उपायुक्त ने बताया कि जिला कांगड़ा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 12,903 बालिकाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। शेष पात्र बालिकाओं का पंजीकरण भी शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 75 विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
धर्मशाला, 28 फरवरी: जिला कांगड़ा में किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ शनिवार को क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला के काॅन्फ्रेंस हाॅल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने की।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने सभी संबंधित विभागों, संस्थाओं तथा आमजन से इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील की, ताकि जिले में अधिकतम लाभार्थियों तक टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभिभावकों और छात्राओं को टीके के महत्व, प्रक्रिया और सुरक्षा संबंधी जानकारी सरल एवं स्पष्ट रूप में मिल सके तथा किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर हो।
उपायुक्त ने बताया कि जिला कांगड़ा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 12,903 बालिकाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। शेष पात्र बालिकाओं का पंजीकरण भी शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 75 विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सामान्यतः यह वैक्सीन बाजार में लगभग 10 हजार रुपये की है, जबकि सरकार द्वारा इसे पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर, जो कैंसर से होने वाली मृत्यु का एक प्रमुख कारण है, की रोकथाम की दिशा में अत्यंत प्रभावी कदम है।
उपायुक्त ने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों तथा समुदाय के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे पात्र बालिकाओं का समय पर प्री-रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें और इस अभियान को सफल बनाएं। निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह जीवनरक्षक टीका निःशुल्क लगाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा आईजीएमसी शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, जिसके साथ ही राज्यव्यापी कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी विवेक करोल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी आरके सूद, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अशोक कुमार, जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, आईएमए तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
=========================================
धर्मशाला नगर निगम में 80 प्रतिशत संपत्ति सर्वेक्षण कार्य पूरा, शेष के लिए जन सहयोग जरूरी: आयुक्त नगर निगम
धर्मशाला, 28 फरवरी: आयुक्त नगर निगम जफर इकबाल ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला नगर निगम द्वारा संपत्ति कर की वसूली इकाई क्षेत्र मूल्य (यूएवी) पद्धति के अनुसार की जा रही है, जिसे 17 मार्च 2020 को हिमाचल प्रदेश राजपत्र में अधिसूचित एवं प्रकाशित किया गया था।
इस संबंध में धर्मशाला नगर निगम द्वारा एजीआईएसएसी शिमला के माध्यम से घर-घर जाकर व्यापक संपत्ति सर्वेक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य संपत्ति कर के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायसंगत निर्धारण हेतु सटीक एवं अद्यतन संपत्ति संबंधी आंकड़े एकत्रित करना है। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में संपत्ति कर से संबंधित लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
आयुक्त ने कहा कि संपत्ति कर प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक जनहित में सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। नगर निगम उन नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करता है जिन्होंने सर्वेक्षण टीमों को पूर्ण सहयोग एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई है। इस प्रकार की जनभागीदारी सराहनीय है तथा संपत्ति कर प्रणाली के सफल कार्यान्वयन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नगर निगम धर्मशाला के समस्त नागरिकों से अनुरोध है किया कि वे घर-घर जाकर संपत्ति सर्वेक्षण कर रही टीम के साथ पूर्ण सहयोग करें तथा 15 मार्च 2026 से पूर्व आवश्यक जानकारी अवश्य उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सर्वेक्षण के दौरान अपेक्षित जानकारी प्रदान करने में असहयोग करता है या जानकारी देने से इनकार करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।