धर्मशाला, 18 सितंबर: दुर्गेश्वर महादेव डल झील मेले के उपक्ष्य में शुक्रवार को एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता का संदेश देने के लिए वाॅकथाॅन का आयोजन किया गया। वाॅकथाॅन का नेतृत्व उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने किया।
टेंगल मोड़ से डलझील तक आयोजित इस वाॅकथाॅन में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में नशा-विरोधी संदेश लिखी तख्तियाँ लेकर और नशे के विरुद्ध नारे लगाते हुए पैदल यात्रा करके समाज को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को एंटी चिट्टा अभियान तथा नशीले पदार्थों से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से संकल्प लेने का आहवान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने साथियों, परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान को प्रभावी बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार अथवा प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदाय को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से खेल, शिक्षा तथा रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आहवान किया।
पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने भी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार और नशीले पदार्थों के सेवन को रोकने के लिए पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। नशे के कारोबार में संलप्ति लोगों की सम्पत्तियों को नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी पुलिस तक पहुंचाने तथा नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने नशे की रोकथाम से संबंधित कडे़ कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी।
वाॅकथाॅन के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने वाले नारों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। डल झील मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आहवान किया गया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर तथा एसडीएम धर्मशाला मोहित रतन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, शिक्षक, विद्यायार्थी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।