने की आपत्तियां भी इसी अवधि के दौरान निर्धारित प्रपत्र पर पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष दर्ज करवाई जा सकती हैं।
एसडीएम ने बताया कि पुनरीक्षण अधिकारी 2 अप्रैल तक सभी दावों या आपत्तियों का निपटारा सुनिश्चित करेंगे। अगर कोई मतदाता पुनरीक्षण अधिकारी द्वारा दिए निर्णय से संतुष्ट नहीं होगा तो वह पुनरीक्षण अधिकारी के निर्णय के 3 दिन के भीतर मतदाता पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम हमीरपुर के समक्ष अपील कर सकता है।
=========================================
एससी युवाओं को एआई और ऑफिस ऑटोमेशन कोर्स करने का सुनहरा मौका
तीन-तीन महीने के इन दोनों कोर्सों के दौरान हर महीने 2000 रुपये वजीफा भी मिलेगा
हमीरपुर 20 मार्च। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और दिव्यांग सशक्तिकरण निदेशालय शिमला, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत शिमला स्थित नाइलिट (एनआईईएलआईटी) के सहयोग से अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए कौशल विकास कोर्सों का संचालन कर रहा है। इसी योजना के तहत नादौन के निकट टिल्लू में स्थित माइक्रो इन्फोटेक एजूकेशन सोसाइटी में इसी साल अप्रैल से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टेक्नोलॉजी और ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग में तीन-तीन महीने के दो अलग-अलग कोर्स आरंभ किए जा रहे हैं। इन कोर्सों के लिए पात्र उम्मीदवार 31 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि अल्प अवधि के इन कोर्सों के प्रशिक्षणार्थियों को हर महीने दो हजार रुपये वजीफा भी दिया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टेक्नोलॉजी के कोर्स के लिए आवेदक स्नातक होना चाहिए और इसमें प्रतिदिन केवल दो घंटे की क्लास होगी। ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग के लिए आवेदक बारहवीं पास होना चाहिए और इसमें प्रतिदिन केवल चार घंटे की क्लास होगी।
आवेदक हिमाचल का स्थायी निवासी तथा अनुसूचित जाति श्रेणी से संबंधित होना चाहिए। उसकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच हो। उम्मीदवारों का चयन स्नातक और बारहवीं कक्षा के अंकों के आधार पर होगा। बीपीएल उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। 30 प्रतिशत सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित होंगी, लेकिन पर्याप्त महिला उम्मीदवार उपलब्ध न होने की स्थिति में ये सीटें पुरुष उम्मीदवारों को आवंटित की जा सकती हैं।
अधिक जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में या दूरभाष नंबर 01972-222379 पर संपर्क किया जा सकता है।
==================================================
आरसेटी में 28 महिलाओं ने ली खिलौने बनाने की ट्रेनिंग
हमीरपुर 20 मार्च। मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 14 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 28 महिलाओं को खिलौने (सॉफ्ट टॉयज) बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर के समापन अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर के प्रमुख नीरज कुमार आनंद अपनी धर्मपत्नी सहित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं अपने उद्यम स्थापित कर सकती हैं। स्वयं सहायता समूहों का गठन करके भी महिलाएं अपना उद्यम या कारोबार चला सकती हैं। इसमें आरसेटी और विभिन्न बैंक भी उनकी भरपूर मदद करेंगे। नीरज कुमार आनंद ने महिलाओं को बैंकों की ऋण योजनाओं, बीमा योजनाओं, अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा डिजिटल बैंकिंग के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और अटल पेंशन योजना का लाभ उठाने की अपील भी की।
इससे पहले, संस्थान के निदेशक अजय कतना ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, ट्रेनरों, मूल्यांकनकर्ताओं और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर शिविर के मूल्यांकनकर्ता सोमदत्त शर्मा, नीलम राणा, फैकल्टी मैंबर संजय हरनोट, ट्रेनर पुष्पा देवी और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।