सोलन -दिनांक 20.03.2026
उप मुख्यमंत्री 22 मार्च को सोलन ज़िला के प्रवास पर
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 22 मार्च, 2026 को सोलन ज़िला के नालागढ़ एवं दून उपमण्डल के प्रवास पर आ रहे हैं।
मुकेश अग्निहोत्री 22 मार्च, 2026 को प्रातः 10.00 बजे बद्दी के हनुमान चौक में आयोजित होने वाले ‘राज्य स्तरीय विश्व जल दिवस-2026’ समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
उप मुख्यमंत्री तदोपरांत दोपहर 02.30 बजे नालागढ़ के पीर स्थान में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी परिसर की आधारशिला रखेंगे।
मुकेश अग्निहोत्री इसी दिन सांय 03.30 बजे नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मलपुर में ट्यूबवेलों का शिलान्यास करेंगे। ===============================
नगर निगम सोलन के सभी वार्डों में मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम अधिसूचित
मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने के लिए अर्हता तिथि प्रथम अप्रैल, 2026 निर्धारित
नगर निगम सोलन की निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं उपमण्डल अधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर निगम सोलन के सभी वार्डों में मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम अधिसूचित किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अनुरूप मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने के लिए अर्हता तिथि प्रथम अप्रैल, 2026 निर्धारित की गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों में संशोधन प्राधिकरण के समक्ष दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की तिथि 28 मार्च, 2026 निर्धारित की गई है।
संशोधन प्राधिकरण द्वारा इन दावों एवं आपत्तियों का निपटारा 02 अप्रैल, 2026 तक किया जाएगा।
अपील प्राधिकरण के समक्ष 10 अप्रैल, 2026 तक अपील दायर की जा सकेगी। प्राधिकरण द्वारा 17 अप्रैल, 2026 तक अपीलों का निपटारा किया जाएगा।
अनुपूरक मतदाता सूचियां 20 अप्रैल, 2026 को अथवा इससे पूर्व अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी जाएंगी।
नगर निगम सोलन की निर्वाचन पंजीकरण एवं उपमण्डल अधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल ने नगर निगम सोलन के संशोधन प्राधिकरण एवं अतिरिक्त अथवा संयुक्त आयुक्त से इस सम्बन्ध में उचित कार्यवाही करने का आग्रह किया है।
मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन का यह कार्यक्रम निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुरूप जारी किया गया है।
==========================================
112 पदों के लिए 24 व 25 मार्च को होंगे कैंपस इंटरव्यू
मैसर्ज़ बीटा ड्रग्स लि. बद्दी में ऑफिसर आर.एफ., जूनियर ऑफिसर, सीनियर ऑफिसर व अन्य के 07 पद तथा मैसर्ज़ माइक्रोटेक न्यू टेक्नोलॉजीज प्रा. लि. बद्दी में एग्जीक्यूटिव, वायर कट ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, ऑपरेटर व अप्रेंटिस के 35 पदों पर भर्ती के लिए 24 मार्च, 2026 को उप रोज़गार कार्यालय बद्दी में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
मैसर्ज़ एस.आई.एस. लि. आर.टी.ए. हमीरपुर में सिक्योरटी गार्ड व सिक्योरटी सुपरवाईजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 25 मार्च, 2026 को उप रोज़गार कार्यालय अर्की में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे।
यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी।
जगदीश कुमार ने कहा कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, आई.टी.आई., फिटर, बी.फार्मा, बी.टेक इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, एम.बी.ए. एच.आर, बी.एस.सी., एम.एस.सी., माइक्रोबायोलॉजी व आयु 19 से 40 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन पदों की विस्तृत जानकारी आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. में प्राप्त कर सकते हैं। सभी योग्य एवं इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर कैंडिडेट लॉगइन टैब के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी रेजिस्ट्रेशन प्रोफाइल पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन करने से पूर्व प्रत्येक आवेदक का नाम रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है।
ज़िला रोज़गार अधिकारी ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता सम्बन्धी अनिवार्य प्रमाण पत्रों व दस्तावेज़ों सहित मॉडल कैरियर सेंटर, उप रोज़गार कार्यालय बद्दी नज़दीक गुरुद्वारा संडोली, ज़िला सोलन में 24 मार्च, 2026 तथा उप रोज़गार कार्यालय अर्की में 25 मार्च, 2026 को प्रातः 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के लिए कोई भी यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 98726-40412, 98169-28706 तथा 78328-91722 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
============================================
विश्व मौखिक दिवस आयोजित
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन के सौजन्य से एम.आर.ए.डी.ए.वी. स्कूल सोलन में विश्व मौखिक दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शालिनी पुरी ने की।
डॉ. शालिनी पुरी ने कहा कि हमे अपने शरीर के विभिन्न अंगों को साफ-सुथरा एवं स्वच्छ रखने के साथ-साथ अपने मुंह यानी दांतांे व मसूड़ो का भी अच्छे से ध्यान रखना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को रात को सोने से पूर्व व सुबह खाने के बाद सीधे, नरम व छोटेे ब्रिस्ल वाले टूथब्रश का प्रयोग करके दांत साफ करने चाहिए। उन्होंने कहा कि रंगीन टूथपेस्ट की अपेक्षा सफेद टूथपेस्ट का इस्तेमाल करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ब्रश करते समय एक व्यक्ति को टूथपेस्ट की मात्रा मटर के दाने के बराबर लेनी चाहिए व छोटे बच्चे के लिए ब्रश करते समय एक चावल के दाने के बराबर पेस्ट का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने मुंह के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए धूम्रपान, गुटखा, तंबाकू, चॉकलेट, चिप्स एवं अन्य तले हुए खाद्य पदार्थों का उपयोग कम से कम करें तथा खाने के बाद कुर्ला जरूर करें।
डॉ. शालिनी पुरी ने कहा कि स्नेक्स में फल, मेवा, काजू व बादाम इत्यादि का प्रयोग करें और जूस की जगह फल को प्राथमिकता दें।
इस अवसर पर एम.आर.ए.डी.ए.वी. स्कूल सोलन की प्रधानाचार्य मासूमा सिंघा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की बीसीसी समन्वयक राधा चौहान, एम.आर.ए.डी.ए.वी. स्कूल के अध्यापक व छात्र उपस्थित थे।
============================================
नगर निगम सोलन के सभी वार्डों में मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण 28 मार्च, 2026 तक
नगर निगम सोलन के सभी 17 वार्डों की मतदाता सूचियों में नाम सम्मिलित करने, नाम कटवाने व शुद्धिकरण के लिए 28 मार्च, 2026 तक विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम किया जा रहा है। यह जानकारी नगर निगम सोलन के संयुक्त आयुक्त चेतन चौहान ने दी।
चेतन चौहान ने कहा कि मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने के लिए अर्हता तिथि प्रथम अप्रैल, 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता अपना नाम दर्ज करने के लिए फार्म नम्बर 04 व नाम कटवाने व शुद्धि के लिए फार्म नम्बर 5 व फार्म नम्बर 6 पर आवेदन कर सकते हैं।
संयुक्त आयुक्त ने पात्र मतदाताओं से आग्रह किया कि मतदाता सूचियों का निरीक्षण कर अपना नाम सम्बन्धित वार्ड की मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए नगर निगम सोलन के कार्यालय में 28 मार्च, 2026 तक आवेदन करना सुनिश्चित बनाएं।
=======================================
संशोधित नियमों के साथ पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी: सीमा गुलेरिया
धर्मशाला, 20 मार्च : उप निदेशक पशुपालन सीमा गुलेरिया ने पशुपालन विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा अधिसूचित पशु मित्र नीति-2025 के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि पशु मित्र का कार्य अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण होता है, जिसमें बड़े पशुओं जैसे गाय, भैंस और घोड़ों का प्रबंधन, बीमार पशुओं की देखभाल, लगभग 25 किलोग्राम तक वजन वाले पशुओं को संभालना तथा 50 किलोग्राम तक चारे के बैग का परिवहन शामिल है। इन कार्यों के लिए न्यूनतम शारीरिक क्षमता और सहनशक्ति आवश्यक है, ताकि कार्यकर्ता और पशुधन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि नीति के तहत निर्धारित शारीरिक परीक्षण किसी प्रकार की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक कार्यात्मक फिटनेस आकलन है, जिसका उद्देश्य केवल उम्मीदवारों की न्यूनतम कार्य क्षमता का परीक्षण करना है। यह सभी अभ्यर्थियों पर समान रूप से लागू होता है और इसका उद्देश्य किसी भी वर्ग को हतोत्साहित करना नहीं है।
उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 315 अभ्यर्थियों के शारीरिक परीक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं और किसी भी अभ्यर्थी के घायल होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। विभाग द्वारा परीक्षण स्थलों पर सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं।
सीमा गुलेरिया ने कहा कि राज्य सरकार ने मामले की व्यापक समीक्षा के बाद चयन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं स्पष्ट बनाने के उद्देश्य से 6 मार्च 2026 की अधिसूचना के माध्यम से कुछ प्रावधानों में संशोधन किया है। इसके तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 5000 मीटर दौड़ 30 मिनट में पूरी करनी होगी जबकि महिला अभ्यर्थियों को 1500 मीटर दौड़ 10 मिनट में पूरी करनी होगी। इसके अलावा जो अभ्यर्थी पहले आयोजित शारीरिक परीक्षण में सफल हो चुके हैं, उन्हें संशोधित नीति के तहत भी योग्य माना जाएगा। जो अभ्यर्थी पहले सफल नहीं हो सके, उन्हें नए प्रारूप के तहत फिर से अवसर प्रदान किया जाएगा।
उप निदेशक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पारदर्शी, सुरक्षित और न्यायसंगत भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों का चयन हो सके और पशुपालन क्षेत्र को मजबूती मिले।
======================================================
*स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करें : अतिरिक्त उपायुक्त *
ऊना, 20 मार्च- अतिरिक्त उपायुक्त, महेन्द्र पाल गुर्जर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह निर्देश शुक्रवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के तहत प्रायोजित स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यो पर भी चर्चा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत वित्त वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत कार्यों के लक्ष्य को लगभग पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष बचे कार्यों को 31 मार्च, 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ग्रे वाटर मैनेजमेंट में जिला के ऊना ब्लॉक में 13 ग्राम पंचायतों 47,88, 700 रुपये, ठोस कचरा प्रबंधन के अंतर्गत ऊना ब्लॉक की 24 ग्राम पंचायतों के लिए 14 लाख 42 हजार रुपये, व्यक्तिगत घरेलू शौचालय के अंतर्गत विकास खण्ड अम्ब, बंगाणा, गगरेट, हरोली और ऊना में प्रत्येक विकास खण्ड में 240-240 शौचालय निर्मित करने का लक्ष्य निधारित किया गया जिसको पूर्ण करने पर 1.44 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वच्छता परिसर के अंतर्गत सभी विकास खण्डों में 150 कार्यों के लक्ष्य के मुकाबले 108 कार्यों पर 3.24 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला के ऊना विकास खण्ड की ग्राम पंचायत अजौली, अम्ब विकास खण्ड की पंचायत धधड़ी, हरोली की पंचायत पंडोगा और बंगाणा में मुच्छाली में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, उनका लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए आपसी सहयोग से कार्य करने को कहा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के माध्यम से ऊना जिला विकास के मामले में प्रदेश का अग्रणी जिला बने।