एफसीए मामलों की समीक्षा को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
प्रेस क्लब भवन तथा घुमारवीं केंद्रीय विद्यालय के निर्माण कार्यों को मिली सैद्धांतिक मंजूरी
बिलासपुर, 18 सितम्बर: उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन में विभिन्न विभागों से संबंधित वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) मामलों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित एफसीए मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि बिलासपुर जिला मुख्यालय में प्रेस क्लब भवन के निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों को भवन निर्माण से संबंधित आगामी आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं में केंद्रीय विद्यालय भवन के निर्माण के लिए भी स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के तहत आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि भवन निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
बैठक में एम्स कोठीपुरा में ट्रांसमिशन लाइन निर्माण से संबंधित एफसीए मामले की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने तथा नियमानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि एफसीए से संबंधित मामलों में आवश्यक दस्तावेज एवं औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूरी करते हुए स्वीकृतियां शीघ्र प्राप्त करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े एफसीए मामलों के शीघ्र निस्तारण से विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आमजन को इनका लाभ समय पर सुनिश्चित किया जा सकेगा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर, वन, शिक्षा, जलशक्ति, लोक निर्माण, पुलिस, उद्योग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
=========================================
भाखड़ा तथा नकराणा स्कूलों में करियर काउंसलिंग एवं विभागीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विद्यार्थियों को करियर, रोजगार, कौशल विकास एवं सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
बिलासपुर, 18 सितंबर: जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के माध्यम से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भाखड़ा तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नकराणा में करियर काउंसलिंग सत्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने स्कूल के विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, आवश्यक योग्यता तथा संबंधित क्षेत्रों में प्रवेश की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्रदान की।
जिला रोजगार अधिकारी राजेश मैहता ने श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग द्वारा विद्यार्थियों को उनके रुचि एवं क्षमता के अनुरूप उपयुक्त करियर विकल्प चुनने में मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाते हैं। साथ ही विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाती है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग, जिला रोजगार कार्यालय, उपभोक्ता मामले एवं विधिक माप विज्ञान विभाग, आयुष विभाग तथा यूको आरसेटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग से अनुसंधान ललित शर्मा, जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर से दीपांशु शर्मा, रोजगार कार्यालय घुमारवीं के प्रभारी नरेश, उपभोक्ता मामले एवं विधिक माप विज्ञान विभाग से सहायक नियंत्रक प्रवीण सीउटा, यूको आरसेटी से विजय धीमान तथा आयुष विभाग से डॉ. गगन एवं डॉ. कुलदीप ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को विभागों की कार्यप्रणाली, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं, रोजगार के अवसरों, कौशल विकास तथा विभिन्न करियर क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने, आवश्यक कौशल विकसित करने तथा शिक्षा के साथ-साथ रोजगार की बदलती आवश्यकताओं को समझने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का संदेश भी दिया गया।
========================================
लावारिस पशुओं को सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाने के लिए पंचायतों से सहयोग का आह्वान
बिलासपुर 18 सितम्बर: खण्ड विकास अधिकारी, विकास खण्ड सदर बिलासपुर विजय कुमार ने बताया कि विकास खण्ड सदर की समस्त ग्राम पंचायतों में लावारिस पशुओं को पशुपालन विभाग के सहयोग से सुरक्षित एवं उचित तरीके से कैटल सेंचुरी, सदर नालागढ़ भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य लावारिस पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सड़कों पर पशुओं के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं को कम करना है।
उन्होंने समस्त ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में विशेष ध्यान रखें कि कोई भी व्यक्ति अपने पशुओं को सड़कों पर लावारिस न छोड़े। यदि किसी व्यक्ति द्वारा पशुओं को लावारिस छोड़ने का मामला सामने आता है तो इसकी सूचना संबंधित कार्यालय को उपलब्ध करवाएं।
खण्ड विकास अधिकारी ने पंचायत प्रतिनिधियों से यह भी आग्रह किया है कि लावारिस पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने के लिए चलाए जा रहे अभियान में प्रशासन एवं पशुपालन विभाग को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि लावारिस पशुओं को उचित एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध करवाया जा सके।