पंचायतों की अनुपूरक मतदाता सूची में 28 मार्च तक करवा सकते हैं नाम दर्ज- अपूर्व देवगन
मंडी, 20 मार्च। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के अंतर्गत मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं की समस्त पंचायतों की अनुपूरक मतदाता सूचियों को अद्यतन किया जाना है। अनुपूरक मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करने के लिए एक अप्रैल, 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूचियां तैयार करने का कार्यक्रम अधिसूचित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी के पास दावे और आक्षेप 28 मार्च, 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी द्वारा दावे और आक्षेप का निपटारा 02 अप्रैल, 2026 तक किया जाएगा। पुनर्निरीक्षण प्राधिकारी द्वारा जारी आदेशों के सात दिनों के भीतर 10 अप्रैल, 2026 तक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के सम्मुख अपील प्रस्तुत की जा सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा अपील प्रस्तुत करने के सात दिनों के भीतर 17 अप्रैल, 2026 तक अपील का निपटारा किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि अनुपूरक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 20 अप्रैल, 2026 तक या इससे पूर्व किया जा सकेगा।
उपायुक्त ने मंडी जिला की पुनर्गठित एवं नवगठित पंचायतों को छोड़कर अन्य सभी पंचायतों के सर्वसाधारण को सूचित किया है कि यदि किसी व्यक्ति को उनकी पंचायत की मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करना हो या कोई दावा या आक्षेप हो तो, संबंधित विकास खंड के पुनर्निरीक्षण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत के पंचायत सचिव से सम्पर्क कर सकते हैं। दावे या आक्षेप प्रस्तुत करने के लिए निर्धारित प्रपत्र इन कार्यालयों में निःशुल्क उपलब्ध होंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला मंडी की पुनर्गठित एवं नवगठित पंचायतों को छोड़कर अन्य समस्त ग्राम पंचायतों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 03 फरवरी, 2026 को प्रकाशित कर दिया गया है। यदि किसी मतदाता का नाम किन्हीं कारणों से 03 फरवरी, 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचन नामावली में अंकित नहीं है, तो वह संबन्धित विकास खण्ड कार्यालय में जारी कार्यक्रम अनुसार निर्धारित तिथि तक वांछित दस्तावेजों सहित व्यक्तिगत रूप में उपस्थित होकर अनुपूरक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं।
=============================================
*जिला स्तरीय समिति की बैठक में 251 प्रकरणों को मिली स्वीकृति, उपायुक्त ने की अध्यक्षता*
*मंडी, 20 मार्च।* उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आज यहां प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिककरण योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के उपरांत कुल 251 प्रकरणों को समिति द्वारा अनुमोदित किया गया, जिससे जिले में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को सुदृढ़ बनाने तथा नए उद्यम स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति सुनिश्चित हुई है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि मंडी जिला वर्तमान में प्रदेश में इस योजना के क्रियान्वयन में तीसरे स्थान पर है, जो एक सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय और सुदृढ़ करें। साथ ही लंबित मामलों का शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा एवं उद्यमी इस योजना से जुड़कर स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि नए मामलों को समय पर स्वीकृति मिले, इसके लिए भी निर्धारित समय सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से जिले के दूर-दराज क्षेत्रों तक योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया।
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र, मंडी की महाप्रबंधक नेहा चौहान ने योजना की वर्तमान स्थिति, प्राप्त आवेदनों, उनकी प्रगति तथा बैंक स्तर पर स्वीकृति की स्थिति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 35 प्रतिशत तक क्रेडिट-लिंक्ड सब्सिडी (अधिकतम ₹10 लाख) प्रदान की जाती है, जिससे सूक्ष्म उद्यमियों को अपने व्यवसाय के आधुनिकीकरण एवं स्थापना में सहायता मिलती है।
बैठक में जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) गोपीचंद पाठक, जिला कृषि अधिकारी गोपाल चंद, बागवानी विभाग की एसएमएस प्रिया गौतम, विकास खंड अधिकारी सदर सुरेन्द्र कुमार, लीड बैंक प्रबंधक चंद्र प्रकाश, डीडीएम नाबार्ड राकेश वर्मा तथा स्वयं सहायता समूह की सदस्य दमा देवी, एफपीओ निदेशक मंडल सदस्य निशा देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।
==============================
जिला परिषद मंडी के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन
मंडी, 20 मार्च। उपायुक्त अपूर्व देवगन की ओर से आज जिला मण्डी की विभिन्न ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन/विभाजन के उपरान्त जिला परिषद मण्डी के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला मण्डी में ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन/विभाजन के उपरान्त जिला परिषद मण्डी के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के लिए 16 मार्च, 2026 को जारी प्रारूप अधिसूचना के संबंध में प्राप्त आक्षेपों और सुझावों पर विचार कर उनका निपटारा करने के उपरान्त जनसाधारण की जानकारी के लिए अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इस सूची का अवलोकन मण्डी जिला प्रशासन की बेवसाईट https://hpmandi.nic.in पर किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के नियम 10 के अधीन यदि किसी को जिला परिषद मण्डी के निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के संबध में कोई आक्षेप या सुझाव हों तो वह अंतिम प्रकाशन के जारी होने के दस दिनों के भीतर मण्डलायुक्त मण्डी को प्रस्तुत कर सकता है।
===========================
11 अप्रैल को होगी जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026, वेबसाइट से डाउनलोड करें प्रवेश पत्र
मंडी, 20 मार्च। जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में सत्र 2026-27 में कक्षा छठी में दाखिले के लिए जिन बच्चों ने पंजीकरण किया है, उनके लिए जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026, (JNVST-2026) 11 अप्रैल, 2026 (शनिवार) को सुनिश्चित की गई है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.डी. शर्मा ने आज यहां बताया कि परीक्षा के लिए ऑनलाइन प्रवेश-पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया आरम्भ हो गई है। उन्होंने प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करने वाले बच्चों के अभिभावकों एवं अध्यापकों से अनुरोध किया है कि वे अपने बच्चों के प्रवेश-पत्र नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdminCard/Admit26Card से डाउनलोड कर सकते हैं। साथ ही सभी अभिभावकों से यह भी अनुरोध किया है कि 11 अप्रैल, 2026 (शनिवार) को होने वाली परीक्षा के लिए अपने बच्चों के प्रवेश-पत्र और आधार कार्ड के साथ परीक्षा केन्द्रों पर तय समय से पहले उपस्थिति सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 9805319303, 9816999573, 7500741897 तथा 01905-282046 पर किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 9:00 बजे से 4:00 बजे तक सम्पर्क कर सकते हैं।
=============================================
*सदर क्षेत्र में घर-घर जाकर बांटे औषधीय महत्व के अश्वगंधा के पौधे*
*मंडी, 20 मार्च।* अश्वगंधा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश में प्रजाति-विशेष राष्ट्रीय जागरूकता अभियान “अश्वगंधा: एक स्वास्थ्य-वर्द्धक औषधीय पौधा” परियोजना का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, थुनाग, (स्थित गोहर–गुडाहरी) द्वारा मंडी जिले के सदर क्षेत्र की ग्राम पंचायत तुंग, नसलोह, सेहली एवं सदयाणा सहित विभिन्न पंचायतों में घर-घर जाकर अश्वगंधा के पौधों तथा इसके औषधीय महत्व से संबंधित प्रचार सामग्री का वितरण किया गया।
अभियान से जुड़ीं वैज्ञानिक एवं मुख्य अन्वेषक डॉ. यौर्मिला तथा डॉ. गरिमा ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से स्थानीय लोगों को अश्वगंधा की उपयोगिता, स्वास्थ्य लाभ एवं इसकी वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक किया गया। इससे किसानों को आय के नए अवसर प्राप्त होने के साथ ही उन्हें औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धद्न के लिए भी प्रेरित किया गया।
==========================================