हमीरपुर 11 सितंबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शुक्रवार को हमीरपुर के निकटवर्ती गांव हरनेड़ में हिम कृषि योजना के तहत लगभग 10.17 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना का उदघाटन किया।
इस अवसर पर सभी गांववासियों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस योजना से गांव की लगभग 80 कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी और इससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। विशेषकर, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और इसके माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती से तैयार होने वाली गेहूं, मक्की, हल्दी और जौ के लिए अलग से उच्च मूल्य घोषित किए हैं। हिमाचल प्रदेश इस तरह की व्यवस्था करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इसी योजना के तहत गांव हरनेड़ को प्राकृतिक खेती के लिए आदर्श गांव घोषित किया गया है। इसके लिए सभी गांववासी बधाई के पात्र हैं। गत साढे तीन वर्षों के दौरान जिला हमीरपुर के लिए मंजूर की गई बड़ी परियोजनाओं की चर्चा करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जोल सप्पड़ में बन रहे मेडिकल कालेज के नए परिसर में मेडिकल कालेज अस्पताल के अलावा एक अलग मातृ-शिशु अस्पताल, नर्सिंग कालेज, डेंटल कालेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कालेज, कैंसर केयर संस्थान और अन्य संस्थानों का प्रावधान भी किया है। इससे यह संस्थान उत्तर भारत के बेहतरीन चिकित्सा एवं मेडिकल शिक्षण संस्थानों में शामिल होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के लिए प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा, हैलीपोर्ट और कई अन्य बड़ी परियोजनाएं मंजूर की हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने गांववासियों से मुख्यमंत्री के चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि गांव के लिंक रोड एवं रास्तों की मरम्मत और पुराने कुएं के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि का प्रावधान करवाया जाएगा।
इस अवसर पर कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. डीडी शर्मा और आतमा परियोजना हमीरपुर के परियोजना निदेशक राकेश धीमान ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया तथा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक खेती में गांव हरनेड़ की उपलब्धियों से भी अवगत करवाया।
कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, गांव के प्रगतिशील किसान ललित कालिया, कृषि विभाग और आतमा परियोजना के अधिकारी, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य किसान भी उपस्थित थे।