अनुपूरक मतदाता सूचियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अंतिम तिथि 28 मार्च: राहुल कुमार
आगामी पंचायती राज संस्थाओं के दृष्टिगत राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किये दिशा-निर्देश
बिलासपुर, 20 मार्च: जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायत राज संस्थाओं के आगामी सामान्य चुनावों के दृष्टिगत ऐसी पंचायतें जो गठन या पुनर्गठन या विभाजन की प्रक्रिया से प्रभावित नहीं हुई हैं तथा जिनकी अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन पहले ही किया जा चुका है, उनके लिए अनुपूरक मतदाता सूचियां तैयार करने के संदर्भ में खंड विकास अधिकारियों को पुनरीक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि तैयार मतदाता सूचियों का निरीक्षण संबंधित पंचायत कार्यालय अथवा खंड विकास अधिकारी कार्यालय में किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आयोग की वेबसाइट ीजजचेरूध्ध्ेमबीपउंबींसण्ीचण्हवअण्पद पर भी मतदाता सूची देखी जा सकती है। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है या किसी नाम को हटाने या संशोधित करने अथवा किसी अन्य त्रुटि के संबंध में आपत्ति दर्ज करनी हो, तो संबंधित व्यक्ति नियमानुसार प्रारूप 2, 3, 4 भरकर अपना दावा या आपत्ति 28 मार्च 2026 तक संबंधित कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार ऐसे मतदाता जिनकी आयु 1 अप्रैल 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, उन्हें भी अनुपूरक मतदाता सूची में शामिल किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बताया कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत करने में असमर्थ है, तो वह अपने परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। एक व्यक्ति केवल दो फार्म ही संबंधित कार्यालय में जमा या प्रस्तुत कर सकता है।
राहुल कुमार ने बताया कि अनुपूरक मतदाता सूचियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दर्ज करने की अंतिम तिथि 28 मार्च है जबकि दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 02 अप्रैल 6 तक तथा अपील प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि अपीलों का निपटारा 17 अप्रैल को किया जाएगा तथा अनुपूरक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 20 अप्रैल, 2026 या इससे पहले किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने में अपना योगदान दें।
==============================================
राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेेला के दौरान आयोजित कबड्डी मुकाबले में हरियाणा की टीम विजयी
मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने विजेताओं को किया सम्मानित
बिलासपुर, 20 मार्च: राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 के दौरान आयोजित महिला एवं पुरूष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा की टीमें विजेता बनीं। कबड्डी प्रतियोगिता के पुरूष वर्ग में हरियाणा की जैसर खेड़ी की टीम विजेता जबकि हिमाचल प्रदेश की कृष्णा अकादमी, भगेड़ टीम उपविजेता (रनरअप) रही। वहीं महिला वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा के जींद की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि कैथल (हरियाणा) की टीम उपविजेता रही।
इस अवसर पर राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त राज कुमार, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी उत्तम डोड, निदेशक राज्य सहकारी बैंक सुनील शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
=============================================
राज्य स्तरीय नलवाडी मेला 2026 में बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ शानदार आयोजन
ओपन सिंगल में मोहित तथा डबल्स में राहुल और अर्जुन की जोड़ी बनी विजेता
बिलासपुर, 19 मार्च: राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 के तहत आयोजित बैडमिंटन टूर्नामेंट के ओपन सिंगल प्रतियोगिता में मोहित विजेता तथा वंश उपविजेता बने। इसी तरह ओपन डबल्स में राहुल व अर्जुन की जोड़ी विजेता तथा मोहित व प्रिंस की जोड़ी उपविजेता रही।
इसी तरह अंडर 19 डबल्स वर्ग में रिधम और वंश की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते विजेता रही, जबकि हर्षित और दिशांत की जोड़ी उपविजेता बनी। 90़ प्लस डबल्स में कपिल और मनोज ने जीत हासिल की तथा अजितेश और ग्रुप कैप्टन आर.एस. राजपूत की जोड़ी उपविजेता रही। 80़ प्लस डबल्स मुकाबले में मनोज और पवन की जोड़ी ने बाजी मारी, जबकि अनिल और नवजोत की जोड़ी उपविजेता रही। 70़ प्लस डबल्स में कपिल और राहुल की जोड़ी विजयी हुई तथा राजकुमार व अजितेश की जोड़ी उपविजेता बनीं।
इस अवसर पर उपायुक्त के सहायक आयुक्त राज कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने इस आयोजन में भाग लेने के लिए सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हैं और क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और रोमांच से भरपूर रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने कहा कि इस पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
=================================================
निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित
बिलासपुर, 20 मार्च: सामाजिक न्याय एवम अधिकारिता विभाग के अंतर्गत निदेशालय अनुसूचित जाति अन्य पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्ष्मों का सशक्तिकरण द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, शिमला के सहयोग से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश सरकार के अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम निदेशालय के सहयोग से प्रधान मंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।
यह जानकारी देते हुए जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल ने बताया कि संस्थान द्वारा पात्र अभ्यर्थियों से दो प्रमुख पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रथम पाठ्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के मूल सिद्धांत पर आधारित है, जिसकी अवधि तीन माह (प्रतिदिन दो घंटे) निर्धारित की गई है तथा इसके लिए न्यूनतम योग्यता किसी भी विषय में स्नातक रखी गई है। द्वितीय पाठ्यक्रम ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग असिस्टेंट है, जिसकी अवधि भी तीन माह (प्रतिदिन चार घंटे) होगी और इसके लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं कक्षा पास निर्धारित है।
आवेदन हेतु अभ्यर्थी का अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना तथा हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया 12वीं एवं स्नातक अंकों की मेरिट के आधार पर की जाएगी, जिसमें बीपीएल श्रेणी के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। कुल सीटों में से 30 प्रतिशत सीटें महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की विशेषता यह है कि यह पूर्णतः निःशुल्क है तथा प्रशिक्षण अवधि के दौरान अभ्यर्थियों को प्रतिमाह दो हजार रूपये वजीफा भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी NIELIT शिमला की आधिकारिक वेबसाइट से http://nielit.gov.in/shimla आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं अथवा अपने संबंधित जिले के तहसील कल्याण अधिकारी, जिला कल्याण अधिकारी तथा NIELIT केंद्र बिलासपुर से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी तथा जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करवाने होंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
==================================================